Last Updated:
नर्मदा नदी की घाटी एक बार फिर से चर्चा में है. दरअसल देवरी तहसील के पातई घाट के पास प्री हिस्टोरिक जमाने का हाथी के निचले जबड़े का जीवाश्म मिला है. बताया जा रहा है कि नदी के कटाव की वजह से यह ऊपर आया है. यह जीवाश्म विलुप्त हो चुकी स्टेगोडॉन नामैडिकस प्रजाति का बताया जा रहा है. बताया जा रहा है कि यह करीब 65 लाख साल पुराना है.
नर्मदा घाटी में मिला 65 लाख साल पुराना जबड़ा
मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में नर्मदा घाटी के पास प्री हिस्टोरिक काल के समय एक जबड़ा मिला है. इसे करीब 65 लाख पुराना हाथी जैसे विशाल जीव का निचला जबड़ा बताया जा रहा है. इसके अलावा जीव की ऊंचाई करीब 10.5 फुट बताई जा रही है. अफसरों की तरफ से कहा है कि उन्होंने बताया कि जीवाश्म मिलने के बाद जियोलोजिकल सर्वे ऑफ इंडिया (GSI) की चार सदस्यीय टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है.
खोज को माना जा रहा है अहम
यह जीवाश्म देवरी तहसील के पातई गांव के पास नदी के कटाव के कारण बाहर आया है. माना जा रहा है कि यह विलुप्त हो चुके ‘स्टेगोडॉन नामाडिकस’ प्रजाति के जीव का है. इस खोज को जीवाश्म विज्ञान के अध्ययन के लिहाज से अहम माना जा रहा है.
65 लाख साल पुराना बताया जा रहा है जबड़ा
सागर विश्वविद्यालय के रिटायर्ड प्रोफेसर पी.के. कथल ने कहा कि करीब 65 लाख साल पुराने इस जबड़े की खोज से नर्मदा घाटी के प्राचीन पर्यावरण, प्री हिस्टोरिक जीव-जंतुओं और मानव विकास के इतिहास को समझने में अहम जानकारी मिल सकती है.
प्रोफेसर की तरफ से बताया कि स्टेगोडॉन नामाडिकस हाथी जैसा सूंड वाला विशाल स्तनधारी जीव था, जो मध्य भारत में मध्य से ‘उत्तर प्लाइस्टोसीन काल’ के दौरान पाया जाता था और बाद में विलुप्त हो गया. इस जीव की कंधे तक ऊंचाई करीब 3.2 मीटर (10.5 फुट) और वजन लगभग 7.5 टन होने का अनुमान है. इसका विशाल शरीर और अलग प्रकार के दांत इसकी प्रमुख विशेषताएं थीं.
प्रोफेसर पीके कथल ने बताया कि यह जीव मुख्य रूप से शाकाहारी था. इसके बड़े दांतों पर पास-पास उभरी धारियां और दाढ़ों पर प्लेट जैसी बनावट होती थीं, जो इसे अलग प्रकार की वनस्पतियां चबाने में मदद करती थीं.
क्या बोले देवरी के एसडीएम?
देवरी के एसडीएम अंकित जैन ने बताया कि जीएसआई, भोपाल की चार सदस्यीय टीम ने शुक्रवार को घटनास्थल का दौरा कर जीवाश्म की जांच की. भूवैज्ञानिक हसन मजाज सहित वैज्ञानिकों ने जीवाश्म की संरचना और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया. टीम जल्द ही वरिष्ठ अधिकारियों को अपनी रिपोर्ट सौंपेगी, जिसके बाद जीवाश्म की वैज्ञानिक पहचान और उसके ऐतिहासिक महत्व को लेकर स्थिति और स्पष्ट होगी.
(भाषा इनपुट के साथ)