नई दिल्ली (Child Language Development Skills). भाषा केवल अपने मन की बात कहने का जरिया भर नहीं है. यह सोचने, समझने, तर्क करने और किसी नतीजे पर पहुंचने की असली नींव है. जिस बच्चे के पास शब्दों का अच्छा खजाना होता है, वह न केवल अपनी बात खुलकर रख पाता है, बल्कि मैथ्स के कठिन सवाल और साइंस की कॉम्प्लेक्स बातें भी आसानी से समझ लेता है. यह नींव किसी एक जगह या अकेले स्कूल में तैयार नहीं हो सकती. इसके लिए घर और स्कूल, दोनों को मिलकर कोशिश करनी पड़ती है.
घर से शुरू होती है भाषा की अनमोल यात्रा
बच्चा सबसे पहले अपने परिवार से सुनकर बोलना और भाषा को समझना सीखता है. इसलिए पेरेंट्स को बच्चों के साथ खुलकर बात करनी चाहिए. बच्चों से ऐसे सवाल पूछें, जिनका जवाब पूरे वाक्य में देना पड़े, जैसे- ‘स्कूल में सबसे मजेदार क्या हुआ?’ या ‘जब तुम खेल रहे थे, तब क्या-क्या हुआ?’ बच्चे की बात हमेशा धैर्य से सुनें. अगर वह कोई शब्द गलत बोल दे तो उसे सबके सामने टोकने के बजाय सही शब्द को अपने वाक्य में नैचुरल तरीके से दोहरा दें. इससे बच्चे का कॉन्फिडेंस बना रहता है और सुधार भी हो जाता है.
पढ़ने की अनूठी आदत और लोककथाओं का जादू
पढ़ना भाषा के विकास का सबसे असरदार तरीका है. कम पढ़े-लिखे पेरेंट्स बच्चों को पुरानी लोककथाएं, लोकगीत, लोरियां, पहेलियां और कहावतें सुनाकर उनके उम्दा शिक्षक बन सकते हैं. कहानी सुनाते वक्त बच्चों से पूछें कि अब आगे क्या होगा.. या उन्हीं से कहानी दोबारा सुनें. बस का बोर्ड, दुकान का नाम या कोई पैकेट जैसी चीजें भी पढ़ने का साधन बन सकती हैं. बड़े भाई-बहन या आस-पास की लाइब्रेरी के जरिए बच्चों को किताबें मुहैया कराएं. माता-पिता की किताबों में रुचि होगी तो बच्चा भी उनसे जुड़ाव महसूस करेगा.
लैंग्वेज स्किल में स्कूल और क्लासरूम का रोल
मातृभाषा की ताकत और आपसी संवाद
कई रिसर्च में साबित हुआ है कि जो बच्चा अपनी मातृभाषा में मजबूत होता है, वह दूसरी भाषाएं भी बहुत आसानी से सीख लेता है. इसलिए सिर्फ अंग्रेजी के मोह में घर की बोली या मातृभाषा की उपेक्षा बिल्कुल न करें. राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और राष्ट्रीय पाठ्यचर्या की रूपरेखा 2022 भी शुरुआती क्लासेस में मातृभाषा की पढ़ाई पर जोर देती हैं. टीचर्स और पेरेंट्स को नियमित बातचीत करनी चाहिए. PTM में केवल रिजल्ट की चर्चा करने के बजाय बच्चे के बोलने, पढ़ने और लिखने के विकास पर भी बात करें.