Last Updated:
चातुर्मास समाप्त होते ही एक बार फिर शादी-ब्याह का दौर शुरू होने जा रहा है. ज्योतिषाचार्य आनंद भारद्वाज के अनुसार, नवंबर 2026 में विवाह के लिए केवल चार शुभ मुहूर्त मिलेंगे. आइए जानते है कब विवाह करना शुभ रहेगा.
उज्जैन. देवउठनी एकादशी के साथ ही हिंदू धर्म में मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाती है. करीब चार महीने के चातुर्मास के बाद अब एक बार फिर विवाह समारोहों की रौनक लौटने वाली है. नवंबर में बैंड-बाजा, बारात और शहनाइयों की गूंज सुनाई देगी. हालांकि, इस बार शादी की योजना बना रहे लोगों के लिए तारीखों को लेकर थोड़ी परेशानी हो सकती है. इसकी वजह है नवंबर में विवाह के लिए मिलने वाले सीमित शुभ मुहूर्त. पंचांग के अनुसार, पूरे महीने में शादी के लिए केवल चार शुभ तारीखें मिल रही हैं. ऐसे में जिन परिवारों में विवाह की तैयारियां चल रही हैं, उन्हें अभी से तारीख और आयोजन स्थल तय करने की जरूरत है.
उज्जैन के ज्योतिष आचार्य आनंद भारद्वाज के अनुसार, 20 नवंबर 2026, शुक्रवार को देवउठनी एकादशी के साथ चातुर्मास का समापन होगा. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन भगवान विष्णु चार महीने की योगनिद्रा से जागते हैं. इसके बाद विवाह, गृह प्रवेश और अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाती है. यही वजह है कि देवउठनी एकादशी को हिंदू धर्म में विशेष महत्व दिया जाता है.
नवंबर में इन 4 तारीखों पर कर सकेंगे विवाह
पंचांग के अनुसार, नवंबर 2026 में विवाह के लिए चार शुभ मुहूर्त निर्धारित हैं. इन तारीखों में अलग-अलग नक्षत्रों का संयोग बन रहा है. 21 नवंबर, शनिवार विवाह का पहला शुभ मुहूर्त 21 नवंबर को रहेगा. वही दूसरा शुभ मुहूर्त 24 नवंबर, मंगलवार इस दिन विवाह का शुभ समय रहेगा. इस दौरान रोहिणी नक्षत्र रहेगा. वही तीसरा शुभ मुहूर्त 25 नवंबर, बुधवार विवाह के लिए शुभ समय रहेगा. इस दौरान रोहिणी और मृगशिरा नक्षत्र का संयोग रहेगा. यह नवंबर का सबसे लंबा विवाह मुहूर्त है. चौथा शुभ मुहूर्त 26 नवंबर, गुरुवार महीने का आखिरी विवाह मुहूर्त 26 नवंबर को रहेगा. इस दौरान मृगशिरा नक्षत्र रहेगा.
विवाह से पहले पंचांग और कुंडली का क्यों रखते हैं ध्यान?
हिंदू परंपरा में विवाह को केवल दो लोगों का नहीं, बल्कि दो परिवारों का मिलन माना जाता है. इसलिए शादी की तारीख तय करते समय पंचांग के पांच अंग तिथि, वार, नक्षत्र, योग और करण देखे जाते हैं. इसके अलावा गुरु और शुक्र की स्थिति का भी विशेष ध्यान रखा जाता है. ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार, अनुकूल ग्रह-नक्षत्रों में विवाह करने से दांपत्य जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहती है. वहीं, वर-वधू की जन्मकुंडली का मिलान कर गुण, मांगलिक दोष और ग्रहों की स्थिति भी देखी जाती है. विवाह के दौरान होने वाली सप्तपदी और अरुंधती-वशिष्ठ दर्शन जैसी परंपराएं पति-पत्नी के बीच प्रेम, विश्वास और जीवनभर साथ निभाने के संकल्प का प्रतीक मानी जाती हैं. यही कारण है कि शादी की तैयारियों के बीच शुभ मुहूर्त को सबसे महत्वपूर्ण माना जाता है.