Gokul Milk Union Results: गोकुल चुनाव में महायुति ने मारी बाजी, 13 सीटें जीतकर भी हार गया सतेज पैनल, कोर्ट के फैसले से पलटा पूरा गेम

Gokul Milk Union Results: गोकुल चुनाव में महायुति ने मारी बाजी, 13 सीटें जीतकर भी हार गया सतेज पैनल, कोर्ट के फैसले से पलटा पूरा गेम


महाराष्ट्र के कोल्हापुर में सियासी ताकत और सहकारिता की राजनीति का बड़ा केंद्र माने जाने वाले गोकुल (Gokul) दूध संघ के चेयरमैन पद पर महायुति के उम्मीदवार राजेश पाटिल ने जीत दर्ज की है. मंगलवार को हुए चुनाव में उन्होंने कांग्रेस एमएलसी सतेज पाटिल के नेतृत्व वाले पैनल के उम्मीदवार शशिकांत पाटिल चूयकर को तीन वोटों से हरा दिया. इस जीत के साथ ही कोल्हापुर की सहकारी राजनीति में महायुति ने एक बार फिर अपनी ताकत दिखा साबित कर दी है.

गोकुल महाराष्ट्र के सबसे प्रभावशाली सहकारी संस्थानों में से एक है. इसका असर केवल दूध कारोबार तक सीमित नहीं है, बल्कि कोल्हापुर की आर्थिक और राजनीतिक गतिविधियों में भी इसकी अहम भूमिका है. यही वजह है कि इसके चेयरमैन पद का चुनाव सियासी तौर पर बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा था.

19 अक्टूबर को गोकुल के 25 सदस्यीय बोर्ड के लिए हुए चुनाव में सतेज पाटिल के नेतृत्व वाले समविचारी आघाड़ी पैनल ने 13 सीटें जीती थीं, जबकि महायुति के खाते में 12 सीटें आई थीं. इस लिहाज से समविचारी आघाड़ी का पलड़ा भारी था. लेकिन चेयरमैन के चुनाव में सरकारी नामित निदेशकों के मतदान अधिकार ने पूरा समीकरण बदल दिया.

29 अक्टूबर को चेयरमैन के चुनाव के लिए बुलाई गई बैठक अनिवार्य 14 निदेशकों का कोरम पूरा नहीं होने के कारण स्थगित हो गई थी. महायुति के सभी 12 निदेशक बैठक से दूर रहे थे. इसके बाद समविचारी आघाड़ी ने एक अलग बैठक में शशिकांत पाटिल चूयकर को चेयरमैन घोषित कर दिया. इस फैसले को लेकर कानूनी विवाद शुरू हो गया.

इस पूरे विवाद में सोमवार को बॉम्बे हाईकोर्ट का फैसला निर्णायक साबित हुआ. अदालत ने महाराष्ट्र सरकार के उस अध्यादेश पर रोक लगाने से इनकार कर दिया, जिसके तहत बड़ी सहकारी संस्थाओं में सरकार की तरफ से नामित निदेशकों की नियुक्ति का प्रावधान किया गया था. साथ ही, चेयरमैन का चुनाव टालने की मांग भी खारिज कर दी.

हाईकोर्ट ने चारों सरकारी नामित निदेशकों को मतदान की अनुमति दी, लेकिन निर्देश दिया कि उनके वोट अलग मतपेटी में रखे जाएं और अगली सुनवाई तक सुरक्षित रहें. अदालत ने चुनाव की पूरी प्रक्रिया के रिकॉर्ड को भी संरक्षित रखने का आदेश दिया. इस मामले की अगली सुनवाई 25 नवंबर को होनी है.

चार सरकारी नामित निदेशकों के समर्थन से महायुति के 12 निर्वाचित निदेशकों की संख्या 16 हो गई. दूसरी तरफ समविचारी आघाड़ी के उम्मीदवार को 13 वोट मिले. इस तरह राजेश पाटिल ने तीन वोटों के अंतर से चेयरमैन पद का चुनाव जीत लिया.

सरकार के अध्यादेश को लेकर कांग्रेस ने बीजेपी के नेतृत्व वाली सरकार पर वोट चोरी का आरोप लगाया था. हालांकि, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सरकार के फैसले का बचाव करते हुए कहा था कि सरकार अपने अधिकारों के दायरे में रहकर काम कर रही है.

राजेश पाटिल की जीत का असर गोकुल के प्रशासन तक सीमित नहीं माना जा रहा. इसके साथ ही कोल्हापुर की राजनीति में सांसद संजय मांडलिक और एनसीपी मंत्री हसन मुशरिफ के बीच रिश्तों में आई नरमी भी चर्चा में है.

खबरें पढ़ने का बेहतरीन अनुभव

QR स्कैन करें, डाउनलोड करें News18 ऐप या वेबसाइट पर जारी रखने के लिए यहां क्लिक करें

QR Code

login



Source link