Last Updated:
Siwan News: छठ के संध्या अर्घ्य को लेकर सीवान में आज सड़कों पर भारी भीड़ उमड़ने वाली है. घाटों पर व्रतियों और श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने 24 घंटे का ट्रैफिक प्लान लागू किया है. 15 नवंबर सुबह 10 बजे से 16 नवंबर सुबह 10 बजे तक शहर में बड़े और भारी वाहनों की एंट्री बंद रहेगी. गोपालगंज, पटना और मैरवा की ओर जाने वाले वाहनों के लिए रूट भी बदल दिया गया है. जानिए सीवान में कहां से मिलेगी एंट्री और किन रास्तों से गुजरेंगे वाहन.
सीवान में ट्रैफिक प्लान बदला.
सीवानः छठ को लेकर सीवान में भक्ति और उत्साह का माहौल है. आज छठ पूजा का तीसरा दिन है. शाम को व्रती डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगी. इसे देखते हुए घाटों पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुटने की उम्मीद है. ऐसे में शहर की यातायात व्यवस्था को संभालने के लिए जिला प्रशासन ने ट्रैफिक प्लान में बदलाव किया है. प्रशासन ने 15 नवंबर की सुबह 10 बजे से 16 नवंबर की सुबह 10 बजे तक शहर में बड़े और भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी. इस दौरान कई रास्तों पर वाहनों का रूट डायवर्ट रहेगा.
प्राइवेट वाहनों को मिलेगी छूट
गोपालगंज मोड़ की ओर से आने वाले वाहन हाईवे के रास्ते पटना की तरफ जाएंगे. वहीं, पटना की ओर से आने वाले वाहन रेलवे स्टेशन ओवरब्रिज और रेनुआ होते हुए मैरवा की तरफ निकलेंगे. छठ व्रतियों की सुविधा को देखते हुए प्रशासन ने निजी वाहनों के प्रवेश पर रोक नहीं लगाई है. हालांकि, लोगों से अपील की गई है कि वे अपने वाहन तय पार्किंग स्थल पर ही खड़े करें. बारात में शामिल होकर निजी वाहनों से आने वाले लोगों के लिए भी पार्किंग की व्यवस्था की गई है. वहीं, बुजुर्ग व्रतियों को घाट के पास तक वाहन ले जाने की छूट दी गई है, ताकि उन्हें आने-जाने में परेशानी न हो.
घाटों पर भीड़ को देखते हुए फैसला
सीवान शहर में पुलिया घाट, शिव व्रत छठ घाट, महादेव छठ घाट समेत कई प्रमुख घाट हैं. यहां शाम को अर्घ्य देने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे. ऐसे में जाम और अव्यवस्था से बचने के लिए प्रशासन ने यह फैसला लिया है. ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे तय रूट का पालन करें और पार्किंग को लेकर जारी निर्देशों का ध्यान रखें.