गुरनूर OUT, सिराज IN… आखिरी वनडे में इस प्लेइंग-11 के साथ उतर सकता है भारत
Last Updated:
ind vs nz 5th odi: गुरनूर बराड़ पांचवें वनडे के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे, क्योंकि उन्हें दो मैचों की सीरीज के लिए टेस्ट स्क्वॉड में शामिल किया गया है. ऐसे में न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी वनडे में मोहम्मद सिराज को प्लेइंग-11 में जगह मिल सकती है.
पांचवें वनडे में मोहम्मद सिराज को मौका मिल सकता है.
नई दिल्ली. भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज अब अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच गई है. सीरीज का पांचवां और अंतिम मुकाबला 15 नवंबर यानी कल माउंट माउंगानुई के बे ओवल मैदान पर खेला जाएगा. चौथे वनडे में 244 रन की शर्मनाक हार झेलने के बाद भारतीय टीम के सामने सीरीज में 3-1 से जीत दर्ज करने की चुनौती है. इस मुकाबले के लिए टीम इंडिया की प्लेइंग-11 में कुछ बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं. तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को मौका मिल सकते है, क्योंकि गुरनूर बराड़ टेस्ट टीम से जुड़ने के कारण इस मैच का हिस्सा नहीं होंगे.
कुलदीप यादव पर लटकी तलवार
चौथे वनडे में भारतीय टीम ने स्पिनर कुलदीप यादव को पहली बार इस सीरीज में मौका दिया था, लेकिन वह इसका फायदा नहीं उठा सके. कुलदीप ने 8 ओवर में 73 रन खर्च किए और उन्हें एक भी विकेट नहीं मिला. जिस मुकाबले में न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाजों ने भारतीय बल्लेबाजों को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया, वहां कुलदीप भी गेंद से कोई खास प्रभाव नहीं छोड़ सके. ऐसे में पांचवें वनडे के लिए उनकी जगह पर सवाल खड़े हो गए हैं.
सिराज को मिल सकता है मौका
टीम मैनेजमेंट उन्हें बाहर बैठाकर मोहम्मद सिराज को मौका दे सकता है. सिराज भारत के सबसे अनुभवी तेज गेंदबाजों में शामिल हैं, लेकिन इस दौरे पर अब तक उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला है. हालांकि, कुलदीप को एक और मौका देने का फैसला भी लिया जा सकता है. ऐसी स्थिति में सिराज को गुरनूर बराड़ की जगह प्लेइंग-11 में शामिल किया जा सकता है. गुरनूर टेस्ट सीरीज की तैयारियों के लिए वेलिंगटन में भारतीय टेस्ट टीम के साथ जुड़ चुके हैं. इसलिए वह आखिरी वनडे के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे.
ओपनिंग जोड़ी में बदलाव की संभावना कम
भारतीय टीम की बल्लेबाजी में भी कुछ बदलावों पर विचार हो सकता है, लेकिन ओपनिंग जोड़ी के साथ छेड़छाड़ की संभावना कम है. चौथे वनडे में रोहित शर्मा के साथ रुतुराज गायकवाड़ ने पारी की शुरुआत की थी. माना जा रहा है कि आखिरी मुकाबले में भी दोनों बल्लेबाज ओपनिंग करते नजर आएंगे. टीम के पास ईशान किशन को ओपनिंग में भेजने और रुतुराज को पांचवें नंबर पर उतारने का विकल्प जरूर है, लेकिन सिर्फ एक मैच के बाद बल्लेबाजी क्रम में इतना बड़ा बदलाव होने की उम्मीद कम है.
पांचवें वनडे के लिए भारत की संभावित प्लेइंग-11
रोहित शर्मा, रुतुराज गायकवाड़, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, नमन धीर, आकिब नबी, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह और मोहम्मद सिराज.