Last Updated:
Rajendra Ratjore Kalma Video Viral : राजस्थान के चूरू में पंचायत चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा नेता राजेंद्र राठौड़ का वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें वह चुनावी सभा में कलमा पढ़ते और खुदा-भगवान को एक बताते नजर आ रहे हैं. दरअसल, राजेंद्र राठौड़ गांव पिथिसर में अपनी पुत्रवधू कनिका सिंह के समर्थन में चुनाव प्रचार करने पहुंचे थे. कनिका सिंह जिला परिषद के वार्ड 23 से भाजपा की प्रत्याशी हैं. पिथिसर गांव में चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा प्रत्याशी कनिका सिंह का एक वीडियो भी पहले चर्चा में आया था. इस वीडियो में वह मुस्लिम समुदाय के लोगों को ‘सलाम वालेकुम’ कहकर संबोधित करती नजर आई थीं.
राजेंद्र राठौड़ ने चुनावी सभा में पढ़ा कलमा, बोले- खुदा और भगवान एक ही हैं, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
यह सभा गांव पिथिसर में आयोजित की गई थी. जिला परिषद के वार्ड 23 से भाजपा प्रत्याशी और अपनी पुत्रवधू कनिका सिंह के समर्थन में राजेंद्र राठौड़ यहां पहुंचे थे. सभा में उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए धर्म और जाति से ऊपर उठकर एकता की बात कही. इसी दौरान उन्होंने कलमा पढ़ा और कहा कि हम सभी एक हैं. सभा में मौजूद लोगों के बीच उनका यह अंदाज चर्चा का विषय बन गया. बाद में इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
खुदा और भगवान को बताया एक, पढ़ा कलमा
चुनावी सभा में राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि खुदा और भगवान अलग-अलग नहीं हैं, दोनों एक ही हैं. इसके बाद उन्होंने कलमा पढ़ते हुए लोगों को आपसी भाईचारे का संदेश दिया. राठौड़ ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा, ‘ईश्वर-अल्लाह तेरा नाम, सबको सन्मति दे भगवान। जात-पात पूछे ना कोई, हरि को भजे सो हरि का होय।’ उन्होंने कहा कि हम सभी एक हैं. हमारी रगों में दौड़ने वाला खून भी एक ही है. उनके इस संबोधन में धर्म और जाति के आधार पर लोगों के बीच भेदभाव नहीं करने की बात प्रमुखता से रही. सभा में दिए गए इस संदेश का वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में है.
पुत्रवधू कनिका सिंह के समर्थन में कर रहे थे प्रचार
दरअसल, राजेंद्र राठौड़ गांव पिथिसर में अपनी पुत्रवधू कनिका सिंह के समर्थन में चुनाव प्रचार करने पहुंचे थे. कनिका सिंह जिला परिषद के वार्ड 23 से भाजपा की प्रत्याशी हैं. पंचायती राज आम चुनाव 2026 को लेकर गांवों में चुनावी सभाओं और जनसंपर्क का दौर चल रहा है. इसी कड़ी में आयोजित सभा में राठौड़ ने लोगों से अपनी पुत्रवधू के समर्थन की अपील की. इस दौरान उन्होंने चुनावी माहौल में धार्मिक एकता और भाईचारे की बात भी रखी. उनका कलमा पढ़ना सभा के दूसरे चुनावी भाषणों से अलग नजर आया. यही वजह है कि सभा का यह हिस्सा अब सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है.
पहले कनिका सिंह का सलाम वाला वीडियो भी हुआ था वायरल
पिथिसर गांव में चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा प्रत्याशी कनिका सिंह का एक वीडियो भी पहले चर्चा में आया था. इस वीडियो में वह मुस्लिम समुदाय के लोगों को ‘सलाम वालेकुम’ कहकर संबोधित करती नजर आई थीं. उनके इस अंदाज का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. अब उसी गांव में उनके ससुर और पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ का कलमा पढ़ने वाला वीडियो सामने आया है. दोनों वीडियो को चुनाव प्रचार के दौरान अलग-अलग समुदायों तक पहुंचने और आपसी भाईचारे का संदेश देने से जोड़कर देखा जा रहा है.