Iran Petrol Price: दुनिया के कई देशों में पेट्रोल की कीमतें लोगों की जेब पर भारी पड़ रही हैं. भारत में भी एक लीटर पेट्रोल के लिए करीब 100 रुपये खर्च करने पड़ते हैं. लेकिन ईरान में तस्वीर बिल्कुल अलग है. युद्ध और आर्थिक प्रतिबंधों के बावजूद वहां सरकार आम लोगों को बेहद सस्ता पेट्रोल दे रही है. इतना सस्ता तेल कि उतने में भारत में पानी भी न मिले. कुछ सरकारी दरों पर एक लीटर पेट्रोल की कीमत भारतीय रुपये में महज 2 से 3 रुपये के आसपास पड़ती है. इसी सस्ते पेट्रोल को देखकर भारतीय यूट्यूबर उमर भी हैरान रह गए. जब वह ईरान पहुंचे तो उन्होंने पेट्रोल पंप पर गाड़ी में तेल भरवाया और भुगतान के लिए 5 लाख रियाल का नोट दिया. भारतीय मुद्रा में ये 24.63 रुपये है.
हालांकि आपको लगता होगा कि ईरान में तेल सस्ता होने के पीछे ईरान का अथाह तेल भंडार है. लेकिन एक सवाल ये उठता है कि ऐसा ही भंडार सऊदी, कतर और खाड़ी के दूसरे देशों में है, फिर भी ईरान जितना सस्ता तेल नहीं है. ईरान में पेट्रोल की कीमत इतनी कम होने की वजह सिर्फ वहां तेल का बड़ा भंडार होना नहीं. इसके पीछे सरकार की सब्सिडी नीति भी है. सरकार आम लोगों के लिए पेट्रोल की कीमत बहुत कम रखती है. इसके लिए हर महीने गाड़ियों को एक तय मात्रा में सस्ता पेट्रोल दिया जाता है.
ईरान में कितने रुपये लीटर मिल रहा पेट्रोल?
नवंबर 2026 में भी पेट्रोल की कीमतें बेहद कम है. लेकिन यहीं सब्सिडी मिलती है, जिनके अलग-अलग कोटे हैं. पहले कोटे में हर महीने 60 लीटर पेट्रोल 1,500 तुमान यानी 15,000 रियाल प्रति लीटर की दर से मिलता है. भारतीय रुपये में इसकी कीमत करीब 2 से 3 रुपये बैठती है. दूसरे कोटे में 50 लीटर पेट्रोल 3,000 तुमान यानी 30,000 रियाल प्रति लीटर की दर से मिलता है. इसकी कीमत भारतीय रुपये में करीब 4 से 6 रुपये है. तय कोटे से ज्यादा पेट्रोल लेने पर कीमत बढ़ जाती है जो भारतीय मुद्रा में करीब 15 से 20 रुपये है. हालांकि, ईरान में प्रीमियम यानी सुपर पेट्रोल काफी महंगा है. इसकी कीमत भारतीय रुपये में 150 से 170 रुपये बैठती है. ईरानी मुद्रा रियाल की कीमत भी काफी गिर चुकी है. इसलिए जब पेट्रोल की कीमत को भारतीय रुपये या डॉलर में बदला जाता है, तो वह और भी कम दिखाई देती है.
खाड़ी के बाकी देशों में पेट्रोल का क्या है दाम?
ईरान के अलावा दूसरे खाड़ी देशों में भी पेट्रोल की कीमत भारत के मुकाबले कम या कुछ जगहों पर लगभग बराबर है. नवंबर महीने की बात करें तो, कुवैत में 95 ऑक्टेन पेट्रोल करीब 32 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है, जो ईरान के बाद इस लिस्ट में सबसे सस्ता है. इराक में इसकी कीमत करीब 53 रुपये, कतर में 54-55 रुपये और सऊदी अरब व ओमान में लगभग 58-59 रुपये प्रति लीटर है. बहरीन में पेट्रोल करीब 61-62 रुपये और UAE में 103-104 रुपये प्रति लीटर है. यानी खाड़ी के तेल उत्पादक देशों में भी पेट्रोल की कीमत एक जैसी नहीं है. हालांकि पेट्रोल की अलग-अलग क्वालिटी के हिसाब से कीमतें अलग होंगी.
हर किसी को नहीं मिलता इतना सस्ता पेट्रोल
ईरान में सस्ता पेट्रोल मुख्य रूप से वाहन मालिकों को मिलता है. इसके लिए स्मार्ट फ्यूल कार्ड की व्यवस्था है. निजी कार, टैक्सी और मोटरसाइकिल जैसे वाहनों के लिए हर महीने पेट्रोल का कोटा तय किया जाता है. पहले 60 लीटर सबसे सस्ती दर पर मिलता है. इसके बाद अगले 50 लीटर के लिए ज्यादा पैसे देने पड़ते हैं. तय सीमा से ज्यादा पेट्रोल खरीदने पर कीमत और बढ़ जाती है. इसका मतलब है कि ईरान में हर व्यक्ति को एक जैसी सस्ती दर पर पेट्रोल नहीं मिलता. जिसके पास गाड़ी है, उसे इस सरकारी सब्सिडी का फायदा मिलता है.
आखिर ईरान में पेट्रोल इतना सस्ता क्यों है?
ईरान दुनिया के बड़े तेल उत्पादक देशों में शामिल है. वहां सरकार लंबे समय से घरेलू लोगों को सस्ता ईंधन देने की नीति पर चल रही है. इसका मकसद आम लोगों के लिए सफर और सामान की ढुलाई का खर्च कम रखना है. इसके पीछे राजनीतिक वजह भी है. ईरान में पहले पेट्रोल की कीमत बढ़ाने पर बड़े विरोध प्रदर्शन हो चुके हैं. ऐसे में सरकार कीमतें कम रखकर लोगों की नाराजगी से बचना चाहती है.
सस्ते पेट्रोल के नुकसान भी हैं
ईरान में पेट्रोल की कम कीमत का फायदा आम लोगों को जरूर मिलता है, लेकिन इससे सरकार पर भारी आर्थिक बोझ भी पड़ता है. सस्ता पेट्रोल होने से खपत बढ़ती है और कई बार लोग जरूरत से ज्यादा ईंधन इस्तेमाल करते हैं. इसके अलावा पड़ोसी देशों जैसे अफगानिस्तान और पाकिस्तान में पेट्रोल महंगा होने के कारण ईरान से सस्ते तेल की तस्करी भी होती है. यानी सरकार जिस पेट्रोल पर सब्सिडी देती है, उसका कुछ हिस्सा देश के बाहर भी पहुंच जाता है. एक और समस्या यह है कि जिन लोगों के पास ज्यादा गाड़ियां हैं या जो ज्यादा पेट्रोल इस्तेमाल करते हैं, उन्हें सब्सिडी का ज्यादा फायदा मिलता है. वहीं गरीब परिवारों के पास गाड़ी नहीं होने पर उन्हें इसका सीधा लाभ नहीं मिल पाता.