यमुना एक्सप्रेस-वे पर 1KM बढ़ी स्पीड और कट गया 2000 का चालान, लोकेशन निकली अटलांटिक महासागर

यमुना एक्सप्रेस-वे पर 1KM बढ़ी स्पीड और कट गया 2000 का चालान, लोकेशन निकली अटलांटिक महासागर


Last Updated:

यमुना एक्सप्रेसवे पर एक किलोमीटर प्रति घंटा ओवरस्पीडिंग पर दो हजार रुपये का चालान मिला है. खास बात यह रही कि कैमरे ने कार की लोकेशन अटलांटिक महासागर में दर्ज की, जिससे सोशल मीडिया पर ऑटोमेटेड चालान सिस्टम को लेकर बहस छिड़ गई है. इस कारण नोएडा-ग्रेटर नोएडा पुलिस का मजाक भी बनाया जा रहा है.

Zoom

यूजर ने अपने चालाक का स्क्रीन शॉट शेयर किया है.

ग्रेटर नोएडा और आगरा को कनेक्ट करने वाले यमुना एक्सप्रेसवे पर एक शख्स को महज 1 किलोमीटर प्रति घंटे की ज्यादा रफ्तार के कारण 2,000 रुपये का चालान मिला है. एक्सप्रेसवे पर स्पीड लिमिट 100 किलोमीटर प्रति घंटा थी, जबकि कैमरे ने गाड़ी की रफ्तार 101 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की. लेकिन इस चालान में सिर्फ स्पीड ही हैरान करने वाली बात नहीं थी. चालान काटने वाले स्पीड कैमरे ने कार की लोकेशन भी ऐसी दिखाई कि मामला सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. गाड़ी यमुना एक्सप्रेसवे पर थी, लेकिन रिकॉर्ड में उसकी लोकेशन अटलांटिक महासागर के बीचों-बीच दर्ज थी. अब इस घटना ने ट्रैफिक पुलिस के ऑटोमेटेड सिस्टम, चालान और स्पीड लिमिट को लेकर बहस छेड़ दी है.

कैसे सामने आया पूरा मामला?

दरअसल, एक्स पर अनुजीत शिवम नाम के एक यूजर ने अपने चालान की तस्वीर शेयर की. उन्होंने बताया कि यमुना एक्सप्रेसवे पर उनकी गाड़ी 101 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही थी, जबकि वहां अधिकतम गति सीमा 100 किलोमीटर प्रति घंटा थी. इसके लिए उन्हें 2,000 रुपये का ई-चालान मिला. उन्होंने तंज कसते हुए लिखा कि सिर्फ 1 किलोमीटर प्रति घंटे की ज्यादा रफ्तार पर इतना जुर्माना लगाया गया है. लेकिन, चालान में दर्ज लोकेशन ने सबका ध्यान खींच लिया. इसमें अक्षांश और देशांतर 0°N, 0°E दर्ज थे. ये एंगल अफ्रीका के पश्चिमी तट के पास अटलांटिक महासागर में एक जगह हैं. अनुजीत ने नोएडा ट्रैफिक पुलिस और यूपी ट्रैफिक पुलिस को टैग करते हुए पूछा कि क्या सड़क सुरक्षा लागू करने का यही तरीका है?



Source link