Bad Study Habits | Board Exam Preparation Tips: ये 10 बुरी आदतें डुबो सकती हैं बोर्ड रिजल्ट, आज ही बदल लें पढ़ाई का तरीका

Bad Study Habits | Board Exam Preparation Tips: ये 10 बुरी आदतें डुबो सकती हैं बोर्ड रिजल्ट, आज ही बदल लें पढ़ाई का तरीका


नई दिल्ली (Bad Study Habits). बोर्ड परीक्षाओं का नाम सुनते ही बेहद होशियार स्टूडेंट्स के दिलों की धड़कनें भी तेज होने लगती हैं. सालभर की मेहनत, स्कूल के चक्कर और ट्यूशन की भागदौड़ के बाद भी कई बार उम्मीद से कम अंक मिलने पर भारी निराशा हाथ लगती है. स्टूडेंट्स अक्सर सोचते रह जाते हैं कि दिन-रात पढ़ने के बाद भी उनके नंबर क्यों कट गए? असली गड़बड़ अक्सर उन छोटी-छोटी बुरी आदतों में छिपी होती है, जिन्हें हम अनजाने में अपने डेली रूटीन का हिस्सा बना लेते हैं.

पढ़ने का तरीका सही न हो तो घंटों की मेहनत भी बेकार साबित हो जाती है. अगर आप भी 2027 में 10वीं या 12वीं की बोर्ड परीक्षा देने जा रहे हैं तो समय रहते अपनी इन गलतियों को सुधारना बेहद जरूरी है. बिहार, यूपी, एमपी, सीबीएसई, आईसीएसई समेत ज्यादातर राज्यों की बोर्ड परीक्षा फरवरी से अप्रैल के बीच में होंगी. जानिए 10 खतरनाक और खराब स्टडी हैबिट्स, जो सालभर की मेहनत पर पानी फेरकर आपका बोर्ड रिजल्ट 2027 खराब कर सकती हैं.

ये 10 आदतें बर्बाद कर सकती हैं बोर्ड रिजल्ट 2027

अगर आप बोर्ड परीक्षा 2027 की तैयारी कर रहे हैं तो पढ़ाई की सही आदतें अपनाना जरूरी है. एक भी गलत आदत आपका रिजल्ट खराब कर सकती है. जानिए बोर्ड परीक्षा की तैयारी में होने वाली 10 सबसे बड़ी गलतियां कौन सी हैं:

1. बिना किसी प्लान के सिर्फ किताबें लेकर बैठना

अक्सर स्टूडेंट्स बिना किसी टाइमटेबल या प्लानिंग के पढ़ने बैठ जाते हैं. वे कभी भी कोई भी विषय उठा लेते हैं. इससे न तो सिलेबस पूरा होता है और न ही कॉन्सेप्ट क्लियर होते हैं. पढ़ाई के लिए सटीक रूटीन होना बेहद जरूरी है.

2. रट्टा मारने की खतरनाक आदत

चीजों को समझने के बजाय उन्हें तोते की तरह रटना बोर्ड परीक्षा में सबसे बड़ा धोखा साबित होता है. पेपर में थोड़ा सा भी सवाल घुमाकर पूछ लिया जाता है तो रटने वाले स्टूडेंट्स उसमें अटक जाते हैं. हमेशा चीजों के पीछे का ‘लॉजिक’ समझें.

3. सोशल मीडिया और फोन का बार-बार इस्तेमाल

पढ़ाई के दौरान हर 10 मिनट पर इंस्टाग्राम रील्स या WhatsApp नोटिफिकेशन चेक करने की आदत सारा फोकस तोड़ देती है. एकाग्रता भंग होने से पढ़ा हुआ दिमाग से तुरंत गायब हो जाता है. पढ़ाई के वक्त फोन को खुद से दूर रखना ही समझदारी है.

4. लिखकर याद करने से कतराना

सिर्फ आंखों से पढ़कर या पन्ने पलटाकर याद करना बहुत बड़ी भूल है. जब तक आप हाथ से लिखकर प्रैक्टिस नहीं करेंगे, तब तक परीक्षा में समय पर सही तरह से उत्तर लिख नहीं पाएंगे और लिखने की स्पीड भी कमजोर रह जाएगी.

5. नोट्स खुद न बनाकर दूसरों के भरोसे रहना

अपने खुद के हैंडरिटेन नोट्स बनाने से दिमाग में बातें लंबे समय तक याद रहती हैं. दूसरों के फोटोकॉपी किए हुए नोट्स से पढ़ाई करना और खुद मेहनत न करना आपकी सीखने की क्षमता को सुस्त बना देता है.

6. पिछले सालों के पेपर (PYQs) हल न करना

सिर्फ किताबें चाटते रहना और मॉक टेस्ट या पुराने प्रश्नपत्रों को हल न करना आपको परीक्षा के माहौल के लिए तैयार नहीं करता. पेपर पैटर्न समझे बिना एग्जाम हॉल में जाना अंधेरे में तीर चलाने जैसा है.

7. रिवीजन को बिल्कुल समय न देना

नया चैप्टर पढ़ने के चक्कर में पुराने पढ़े हुए को भूल जाना बहुत आम है. अगर आप हफ्ते में एक बार पुराने टॉपिक्स का रिवीजन नहीं करते हैं तो एग्जाम के समय सब कुछ नया और भूला-बिसरा लगने लगेगा.

8. नींद पूरी न करना और सेहत से खिलवाड़

परीक्षा के चक्कर में रात-रातभर जागना और सोने की साइकिल बिगाड़ लेना दिमाग की कार्यक्षमता को धीमा कर देता है. थका हुआ दिमाग एग्जाम हॉल में ठीक से काम नहीं कर पाता, जिससे आते हुए सवाल भी गलत हो जाते हैं.

9. अपनी कमजोरियों से भागना

जो विषय कठिन लगता है, स्टूडेंट्स अक्सर उससे जी चुराते हैं और आसान विषयों को बार-बार पढ़ते रहते हैं. डरकर भागने से कमजोर विषय और ज्यादा भारी लगने लगते हैं, जो रिजल्ट पर सीधा असर डालते हैं.

10. ग्रुप स्टडी के नाम पर सिर्फ समय बर्बाद करना

दोस्तों के साथ पढ़ना अच्छा है, लेकिन अगर ग्रुप स्टडी का इस्तेमाल सिर्फ गपशप और समय की बर्बादी के लिए किया जा रहा है तो यह जहर का काम कर रहा है. अकेले में की गई सेल्फ-स्टडी हमेशा सबसे ज्यादा असरदार होती है.



Source link