छठ में रेल यात्रियों का बुरा हाल, बाथरूम जाने तक नहीं मिलती जगह, गमछा बांधकर सफर करने को मजबूर हैं बिहार के लोग

छठ में रेल यात्रियों का बुरा हाल, बाथरूम जाने तक नहीं मिलती जगह, गमछा बांधकर सफर करने को मजबूर हैं बिहार के लोग


Last Updated:

छठ पर्व का बिहार में बड़ा महत्व है. इस त्योहार पर बिहार के सभी लोग अपने गांव-घर पहुंचना चाहते हैं और वहां अपने माता-पिता, बीवी-बच्चों और अपनों के साथ त्योहार का आनंद लेना चाहते हैं. वापस लौट रहे लोगों को ट्रेनों में सीट नहीं मिल रही है और इससे लोग ट्रेन में लटककर औऱ गमछा बांधकर सफर करने को मजबूर हैं.

मुजफ्फरपुर: बिहार में धूमधाम से छठ पर्व मनाया जा रहा है. अपने परिजनों के साथ छठ मनाने के लिए दूसरे शहरों और राज्यों में रहने वाले बिहारवासी अपने गांव-घर लौट रहे हैं. इस बीच कमाई और पढ़ाई के लिए बाहर रहने वाले कई लोग ऐसे भी हैं जो अपने गांव-घर चाहते थे लेकिन टिकट नहीं मिल पाने की वजह से नहीं जा सके. हालांकि, कुछ लोगों ने जैसे-तैसे करके ट्रेनों का सफर किया छठ मनाने के लिए अपने घर पहुंचे. मुजफ्फरपुर जंक्शन पर कुछ ऐसा ही हाल देखने को मिला. मुंबई, गुजरात, सूरत और दूसरे शहरों में काम करने वाले लोग अपने परिवार के साथ छठ मनाने के लिए मुजफ्फरपुर स्टेशन में ट्रेनों से उतरते दिखे. इससे मुजफ्फरपुर जंक्शन पर बाहर से आने वाले यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है. घर पहुंचने की खुशी में लोग स्टेशन पर पहुंचते ही भले ही सफर का दर्द भूल गए लेकिन, लोगों को बहुत कठिन सफर करना पड़ा. सीट नहीं मिलने पर कोई लटक कर तो कोई गमछा बांधकर सफर करने को मजबूर हुआ.

शुक्रवार को मुंबई के बांद्रा टर्मिनस से चलकर बरौनी जाने वाली अवध एक्सप्रेस मुजफ्फरपुर जंक्शन पहुंची. यात्रियों ने बताया कि बिहार पहुंचने से पहले ट्रेन के जनरल कोच में यात्रियों की भीड़ इतनी अधिक थी कि लोगों को पैर रखने तक की जगह नहीं मिल रही थी. मुजफ्फरपुर जंक्शन पर ट्रेन से उतरे यात्रियों ने सफर की मुश्किलों के बारे में बताया. सीतामढ़ी के रहने वाले रोहित ने बताया कि बिहार में प्रवेश करने से पहले ही ट्रेन की जनरल बोगी पूरी तरह भर चुकी थी. स्थिति ऐसी थी कि बाथरूम जाने तक की जगह नहीं थी. यात्रियों को एक जगह से दूसरी जगह जाने में भी काफी परेशानी हो रही थी. इसके बावजूद छठ पर घर पहुंचने की चाह में लोग किसी तरह सफर कर रहे थे.

गुजरात में पिछले दो वर्षों से काम कर रहे राहुल कुमार भी छठ मनाने अपने घर लौटे हैं. उन्होंने बताया कि वह हर साल छठ के मौके पर अपने घर आते हैं. इस बार स्टेशन पर यात्रियों को लाइन में बैठाने की व्यवस्था तो की गई थी, लेकिन ट्रेन के अंदर भीड़ का आलम कुछ और ही था. बिहार पहुंचने से पहले ही जनरल बोगी में इतनी भीड़ हो गई थी कि चलना तो दूर, पैर रखने तक की जगह नहीं बची थी.

राहुल ने बताया कि ट्रेन में सफर के दौरान लोगों ने देसी जुगाड़ भी अपनाया. जनरल बोगी में कुछ यात्री एक रॉड से दूसरी रॉड के बीच गमछा बांधकर उसी पर बैठकर सफर कर रहे थे. भीड़ के बीच किसी तरह लोग अपने घर पहुंचने की कोशिश में जुटे थे. हालांकि, मुजफ्फरपुर पहुंचते ही ट्रेन में कुछ खास भीड़ नहीं थीं. रेलवे के अधिकारियों का मानना है कि अब प्रवासी लोगों की आने वाली भीड़ लगभग लगभग समाप्त हो गई है.



Source link