Last Updated:
Allahabad Latest News: चलती ट्रेन, फिसलता पैर और सामने मंडराती मौत. प्रयागराज के सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन पर एक महिला के साथ ऐसा हादसा हुआ, जिसे देखकर किसी की भी सांसें थम जाएं. महिला संगम एक्सप्रेस में चढ़ने की कोशिश कर रही थी. तभी उसका संतुलन बिगड़ा और वह ट्रेन के नीचे जाने लगी. लेकिन मौके पर मौजूद आरपीएफ कांस्टेबल प्रभाकर दुबे ने अपनी जान की परवाह किए बिना उसे बचा लिया.
यात्री महिला की जान बची.
प्रयागराज: रेलवे स्टेशन पर ट्रेन पकड़ने की जल्दबाजी कभी-कभी जान पर भारी पड़ सकती है. ऐसा ही कुछ प्रयागराज के सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन पर देखने को मिला. यहां चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रही एक महिला का अचानक पैर फिसल गया. वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिरने लगी. कुछ ही सेकंड में बड़ा हादसा हो सकता था, लेकिन तभी ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ के एक जवान ने अपनी सूझबूझ और बहादुरी से महिला की जान बचा ली.
घटना सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक की है. शुक्रवार शाम करीब 5:50 बजे ट्रेन नंबर 14163 अप संगम एक्सप्रेस रवाना हो रही थी. इसी दौरान एक महिला यात्री जनरल कोच में चढ़ने की कोशिश करने लगी. ट्रेन चल चुकी थी, तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह प्लेटफॉर्म तथा ट्रेन के बीच बने गैप में गिरने लगी.
महिला को इस हालत में देखकर वहां मौजूद लोगों के होश उड़ गए. खतरा सामने था और समय बेहद कम था. इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ कांस्टेबल प्रभाकर दुबे की नजर महिला पर पड़ी. उन्होंने एक पल की भी देरी नहीं की. अपनी जान की परवाह किए बिना वह तुरंत महिला की तरफ दौड़े.
प्रभाकर दुबे ने तत्परता दिखाते हुए महिला को पकड़ लिया और ट्रेन के नीचे जाने से पहले सुरक्षित बाहर खींच लिया. उनकी फुर्ती और सही समय पर लिए गए फैसले से एक बड़ा हादसा टल गया. कुछ ही सेकंड की इस घटना में जवान की बहादुरी ने एक महिला को नई जिंदगी दे दी. बचाई गई महिला की पहचान 35 वर्षीय रूप के रूप में हुई है. वह वीरेंद्र कुमार की पत्नी हैं और सोनभद्र जिले के चूर्ग मोड़ थाना क्षेत्र की रहने वाली हैं. उन्हें सूबेदारगंज से मेरठ जाना था. वह संगम एक्सप्रेस के जनरल कोच में सफर करने वाली थीं.
घटना के बाद स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने आरपीएफ जवान प्रभाकर दुबे की बहादुरी की सराहना की. उनकी सूझबूझ से महिला सुरक्षित बच गई. यह घटना एक बार फिर बताती है कि रेलवे सुरक्षा बल के जवान हर समय यात्रियों की सुरक्षा के लिए मुस्तैद रहते हैं. साथ ही यह भी जरूरी है कि यात्री कभी चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने की कोशिश न करें. कुछ मिनट बचाने की जल्दबाजी जिंदगी भर का नुकसान बन सकती है.