Last Updated:
Mecca Flash Flood: मुस्लिम लोगों के पवित्र शहर मक्का पर इस वक्त कुदरत का प्रकोप दिखाई दिया है. यहां पर अचानक हुई तेज बारिश के बाद फ्लैश फ्लड आ गया और इलाके की सड़कें पानी-पानी हो गईं. तेज बहाव के साथ-साथ लहरें बनती हुई दिख रही हैं और तीर्थयात्रा पर आए हुए लोगों को परेशानी भी हो रही है.
मक्का में आया फ्लैश फ्लड.(फोटो क्रेडिट- एक्स)
Mecca Flash Flood: सऊदी अरब के पवित्र शहर मक्का में प्रकृति ने अपना कोप दिखाया है. यहां पर 14 नवंबर 2026 को हुई मूसलाधार बारिश के बाद अचानक बाढ़ जैसे हालात बन गए. कुछ ही देर में सड़कों पर पानी भर गया और कई जगहों पर तेज बहाव भी देखने को मिला. मक्का के अल जुरानाह इलाके में बारिश का असर सबसे ज्यादा दिखाई दिया, जहां सड़कों पर मटमैला पानी तेजी से बहता नजर आया. इसके बहुत सारे वीडियो भी सामने आए, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. वीडियो में इमारतों और दुकानों के आसपास पानी की तेज धारा बहती हुई नजर आ रही है.
आपको बता दें कि सऊदी अरब के राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (NCM) ने पहले ही 10 से 14 नवंबर तक देश के कई हिस्सों में बारिश और तूफान को लेकर अलर्ट जारी किया था. मौसम विभाग के अलर्ट के मुताबिक मक्का, जेद्दा, मदीना, रियाद, जाजान, असिर और पूर्वी प्रांत समेत कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना थी. 14 नवंबर को मक्का शहर, अल जुमूम, अल कामिल और ताइफ में तेज बारिश का अनुमान जताया गया था, जो बिल्कुल सही निकला.
नागरिकों और उमराह यात्रियों के लिए अलर्ट
सऊदी अरब में खराब मौसम को देखते हुए सिविल डिफेंस ने मक्का और अल जुमूम समेत कई इलाकों में रेड अलर्ट जारी किया था. इसके साथ ही अचानक बाढ़, ओलावृष्टि और 60 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी भी दी गई थी. फिलहालल प्रशासन ने लोगों को निचले इलाकों, घाटियों और पानी के तेज बहाव वाले रास्तों से दूर रहने की सलाह दी है.
पहले भी आ चुकी है बाढ़
आपको बता दें कि अक्टूबर, 2026 में भी मक्का में फ्लैश फ्लड की घटना हुई थी. उस दौरान तीन बच्चे पानी में बह गए थे. इनमें एक की मौत हो गई थी, जबकि एक बच्चा लापता हो गया था. पहाड़ियों से घिरे होने की वजह से मक्का के कुछ निचले इलाकों में बारिश का पानी तेजी से जमा होता है. ऐसे में अचानक बाढ़ का खतरा बढ़ जाता है. प्रशासन ने स्थानीय लोगों के साथ उमराह यात्रियों से भी अपील की है कि वे मौसम विभाग के अपडेट पर नजर रखें और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें. अगले हफ्ते में भी अभी कुछ क्षेत्रों में बारिश जारी रहने की संभावना जताई गई है.