Last Updated:
बैंक कर्मचारियों की तीन दिन की हड़ताल से पहले आरबीआई ने बड़ा फैसला लिया है. 27 सितंबर रविवार को भी बैंक शाखाएं और करेंसी चेस्ट खुले रहेंगे ताकि ग्राहकों को ज्यादा परेशानी न हो. 28 से 30 सितंबर तक बैंक बंद रह सकते हैं.
बैंक अब रविवार को भी खुलेंगे.
रिजर्व बैंक (RBI) ने बैंकों को 27 सितंबर 2026 यानी रविवार को बैंक शाखाएं, ऑफिस, एटीएम लिंक्ड ब्रांच और करेंसी चेस्ट खोलने की अनुमति दे दी है. यह फैसला ग्राहकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है.
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिन की राष्ट्रव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है. इससे पहले 26 सितंबर शनिवार और 27 सितंबर रविवार की छुट्टी पड़ रही थी. अगर बैंक रविवार को भी बंद रहते तो ग्राहकों को लंबे समय तक बैंकिंग सेवाओं से वंचित रहना पड़ता.
रिजर्व बैंक ने बैंकों को लिखा खत
आरबीआई ने इंडियन बैंक्स एसोसिएशन को लिखे पत्र में साफ कहा है कि जनता की असली बैंकिंग जरूरतों पर कोई विपरीत असर न पड़े, इसलिए 27 सितंबर को बैंक शाखाएं और करेंसी चेस्ट पूरी तरह चालू रखे जा सकते हैं. बैंकों को कानूनी प्रावधानों का पालन करते हुए यह व्यवस्था करने को कहा गया है. निजी क्षेत्र और विदेशी बैंकों के करेंसी चेस्ट की सूची भी अलग से भेज दी गई है.
क्यों लेना पड़ा इमरजेंसी फैसला
UFBU की तीन दिन की हड़ताल के कारण 28 से 30 सितंबर तक बैंक बंद रहने वाले हैं। इससे पहले दो दिन की छुट्टी मिलाकर ग्राहकों को लगभग पांच दिन तक बैंकिंग सेवाएं न मिलने का खतरा था. आरबीआई ने इसी को ध्यान में रखते हुए रविवार को बैंक खोलने की अनुमति दी है ताकि लोगों को ज्यादा परेशानी न हो. ग्राहकों को सलाह दी गई है कि जरूरी काम जैसे नकदी निकालना, जमा करना या अन्य लेन-देन 27 सितंबर को निपटा लें, क्योंकि उसके बाद तीन दिन तक बैंक बंद रह सकते हैं.