Last Updated:
Investment Plan : पढ़ाई का खर्चा जिस तेजी से बढ़ रहा है, उसके लिए आने वाले समय में धन जुटाने की शुरुआत आज से ही करनी होगी. आज जिस कोर्स की फीस 20 लाख रुपये है, 15 साल बाद उसका खर्चा 83 लाख तक जा सकता है. जाहिर है कि आपको ऐसे निवेश विकल्प में पैसे लगाने होंगे, जो महंगाई को मात देकर आपके लिए यह फंड तैयार कर सके.
एजुकेशन कॉस्ट को पूरा करने के लिए म्यूचुअल फंड में एसआईपी शुरू करना होगा.
नई दिल्ली. बच्चे के अच्छे भविष्य के लिए बेहतर शिक्षा जरूरी है और अच्छी पढ़ाई के लिए मोटा पैसा चाहिए. महंगाई जिस तरह से बढ़ रही है, आने वाले समय में पढ़ाई का खर्चा कई गुना बढ़ जाएगा. आपको भी भविष्य में बच्चे की बढ़ाई के लिए अभी से पैसे जुटाने और निवेश करने की जरूरत होगी. यह निवेश भी ऐसी जगह करना होगा जो महंगाई को मात देकर आपके लिए भविष्य में मोटा पैसा जुटा सके. अभी जिस कोर्स की पढ़ाई का खर्च 20 लाख रुपये आता है, मौजूदा महंगाई दर के हिसाब से 15 साल बाद बढ़कर 83 लाख रुपये पहुंच सकता है.
इसका मतलब है कि अभी आप जिस कोर्स में बच्चे का एडमिशन कराते हैं, उसका खर्चा अगर 20 लाख रुपये है तो 15 साल बाद इसी कोर्स का खर्चा 83 लाख रुपये पहुंच जाएगा. जाहिर है कि आपको भी इसी हिसाब से अपनी प्लानिंग करनी होगी. बच्चे की पढ़ाई के लिए सेविंग करते समय ऐसे विकल्पों पर दांव लगाना होगा, जहां महंगाई की भरपाई करते हुए बेहतर रिटर्न मिल सके. राष्ट्रीय स्तर पर कराए गए एक सर्वे में पता चला है कि एक सरकारी स्कूल में बच्चे का सालाना खर्चा 2,900 रुपये तो प्राइवेट में 25 हजार रुपये आता है. आज भी 27 फीसदी बच्चे प्राइवेट कोचिंग पर निर्भर रहते हैं.
कैसे बढ़ रहा पढ़ाई का खर्चा
सर्वे में मुंबई के स्कूलों का उदाहरण देते हुए बताया गया कि यहां नर्सरी से 12वीं तक की पढ़ाई का खर्चा एक किफायती स्कूल में 7.9 लाख रुपये तो मिडिल क्लास स्कूल में 17.3 लाख आता है. हाई फीस वाले स्कूल में इसी पढ़ाई का खर्चा 61.2 लाख रुपये तक चला जाता है. यह खर्चा ट्रांसपोर्ट, यूनिफार्म, किताबें और अन्य चीजों से इतर है. इसमें सिर्फ स्कूल की फीस को ही जोड़ा गया है. हायर एजुकेशन में भी ज्यादातर कोर्स की फीस 10 लाख से अधिक है. देश के करीब 18 लाख बच्चे विदेश में पढ़ाई करते हैं. जाहिर है कि इन खर्चों को पूरा करने के लिए तैयारी आज से ही करनी होगी.
कितनी है पढ़ाई की महंगाई दर
एजुकेशन कॉस्ट और उसकी महंगाई दर सितंबर महीने में 4 फीसदी के आसपास थी और हायर एजुकेशन में यह दर 3.5 फीसदी थी. हालांकि, कई प्राइवेट संस्थानों ने अपनी फीस 10 से 15 फीसदी बढ़ा दी है. अगर एजुकेशन कॉस्ट 4 फीसदी की दर से बढ़ती है तो अभी जिस कोर्स की लागत 20 लाख है, 15 साल बाद वह 36 लाख हो जाएगी. लेकिन, एजुकेशन कॉस्ट अगर 10 फीसदी बढ़ती है तो यह लागत बढ़कर 83 लाख रुपये पहुंच जाएगी. दोनों के बीच करीब 47 लाख का अंतर आता है.
कैसे करें निवेश की प्लानिंग
अगर आप अभी से निवेश की शुरुआत करते हैं और म्यूचुअल फंड में एसआईपी शुरू करते हैं, जिस पर सालाना 10 फीसदी का रिटर्न मिल रहा है तो हर महीने 21 हजार रुपये का एसआईपी करनी होगी. तब जाकर 15 साल में आपके पास करीब 83 लाख रुपये का फंड तैयार होगा. लेकिन, अगर आप निवेश की शुरुआत 5 साल बाद करते हैं और सिर्फ 10 साल में यह रकम जुटानी है तो हर महीने 42 हजार रुपये की एसआईपी शुरू करनी होगी. अगर आप 11,500 रुपये की एसआईपी शुरू करते हैं और हर साल उसमें 10 फीसदी बढ़ोतरी करते हैं तो भी 15 साल में आपके पास 83 लाख का फंड तैयार हो जाएगा.