मॉर्निंग वॉक वाले संभल जाएं! दिल्ली में अभी टला नहीं खतरा, कब तक मिलेगी राहत?
Agency:एजेंसियां
Last Updated:
Delhi AQI: दिल्ली-NCR के लोगों के लिए मंगलवार का दिन थोड़ी राहत भरी सांस लेकर आया. शहर की हवा में मामूली सुधार देखा गया और वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ से सुधरकर ‘खराब’ श्रेणी में पहुंच गई. चौबीस घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी एक्यूआई 299 दर्ज किया गया. एक दिन पहले सोमवार को यह आंकड़ा 344 पर था. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि हवा की रफ्तार में तेजी आने से आने वाले दिनों में प्रदूषण से और राहत मिल सकती है. हालांकि यह सुधार बहुत मामूली है क्योंकि 299 का स्तर भी सेहत के लिए सुरक्षित नहीं माना जाता है. प्रदूषण के इस दौर में स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है. (All Photos : PTI)
हवा की दिशा और रफ्तार में आए बदलाव ने दिल्ली वालों को राहत दी है. निजी मौसम एजेंसी स्काईमेट के उपाध्यक्ष और मौसम विशेषज्ञ महेश पलावत ने बताया कि उत्तर-पश्चिमी हवाएं इस समय दिल्ली के मौसम पर असर डाल रही हैं. इन हवाओं की औसत गति 12 से 14 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई है. इस तेज गति की वजह से हवा में जमे प्रदूषक तत्व बिखरने लगे हैं.
पलावत ने कहा, ‘अगले कुछ दिनों तक हवा की गति तेज रहने की उम्मीद है, जिससे वायु गुणवत्ता सूचकांक में और सुधार हो सकता है.’ वायु गुणवत्ता पूर्वानुमान प्रणाली के अनुसार अगले दो दिनों में पीएम 2.5 और पीएम 10 के कणों में और कमी आने की उम्मीद है.
शहर में आंकड़े जुटाने वाले 58 निगरानी केंद्रों में से 28 केंद्रों पर हवा ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रही. इसके अलावा 28 केंद्रों पर हवा ‘खराब’ और दो केंद्रों पर ‘मध्यम’ श्रेणी में दर्ज की गई. राहत की बात यह रही कि किसी भी केंद्र पर हवा ‘गंभीर’ श्रेणी में नहीं पहुंची. दिल्ली छावनी क्षेत्र में एक्यूआई 135 और श्री अरबिंदो मार्ग पर 155 दर्ज किया गया.
Add News18 as
Preferred Source on Google
मानकों के अनुसार शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’ और 51 से 100 को ‘संतोषजनक’ माना जाता है. वहीं 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बहुत खराब’ और 401 से ऊपर को ‘गंभीर’ माना जाता है. मंगलवार को दिल्ली की हवा में पीएम 10 सबसे प्रमुख प्रदूषक बना रहा.
डिसिजन सपोर्ट सिस्टम के ताजा आंकड़ों ने प्रदूषण के मुख्य स्रोतों को उजागर किया है. मंगलवार को दिल्ली के कुल प्रदूषण में परिवहन क्षेत्र यानी गाड़ियों का धुआं सबसे बड़ा कारक रहा. इसका योगदान 18 प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया गया. वहीं पराली जलने से होने वाले धुएं की हिस्सेदारी केवल दो प्रतिशत आंकी गई. हालांकि मौसम के पूर्वानुमानों में चेतावनी दी गई है कि बुधवार तक पराली के धुएं का हिस्सा बढ़कर 7.9 प्रतिशत तक पहुंच सकता है.
एम्स के पूर्व निदेशक डॉ रणदीप गुलेरिया ने बताया कि त्योहारों के दौरान वाहनों की आवाजाही बढ़ने से प्रदूषण चरम पर पहुंचा है. सर्दियों में तापमान गिरने से प्रदूषक तत्व ऊपर नहीं उठ पाते और जमीन के पास ही फंस जाते हैं. उन्होंने आगाह किया कि बच्चे, बुजुर्ग और सांस या दिल के मरीज सबसे ज्यादा खतरे में हैं. गुलेरिया ने कहा, ‘लोगों को जितना संभव हो सके घर के अंदर रहने की कोशिश करनी चाहिए.’
डॉक्टरों ने सलाह दी है कि बाहर निकलते समय सही तरीके से एन95 मास्क लगाएं. इसके अलावा सुबह और शाम की सैर से पूरी तरह बचें और घर के भीतर ही व्यायाम करें. अगर खांसी, सीने में जकड़न या सांस लेने में तकलीफ हो, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें.