पश्चिम एशिया में इस वक्त चारों तरफ इंटेंस माहौल है. ईरान जंग के बीच इजरायल पॉलिटिकल टेंशन के दौर से गुजर रहा है. इस समय एक ऐसी सीक्रेट कूटनीतिक हलचल हुई है, जिसने तेल अवीव से लेकर वॉशिंगटन तक हड़कंप मचा दिया है. ‘द जेरूसलम पोस्ट’ की एक चौंकाने वाली रिपोर्ट के मुताबिक, मॉस्को से उड़ान भरकर रूस का एक प्रतिबंधित मिलिट्री ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट सीधे इजरायल के बेन-गुरियन एयरपोर्ट पर उतरा. असली बवाल तो तब मचा जब इस प्लेन का दरवाजा खुला और उसमें से रूस का सबसे खतरनाक माना जाने वाला शख्स बाहर निकला.
रूस के मिलिट्री बेस से उड़ान और इजरायल पर लैंडिंग
इस विमान में रूस की सबसे ताकतवर और रहस्यमयी सैन्य खुफिया एजेंसी जीआरयू (GRU) के प्रमुख एडमिरल इगोर कोस्त्युकोव अपने एक हाई लेवल डेलीगेशन के साथ मौजूद थे. एक तरफ अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच युद्ध की चिंगारी भड़क रही है, तो दूसरी तरफ रूसी सेना के खुफिया चीफ का यूं अचानक इजरायल पहुंचना कोई साधारण घटना नहीं है.
फ्लाइट-ट्रैकिंग वेबसाइट ‘फ्लाइटराडार24’ के डेटा से खुलासा हुआ है कि रूसी रक्षा मंत्रालय का ‘तुपोलेव Tu-154M’ जेट मॉस्को के पास स्थित चकालोव्स्की एयर बेस से रवाना हुआ था. ये एयर बेस रूसी रक्षा मंत्रालय का मुख्य ऑपरेशनल हब है, जहां से केवल वीआईपी और टॉप मिलिट्री अधिकारियों के सीक्रेट मिशन चलाए जाते हैं.
इस जेट ने काला सागर और तुर्की के हवाई क्षेत्र से होते हुए भूमध्य सागर के रास्ते इजरायल की सीमा में प्रवेश किया. बेन-गुरियन एयरपोर्ट पर उतरने से पहले इस विमान ने इजरायली आसमान में कुछ देर चक्कर काटे और 8 नवंबर की शाम करीब 7 बजे ये रनवे पर लैंड हो गया. इजरायल में टॉप रक्षा अधिकारियों से गुप्त मुलाकात करने के बाद ये रूसी प्रतिनिधिमंडल संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के अबू धाबी के लिए रवाना हो गया.
कौन हैं एडमिरल इगोर कोस्त्युकोव और क्यों कांपता है अमेरिका?
इस पूरे घटनाक्रम का सबसे बड़ा सस्पेंस वही चेहरा हैं, जो इस विमान से बाहर निकले, एडमिरल इगोर कोस्त्युकोव.
- रूस की खतरनाक एजेंसी के हेड: इगोर कोस्त्युकोव रूस के जनरल स्टाफ के मुख्य निदेशालय (GRU) के प्रमुख हैं. जीआरयू वही खुफिया एजेंसी है जो दुनिया भर में रूस के सबसे गुप्त, आक्रामक और रणनीतिक ऑपरेशन्स को अंजाम देने के लिए जानी जाती है.
- ट्रंप-बाइडेन प्रशासन की नजर में सिरदर्द: अमेरिका और उसके पश्चिमी सहयोगी जीआरयू और कोस्त्युकोव को बहुत खतरनाक मानते हैं. साइबर हमलों से लेकर गुप्त सैन्य अभियानों तक, पश्चिमी देश हर बड़े कूटनीतिक उलटफेर के पीछे इसी एजेंसी का हाथ मानते आए हैं.
ऐसे में जब रूस की सेना का सबसे बड़ा जासूस और खुफिया रणनीतिकार सीधे इजरायल के शीर्ष रक्षा अधिकारियों से मिलने पहुंचे, तो पेंटागन और अमेरिकी खुफिया एजेंसियों के कान खड़े होना लाजमी था.
जिस प्लेन से पहुंचे, उस पर अमेरिका ने लगा रखा है बैन!
इस दौरे की सबसे दिलचस्प और आक्रामक बात ये है कि रूस ने इजरायल भेजने के लिए जिस ‘तुपोलेव Tu-154M’ (टेल नंबर RA-85042) विमान का इस्तेमाल किया, वो खुद अमेरिका की सख्त पाबंदियों की लिस्ट में शामिल है.
अमेरिकी विदेश विभाग ने मई 2023 में ‘एग्जीक्यूटिव ऑर्डर 14024’ के तहत रूसी रक्षा मंत्रालय की 223वीं फ्लाइट यूनिट पर कड़े प्रतिबंध लगाए थे. अमेरिका का आरोप था कि ये यूनिट भाड़े के सैनिकों वाले कुख्यात ‘वागनर ग्रुप’ के लड़ाकों और उनके भारी हथियारों को दुनिया के अलग-अलग जंग वाले इलाकों में ले जाने का काम करती है. अमेरिका की बैन लिस्ट में शामिल प्लेन का अमेरिकी सहयोगी देश इजरायल की सरजमीं पर उतरना ही अपने आप में वॉशिंगटन के लिए बड़ा सदमा है.
अचानक क्यों हुई ये मीटिंग? क्या है इसके पीछे का बड़ा प्लान?
हालांकि इस सीक्रेट यात्रा का मकसद क्या था, इस पर इजरायली सेना (IDF) और इजरायल में रूसी दूतावास दोनों ने ही ‘द जेरूसलम पोस्ट’ को कोई भी बयान देने से साफ इनकार कर दिया. लेकिन डिफेंस एक्सपर्ट्स के मुताबिक इसके पीछे तीन बहुत बड़े कारण नजर आ रहे हैं:
- अमेरिका-मध्यस्थता वाली रूस-यूक्रेन वार्ता: सूत्रों का कहना है कि कोस्त्युकोव का ये दल इजरायल और अबू धाबी के रास्ते उस ऐतिहासिक रूस-यूक्रेन वार्ता में शामिल होने जा रहा है, जो अमेरिका की मध्यस्थता में आयोजित हो रही है.
- ईरान-इजरायल-अमेरिका तनाव में रूस की एंट्री: मिडिल ईस्ट में अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच कभी भी महायुद्ध छिड़ने की आशंका बनी हुई है. क्योंकि सीरिया और ईरान में रूस का भारी सैन्य प्रभाव है, इसलिए रूसी खुफिया प्रमुख का इजरायल आना दोनों देशों के बीच बैकचैनल कूटनीति का हिस्सा हो सकता है ताकि जंग को बेकाबू होने से रोका जा सके.
- सीरियाई आसमान में टकराव टालना: सीरिया में इजरायली वायुसेना लगातार हमले करती है, जहां रूसी सेना भी तैनात है. दोनों देशों के सैन्य प्रमुखों के बीच डी-कॉन्फ्लिक्शन को लेकर भी सीधी बातचीत होने की पूरी संभावना है.
अमेरिका की बढ़ी टेंशन
रूस का ये दांव सीधे तौर पर अमेरिका की विदेश नीति और उसकी खुफिया रणनीति को चुनौती दे रहा है. एक तरफ अमेरिका यूक्रेन जंग को लेकर रूस पर नए-नए बैन लगा रहा है, वहीं दूसरी तरफ उसका सबसे करीबी सहयोगी इजरायल रूस के उस सैन्य खुफिया प्रमुख की अगवानी कर रहा है, जो बैन किए गए मिलिट्री जेट में उड़कर आया है.
अब पूरी दुनिया की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि अबू धाबी और इजरायल के इस गुप्त दौरे के बाद मध्य ईस्ट की जंग और यूक्रेन वार्ता में क्या नया मोड़ आता है. लेकिन एक बात तय है, रूस के इस एक मिलिट्री जेट की लैंडिंग ने अमेरिका के पूरे सिक्योरिटी सिस्टम में खलबली जरूर मचा दी है.