Last Updated:
MP Weather Today: मध्य प्रदेश में ठंड का असर तेज होने लगा है. पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के चलते ठंडी हवाएं एमपी में पहुंच रही हैं. इसमें राजधानी भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर, इंदौर समेत 20 बड़े शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों में रात के तापमान लगातार गिरावट देखने को मिल सकती है.
प्रदेश में धीरे-धीरे तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है. (सांकेतिक तस्वीर)
जबलपुर. मध्य प्रदेश (MP Cold Waves) में अब सर्दी का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है. जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी हिस्सों में हो रही बारिश और बर्फबारी का असर एमपी के मौसम पर भी दिखने लगा है. उत्तर दिशा से आ रही ठंडी हवाओं के चलते रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है. हालात यह हैं कि राज्य के 20 बड़े शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है. भोपाल स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 14 नवंबर को प्रदेश में आंधी-बारिश का कोई अलर्ट नहीं था, जो आज 15 नवंबर को भी बना हुआ है. वहीं राजस्थान के बीकानेर में 14 और 15 नवंबर को पश्चिमी विक्षोभ के चलते बारिश की संभावना जताई गई. इसके बाद ठंडी हवाओं का असर मध्य प्रदेश में बढ़ सकता है. ऐसे में आने वाले दिनों में प्रदेशवासियों को सुबह और रात के समय ज्यादा ठंड महसूस होगी, इसलिए लोगों को सलाह दी गई है कि सुबह जल्दी घर से निकलते समय गर्म कपड़े जरूर पहनें.
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में अनूपपुर जिले का अमरकंटक प्रदेश में सबसे ठंडा रहा. यहां न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस खंडवा में रिकॉर्ड किया गया. वहीं इंदौर में पारा 11.2 डिग्री और भोपाल में 12.3 डिग्री सेल्सियस रहा. खास बात यह है कि प्रदेश के इकलौते हिल स्टेशन पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री दर्ज किया गया यानी भोपाल और इंदौर में पचमढ़ी से भी ज्यादा ठंड महसूस की जा रही है.
अगले पांच दिनों में और बढ़ेगी ठंड
मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले पांच दिनों में मध्य प्रदेश के न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक की और गिरावट दर्ज की सकती है. इससे सुबह और रात के समय ठंड बढ़ने की संभावना है. नवंबर माह में राज्य के कई हिस्सों में सर्दी का असर और तेज हो सकता है.
ग्वालियर-चंबल में बढ़ेगी ठिठुरन
उत्तर दिशा से आने वाली सर्द हवाओं का सबसे ज्यादा असर ग्वालियर-चंबल में देखने को मिल सकता है. यहां रात के तापमान में तेजी से गिरावट होने की संभावना बन रही है. सुबह के समय कुछ इलाकों में हल्की धुंध भी छा सकती है. मौसम विभाग ने लोगों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है.