Pete Hegseth Impeachment : पीट हेगसेथ के वो 5 गुनाह, जिसकी वजह से पीछे पड़ा इंपीचमेंट का भूत, ट्रंप बचा पाएंगे या नहीं?

Pete Hegseth Impeachment : पीट हेगसेथ के वो 5 गुनाह, जिसकी वजह से पीछे पड़ा इंपीचमेंट का भूत, ट्रंप बचा पाएंगे या नहीं?


अमेरिकी पेंटागन के गलियारों में इस समय भूचाल आया हुआ है. डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन के सबसे कड़े तेवरों वाले रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ पर महाभियोग का साया मंडराने लगा है. अमेरिकी संसद में उनके खिलाफ इंपीचमेंट का नया प्रस्ताव पेश हो चुका है. एक तरफ पीट हेगसेथ इसे महज एक राजनीतिक ड्रामा और ‘फर्जीवाड़ा’ बताकर खारिज कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ उन पर 5 ऐसे गंभीर आरोप लगे हैं जिन्होंने अमेरिकी सेना और सरकार की नींद उड़ा दी है. ट्रंप ने भले ही अपने चहेते मंत्री को ‘A++’ रेटिंग देकर उनका बचाव किया हो, लेकिन सवाल ये है कि क्या ट्रंप इस बार अपने सबसे भरोसेमंद सिपहसालार को बचा पाएंगे?

‘हम माफी नहीं मांगेंगे, ये एक तमाशा है’: पीट हेगसेथ का पलटवार

मई के बाद अपनी पहली पेंटागन ब्रीफिंग में पीट हेगसेथ ने पूरी ताकत से अपना पक्ष रखा. उन्होंने रिपब्लिकन सांसद थॉमस मैसी द्वारा लाए गए महाभियोग प्रस्ताव पर तीखा हमला बोला. हेगसेथ ने दो टूक कहा, ‘हम माफी नहीं मांगेंगे. ये महाभियोग प्रस्ताव एक ढोंग है. ये संविधान का मजाक उड़ाता है और उन युद्ध लड़ने वाले सैनिकों को अपराधी साबित करने की कोशिश करता है जो सिर्फ आदेशों का पालन कर रहे थे’.

हेगसेथ ने इस पूरे अभियान की तुलना खुद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पहले कार्यकाल के दौरान आए दो महाभियोग प्रस्तावों से की. उन्होंने कहा कि उनके विरोधी वही पुरानी राजनीतिक चाल चल रहे हैं, जो पहले ट्रंप के खिलाफ चली गई थी. उन्होंने साफ कर दिया कि अगर ट्रंप का साथ देना उन्हें इस घेरे में खड़ा करता है, तो वो हर दिन ऐसी मुसीबत स्वीकार करने के लिए तैयार हैं. उधर, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर थॉमस मैसी को ‘टोटल लूजर’ करार देते हुए हेगसेथ को A+++ की परफॉर्मेंस दी है.

वो 5 बड़े ‘गुनाह’ जिनकी वजह से घिरे हैं हेगसेथ

अमेरिकी संसद में सांसद थॉमस मैसी ने पीट हेगसेथ के खिलाफ महाभियोग के प्रस्ताव में कुल आठ गंभीर आरोप लिस्ट किए हैं, जिनमें मुख्य रूप से पांच ऐसे बड़े विवाद शामिल हैं जिन्होंने अमेरिकी राजनीति में तहलका मचा दिया है.

  1. ईरान के खिलाफ ‘अनधिकृत युद्ध’ का गंभीर आरोप: मैसी के प्रस्ताव का सबसे बड़ा आधार ये है कि हेगसेथ ने ईरान के खिलाफ बिना संसद की आधिकारिक मंजूरी के सैन्य कार्रवाई को अंजाम दिया. आरोप है कि ये कदम ‘वार पावर्स रिजोल्यूशन’ का सीधा उल्लंघन है, जो अमेरिकी राष्ट्रपति या रक्षा विभाग को संसद की सहमति के बिना बड़े युद्ध छेड़ने से रोकता है.
  2. कैरेबियन सागर में बोट स्ट्राइक और वॉर क्राइम्स के दावे: दूसरा बड़ा विवाद कैरेबियन सागर में अमेरिकी सैन्य अभियानों से जुड़ा है. प्रस्ताव में आरोप लगाया गया है कि कैरेबियन में अमेरिकी सेना द्वारा की गई नौकाओं पर स्ट्राइक में युद्ध नियमों की धज्जियां उड़ाई गईं, जिसे आलोचक संभावित ‘वॉर क्राइम्स’  की कैटेगरी में रख रहे हैं.
  3. ईरानी स्कूल पर हमला और नागरिकों की मौतों की अनदेखी: तीसरा सबसे सेंसेटिव आरोप नागरिकों की सुरक्षा से जुड़ा है. रिपोर्ट के अनुसार, ईरान में एक सैन्य कार्रवाई के दौरान स्कूल पर हुए हमले में नियमों को ताक पर रखा गया. आरोप है कि हेगसेथ ने उन कानूनों और दिशा-निर्देशों की अनदेखी की जिनका मकसद सैन्य अभियानों के दौरान आम नागरिकों और बच्चों की जान बचाना होता है.
  4. वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो का अपहरण : चौथा बड़ा और चौंकाने वाला आरोप वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के अपहरण से जुड़ा है. प्रस्ताव में दावा किया गया है कि पेंटागन ने गुप्त रूप से इस तरह के अवैध और आक्रामक ऑपरेशन में हाथ बंटाया, जो अंतरराष्ट्रीय कूटनीति के नियमों के खिलाफ है.
  5. 50 वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों की तरक्की रोकना: पांचवां प्रशासनिक विवाद सेना के भीतर आंतरिक बवाल से जुड़ा है. हेगसेथ पर आरोप है कि उन्होंने जनरल या एडमिरल रैंक के लिए चुने गए 50 वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के प्रमोशन को बेवजह रोक दिया, जिससे पेंटागन और सेना के भीतर काफी नाराजगी फैल गई.

क्या पीट हेगसेथ को बचा पाएंगे डोनाल्ड ट्रंप?

ये महाभियोग प्रस्ताव थॉमस मैसी का दूसरा प्रयास है. इससे पहले मिडटर्म चुनावों से ठीक पहले उनका पहला प्रयास रिपब्लिकन हाउस स्पीकर माइक जॉनसन द्वारा खारिज करवा दिया गया था. लेकिन इस बार का राजनीतिक माहौल अलग है. मैसी अपने कार्यकाल के अंतिम दिनों में इस मुद्दे को पूरी ताकत से उठा रहे हैं.

पीट हेगसेथ का तर्क है कि रोनाल्ड रेगन, बिल क्लिंटन, बराक ओबामा और जो बाइडेन के राष्ट्रपतियों के कार्यकाल में भी सैन्य ऑपरेशन हुए थे, लेकिन कभी किसी रक्षा मंत्री पर इस तरह महाभियोग नहीं चलाया गया. उनका कहना है कि ये अमेरिका के दुश्मनों को गलत संदेश देता है कि देश अपनी ही सेना और लीडरशिप को सजा दे रहा है.

हालांकि, ट्रंप का खुला समर्थन हेगसेथ के लिए एक बड़ा राजनीतिक कवच जरूर है, लेकिन कांग्रेस में बढ़ते दबाव और इन पांच गंभीर आरोपों की फेहरिस्त ने पेंटागन की राहें बेहद कठिन कर दी हैं. आने वाले दिनों में ये देखना बेहद दिलचस्प होगा कि क्या ट्रंप की राजनीतिक ताकत हेगसेथ को इस चक्रव्यूह से सुरक्षित बाहर निकाल पाती है या ये महाभियोग प्रस्ताव अमेरिकी सरकार के लिए एक बहुत बड़ा सिरदर्द साबित होगा.



Source link