Last Updated:
Share Market Today : भारतीय शेयर बाजार की आज भी पॉजिटिव शुरुआत हो सकती है. कच्चे तेल की कीमत में गिरावट, एशियाई बाजारों में तेजी और गिफ्ट निफ्टी की चाल निवेशकों की धारणा पर सकारात्मक असर कर सकती है. अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौता होने की बन रही उम्मीद भी बाजार के लिए शुभ संकेत है.
सोमवार को शेयर मार्केट तेजी के साथ बंद हुआ था.
नई दिल्ली. भारतीय शेयर बाजार पिछले कारोबारी सत्र यानी 9, नवंबर को हरे निशान में बंद हुआ था. सेंसेक्स 0.13 फीसदी की तेजी के साथ 81,106.65पर और निफ्टी 0.23 फीसदी की चड़कर 25,044.65 के स्तर पर बंद हुआ था. अब कच्चे तेल की कीमतों में आई जोरदार गिरावट, अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौता होने की उम्मीद और गिफ्ट निफ्टी की चाल से संकेत मिल रहे हैं कि आज भारतीय शेयर बाजार में तेजी देखने को मिल सकती है. मंगलवार, 9 नवंबर को दक्षिण कोरिया का कॉस्पी 4.4 फीसदी बढ़ा जबकि जापान का निक्केई 2.9 फीसदी ऊपर गया. एशिया-प्रशांत शेयरों का एमएससीआई का व्यापक सूचकांक 2 फीसदी चढ़ गया, जो पिछले हफ्ते के सात महीने के निचले स्तर से ऊपर आ गया. एशियाई शेयर बाजारों की तेजी भी भारतीय बाजार के लिए एक सकारात्मक संकेत है.
कच्चे तेल की कीमतों जोरदार गिरावट आई है. आज, 11 नवंबर को समाचार लिखे जाने तक ब्रेंट क्रूड करीब एक फीसदी गिरकर 91.71 बैरल प्रति डॉलर पर कारोबार कर रहा था. मंगलवार, 10 नंवबर को तो यह इंट्राडे में एक बार 90 डॉलर बैरल से भी नीचे चला गया था. कच्चे तेल की कीमत में कमी आने से महंगाई को लेकर कुछ चिंताएं कम हुईं. ये चिंताएं फरवरी के अंत में ईरान के साथ अमेरिका-इजरायल के टकराव के शुरू होने के बाद से ही निवेशकों के लिए बड़ा सिरदर्द बनी हुई हैं.
अमेरिका का शेयर बाजार गिरा
अमेरिका का शेयर बाजार आज लाल निशान में कारोबार कर रहा है. शुरुआती कारोबार में डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 340.80 अंक गिरकर 52,048.95 पर आ गया. एसएंडपी 500 (S&P 500) 64.50 अंक की गिरावट के साथ 7,485.44 पर पहुंच गया. नैस्डैक कंपोजिट (Nasdaq Composite): 321.44 अंक टूटकर 24,931.70 पर कारोबार कर रहा था. एसएंडपी 500 के 11 प्रमुख सेक्टरों में से 9 सेक्टर गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे.
टेक शेयरों में लगातार दो दिनों से जारी तेजी पर भी ब्रेक लग गया. एनवीडिया का शेयर करीब छह फीसदी टूट गया. अक्टूबर में उम्मीद से अधिक महंगाई के आंकड़े आने के बाद निवेशकों की चिंता बढ़ गई है.
बाजार को आशंका है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व ब्याज दरों को लंबे समय तक ऊंचे स्तर पर बनाए रख सकता है. पिछले महीने की तुलना में उपभोक्ता कीमतों में 0.4% की वृद्धि दर्ज की गई. महंगाई के इन आंकड़ों के बाद अमेरिका के दो साल के बॉन्ड यील्ड में 21.4 बेसिस पॉइंट की उछाल आई. यह अप्रैल पिछले साल के बाद एक दिन में बॉन्ड यील्ड की सबसे बड़ी बढ़ोतरी है.