Last Updated:
UP Census 2027 Phase 2: उत्तर प्रदेश में जनगणना 2027 के दूसरे चरण की शुरुआत 16 नवंबर 2026 से होने जा रही है. इस चरण में पहली बार लोगों को ‘स्व-गणना’ (Self-Enumeration) की सुविधा दी गई है, यानी वे ऑनलाइन पोर्टल के जरिए 30 नवंबर तक अपनी जानकारी खुद दर्ज कर सकेंगे. इसके बाद 1 दिसंबर से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर सर्वे करेंगे. इस बार की जनगणना में पहली बार जाति से जुड़ी जानकारी भी एकत्र की जाएगी.
यूपी में दूसरे चरण की जनगणना 16 नवंबर से शुरु हो जाएगा. इसमें आप खुद से अपनी जानकारी भर सकते हैं. (AI Image)
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में जनगणना 2027 का दूसरा फेज शुरु हो चुका है. दूसरे चरने का टाइम-लाइन 16 से 30 नवंबर तक रहेगा. इसमें लोग अपनी जानकारी खुद ही भर सकते हैं. बता दें कि पहले चरण 22 मई से 20 जून तक चला था. इसमें मकानों और आवासीय सुविधाओं से जुड़ी जानकारी जुटाई गई थी. अब दूसरे चरण में व्यक्तिगत जनगणना की जाएगी. इसमें पहली बार जाति से जुड़ी जानकारी भी एकत्र की जाएगी.
जनगणना कार्य निदेशालय की डायरेक्टर शीतल वर्मा ने बताया कि दूसरे चरण की शुरुआत स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) से होगी. इसके लिए 16 से 30 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन पोर्टल खोला जाएगा. लोग घर बैठे अपनी जानकारी खुद दर्ज कर सकेंगे. इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर करीब 40 सवालों के जरिए लोगों की जानकारी जुटाएंगे.
किन-किन बातों की ली जाएगी जानकारी?
इस व्यक्तिगत जनगणना में नागरिकों से उनके जीवन से जुड़े कई अहम सवाल पूछे जाएंगे, जिनमें मुख्य रूप से शामिल हैं:
- व्यक्ति की जाति (पहली बार)
- मातृभाषा और अन्य ज्ञात भाषाएं
- शिक्षा का स्तर
- व्यवसाय (पेशा)
- आय के स्रोत और अन्य व्यक्तिगत जानकारियां
बेघरों और फुटपाथ पर रहने वालों की भी होगी गिनती
शीतल वर्मा ने बताया कि इस जनगणना में किसी को भी नहीं छोड़ा जाएगा. बेघर लोगों, रेलवे स्टेशन और फुटपाथ पर जीवन गुजारने वालों को भी इसमें शामिल किया जाएगा. झुग्गी-बस्तियों और प्रदेश के करीब 7,500 गैर-आबाद गांवों (जहां आबादी नहीं रहती) के लिए भी विशेष जनगणना ब्लॉक बनाए गए हैं. इसके अलावा, संवेदनशील रक्षा क्षेत्रों में सुरक्षा बलों के माध्यम से आंकड़े जुटाए जाएंगे.
इस कार्य के लिए 7 लाख से अधिक कर्मचारी तैनात हैं
उत्तर प्रदेश में जनगणना के लिए करीब 7 लाख कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी. जिलाधिकारी जिले के प्रधान जनगणना अधिकारी होंगे. जनगणना की संदर्भ तिथि 5 जनवरी 2027 तय की गई है. जनगणना के दौरान किसी से भी आधार या अन्य दस्तावेज नहीं मांगे जाएंगे. लोगों की ओर से दी गई जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी. इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 1855 भी जारी किया गया है. जनगणना कराना अनिवार्य है और इसमें सभी लोगों की भागीदारी जरूरी है.