ट्रंप-पुतिन-जिनपिंग की पहली महामुलाकात, परमाणु हथियारों पर बनेगा नया प्लान?
Last Updated:
अमेरिका, रूस और चीन के राष्ट्रपति पहली बार एक साथ एक टेबल पर आएंगे. डोनाल्ड ट्रंप, व्लादिमीर पुतिन और शी जिनपिंग की मुलाकात चीन के शेनझेन में APEC सम्मेलन के दौरान होगी. बातचीत का मुख्य मुद्दा दुनिया में परमाणु हथियारों की संख्या कम करना हो सकता है. हालांकि अमेरिका इस बातचीत में चीन को लाना चाहता है, क्योंकि वही सबसे ज्यादा तेजी से अपने न्यूक्लियर हथियारों का जखीरा बढ़ा रहा है.
ट्रंप, पुतिन और शी जिनपिंग एक साथ मीटिंग करेंगे.
Chia-USA-Russia Meeting: दुनिया की तीन बड़ी ताकतों अमेरिका, रूस और चीन के नेता एक ही मेज पर बैठने जा रहे हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग अगले गुरुवार को चीन के शेनझेन में मुलाकात करेंगे. यह तीनों देशों के नेताओं की पहली त्रिपक्षीय बैठक होगी. एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) सम्मेलन के दौरान होने वाली इस मुलाकात में सबसे ज्यादा चर्चा परमाणु हथियारों पर नियंत्रण को लेकर होने की उम्मीद है. न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक ईरान और उत्तर कोरिया का मुद्दा भी उठ सकता है.
इस बैठक का मकसद दुनिया में परमाणु हथियारों की संख्या कम करने की दिशा में बातचीत शुरू करना है. अमेरिका चाहता है कि दुनिया की बड़ी ताकतें अपने परमाणु हथियारों का जखीरा घटाने पर गंभीरता से विचार करें. हालांकि, अमेरिकी अधिकारियों ने साफ किया है कि इस पहली मुलाकात में किसी समझौते की उम्मीद नहीं करनी चाहिए. इसे आगे की बातचीत की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है.
चीन को बातचीत की मेज पर लाना चाहता है अमेरिका
इस बातचीत का मकसद चीन को परमाणु हथियार बढ़ाने से रोकना है. व्हाइट हाउस के एक अधिकारी के मुताबिक, चीन का परमाणु हथियारों का जखीरा दुनिया में सबसे तेज रफ्तार से बढ़ रहा है. अमेरिका चाहता है कि चीन भी परमाणु हथियारों पर नियंत्रण को लेकर रूस और अमेरिका के साथ बातचीत करे. अधिकारी ने कहा कि चीन जिस तरह अपने परमाणु हथियारों से जुड़ी जानकारी को गोपनीय रखता है, उसका असर पूरी दुनिया की सुरक्षा पर पड़ता है.
ऐसे में चीन को भी इस मुद्दे पर खुलकर बात करनी चाहिए. रूस का परमाणु हथियारों पर बातचीत का पुराना अनुभव है. सोवियत संघ के समय से ही रूस इस तरह की चर्चाओं में शामिल रहा है. इसलिए अमेरिकी अधिकारियों को उम्मीद है कि रूस इस बातचीत में ज्यादा सहज रहेगा. ट्रंप अपने पहले कार्यकाल से ही दुनिया के परमाणु हथियारों का जखीरा कम करने के लिए एक बड़े समझौते की बात करते रहे हैं. उनका तर्क है कि दुनिया को कई बार खत्म करने की ताकत रखने वाले हथियारों को बनाए रखना बहुत महंगा है.
Nvidia विवाद पर नहीं होगी बात
यह बैठक ऐसे समय हो रही है, जब अमेरिका और चीन के रिश्तों में टेक्नोलॉजी को लेकर तनाव बना हुआ है. हाल ही में Nvidia के प्रमुख जेनसेन हुआंग के इस्तीफे और चीन के लिए जासूसी के शक वाली महिला से उनके कथित संबंधों को लेकर विवाद चर्चा में रहा है. डोनाल्ड ट्रंप जब मई में चीन दौरे पर गए थे तब जेनसेन हुआंग भी साथ. लेकिन अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, इस बार ट्रंप शी जिनपिंग के सामने Nvidia विवाद का मुद्दा नहीं उठाएंगे. ट्रंप के साथ इस यात्रा में SpaceX और Tesla के प्रमुख एलन मस्क भी चीन जाएंगे. ट्रंप का मानना रहा है कि चीन और रूस जैसे देशों के नेताओं के साथ अच्छे रिश्ते बनाए रखने से अमेरिका और दुनिया दोनों को फायदा हो सकता है.
चीन से रेयर अर्थ मिनरल्स पर जवाब मांगेंगे ट्रंप
परमाणु हथियारों के अलावा ट्रंप चीन के साथ हुए व्यापार समझौते पर भी बात कर सकते हैं. अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, पिछले साल दोनों देशों के बीच व्यापार को लेकर तनाव कम करने के लिए एक सहमति बनी थी. लेकिन अमेरिका का आरोप है कि चीन उस पर पूरी तरह अमल नहीं कर रहा है. खास तौर पर रेयर अर्थ मिनरल्स की सप्लाई को लेकर अमेरिका संतुष्ट नहीं है. इन खनिजों का इस्तेमाल इलेक्ट्रॉनिक्स, मोबाइल, इलेक्ट्रिक गाड़ियों और कई तरह की आधुनिक तकनीक बनाने में होता है. चीन इन खनिजों को साफ करने और इस्तेमाल लायक बनाने के कारोबार में सबसे आगे है. अमेरिका का कहना है कि चीन से इन खनिजों का निर्यात उसकी जरूरत के मुताबिक नहीं हो रहा है. इसी वजह से दोनों देशों ने व्यापार समझौते को छह महीने के बजाय सिर्फ दो महीने के लिए आगे बढ़ाया है. अमेरिका चाहता है कि चीन इस समझौते की शर्तों को ठीक से लागू करे.