Last Updated:
जबलपुर के ओमती थाना क्षेत्र में पुलिस ने 64 से अधिक आपराधिक मामलों में संलिप्त बताए जा रहे शातिर बदमाश अट्टी उर्फ अजीत सोनकर को गिरफ्तार किया है. आरोपी पर महिला फर्नीचर कारोबारी से सामान लेने के बाद भुगतान नहीं करने और उल्टा अवैध वसूली के लिए दबाव बनाने का आरोप है.
बदमाश अट्टी उर्फ अजीत सोनकर गिरफ्तार
जबलपुर. जबलपुर में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका अंदाजा ओमती थाना क्षेत्र के इस मामले से लगाया जा सकता है. यहां 64 से अधिक आपराधिक मामलों में संलिप्त बताए जा रहे शातिर बदमाश अट्टी उर्फ अजीत सोनकर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोप है कि बदमाश एक महिला फर्नीचर कारोबारी से फर्नीचर तो ले रहा था, लेकिन उसका भुगतान करने के बजाय उल्टा महिला पर अवैध वसूली के लिए दबाव बना रहा था.
इतना ही नहीं, उससे मवेशी और अतिरिक्त सामान की भी मांग की जा रही थी. लगातार दबाव और परेशानियों से तंग आकर महिला कारोबारी ने मामले की शिकायत ओमती थाना पुलिस से की. शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी अट्टी उर्फ अजीत सोनकर को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया है.
64 से अधिक अपराध हैं दर्ज
दरअसल, रद्दी चौकी बलदेवपुर निवासी महिला फर्नीचर कारोबारी ने ओमती थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि अट्टी सोनकर लगातार उससे फर्नीचर ले रहा था, लेकिन पैसे नहीं चुका रहा था. इसके साथ ही जबरन पैसों और अन्य सामान की मांग कर उसे प्रताड़ित कर रहा था. शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस जांच में आरोपी अट्टी सोनकर और उसके साथी अजीत सोनकर का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है. पुलिस के मुताबिक अट्टी सोनकर के खिलाफ अलग-अलग थानों में 64 से अधिक अपराध दर्ज हैं. फिलहाल पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है. इस घटना ने शहर में व्यापारियों की सुरक्षा और आपराधिक तत्वों के बढ़ते दबाव को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.