Last Updated:
Simhastha 2028 News: उज्जैन में सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 1211 करोड़ 34 लाख रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया. मेला क्षेत्र में पक्की सड़कें, पेयजल और सीवेज लाइन बिछाई जाएगी. साथ ही अधिग्रहित जमीन के बदले 53 किसानों को 37.93 करोड़ रुपए का मुआवजा भी वितरित किया गया.
उज्जैन में सभा को संभोधित करते सीएम.
Ujjain News: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सिंहस्थ-2028 की तैयारियों का शुभारंभ किया. उन्होंने कहा कि सिंहस्थ के आयोजन को देखते हुए उज्जैन के मेला क्षेत्र में स्थायी और मजबूत अधोसंरचना विकसित की जाएगी. इस योजना के तहत मेला क्षेत्र में पक्की सड़कों का निर्माण किया जाएगा. श्रद्धालुओं और साधु-संतों की सुविधा के लिए पेयजल तथा सीवेज की नई पाइपलाइन भी बिछाई जाएगी. साथ ही घाटों के ऊपरी हिस्से में पैदल आवागमन के लिए एक अलग रास्ता तैयार किया जाएगा.
1211 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन
मुख्यमंत्री मंगलवार को उज्जैन में आयोजित भाजपा के दीपावली मिलन समारोह और विकास कार्यों के भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल हुए थे. इस दौरान उन्होंने उज्जैन विकास प्राधिकरण के माध्यम से सिंहस्थ के लिए 1211 करोड़ 34 लाख रुपए की लागत वाले विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया. सीएम ने कहा कि सिंहस्थ की तैयारियों के जरिए उज्जैन की धार्मिक और पौराणिक पहचान को और अधिक मजबूत बनाया जा रहा है.
84 महादेव मंदिरों का होगा विकास
विकास योजनाओं की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि त्रिवेणी से सिद्धवट तक सीवेज लाइन बिछाई जाएगी. इस सीवेज लाइन के बनने से शहर का गंदा पानी शिप्रा नदी में मिलने से रोका जा सकेगा. इसके अलावा उज्जैन के प्रसिद्ध 84 महादेव मंदिरों का भी विकास किया जाएगा. साथ ही अंगारेश्वर महादेव क्षेत्र में भी नए विकास कार्यों की शुरुआत की गई है.
53 किसानों को मुआवजा
सिंहस्थ से जुड़े निर्माण कार्यों के लिए अधिग्रहित की गई जमीन के बदले मुख्यमंत्री ने 53 किसानों को 37 करोड़ 93 लाख (37.93 करोड़) रुपए की मुआवजा राशि के सांकेतिक चेक बांटे. मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि सड़क चौड़ीकरण के दौरान जिन लोगों के मकान प्रभावित हुए हैं और जिन्हें अब तक मकान उपलब्ध नहीं हो पाए हैं, उन्हें निशुल्क आवास दिए जाएंगे.
कांग्रेस और राहुल गांधी पर राजनीतिक हमला
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर भी जम कर राजनीतिक हमला बोला. कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने सांप और नेवले की कहानी भी सुनाई. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने शासन में पांच बार मतदाता सूची का शुद्धीकरण कराया था, तब किसी ने सवाल नहीं उठाए थे. लेकिन अब जब यही प्रक्रिया हो रही है, तो कांग्रेस इसका विरोध कर रही है.
लोकसभा और संसद में चर्चा पर तंज
राहुल गांधी के ‘सड़क पर बहस’ करने वाले बयान पर तंज कसते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बहस करने के लिए देश की लोकसभा से बेहतर मंच भला कौन-सा हो सकता है. उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी हमेशा सड़क पर बहस की बात करते हैं, लेकिन संसद में चर्चा नहीं करते हैं. साथ ही सीएम ने कांग्रेस नेताओं पर झूठ बोलने का आरोप भी लगाया.