Last Updated:
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नैटली बेकर को पाकिस्तान में अगला अमेरिकी राजदूत नामित किया है. हालांकि, इस पद को संभालने के लिए उन्हें अभी अमेरिकी सीनेट की मंजूरी लेनी होगी. बेकर पहले से ही पाकिस्तान में तैनात हैं और वह बतौर मिशन प्रमुख फिलहाल काम कर रही हैं.
नैटली बेकर को पाकिस्तान में अगला अमेरिकी राजदूत नामित किया गया है. फोटो- रायटर
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नैटली बेकर को पाकिस्तान में अगला अमेरिकी राजदूत नामित किया है. इससे करीब दो साल के अंतराल के बाद इस्लामाबाद में पूर्णकालिक अमेरिकी राजदूत की नियुक्ति का रास्ता खुल गया है. हालांकि, बेकर को अभी इस पद पर पहुंचने के लिए अमेरिकी सीनेट की मंजूरी लेनी होगी. खास बात यह है कि वह पहले से ही इस्लामाबाद में अमेरिकी दूतावास की कमान संभाल रही हैं. ऐसे में उनकी नियुक्ति से पाकिस्तान में अमेरिकी कूटनीतिक मिशन को नया नेतृत्व देने के बजाय मौजूदा व्यवस्था को ही स्थायी रूप मिल सकता है.
कौन हैं नैटली बेकर?
नैटली बेकर अमेरिका की वरिष्ठ करियर राजनयिक हैं. वह फिलहाल पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद स्थित अमेरिकी दूतावास में प्रभारी राजनयिक यानी चार्ज डी अफेयर्स के तौर पर काम कर रही हैं. तत्कालीन अमेरिकी राजदूत डोनाल्ड आर्मिन ब्लूम के पाकिस्तान से जाने के बाद उन्होंने जनवरी 2025 में यह जिम्मेदारी संभाली थी.
बेकर अगस्त 2024 में इस्लामाबाद पहुंची थीं. उस समय उन्हें अमेरिकी दूतावास में उप प्रमुख की जिम्मेदारी दी गई थी. राजदूत की अनुपस्थिति में दूतावास के रोजमर्रा के कामकाज और कूटनीतिक संपर्कों की जिम्मेदारी प्रभारी राजनयिक संभालता है. बेकर भी पाकिस्तान में अमेरिकी मिशन का नेतृत्व इसी भूमिका में कर रही हैं.
सीनेट की मंजूरी के बाद बनेंगी राजदूत
व्हाइट हाउस ने 9 नवंबर को बेकर का नाम राजदूत पद के लिए अमेरिकी सीनेट को भेजा. उन्हें पाकिस्तान में अमेरिका की असाधारण और पूर्णाधिकारी राजदूत नियुक्त करने का प्रस्ताव है. वह अमेरिकी विदेश सेवा की करियर अधिकारी हैं और उन्हें मिनिस्टर-काउंसलर का दर्जा प्राप्त है.
अब सीनेट की विदेश संबंध समिति उनके नामांकन की समीक्षा करेगी. समिति की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नामांकन पूरे सदन के सामने मतदान के लिए जा सकता है. सीनेट की पुष्टि मिलने पर ही बेकर औपचारिक रूप से अमेरिकी राजदूत का पद संभाल सकेंगी. तब तक वह इस्लामाबाद में प्रभारी राजनयिक के रूप में काम करती रहेंगी.
कतर से लीबिया तक संभाल चुकी हैं अहम जिम्मेदारियां
बेकर का कूटनीतिक अनुभव केवल पाकिस्तान तक सीमित नहीं है. अगस्त 2021 से जुलाई 2024 तक उन्होंने कतर की राजधानी दोहा स्थित अमेरिकी दूतावास में उप प्रमुख के तौर पर काम किया. इससे पहले वह लीबिया में अमेरिकी मिशन की उप प्रमुख और प्रभारी राजदूत रह चुकी हैं.
उन्होंने दुबई स्थित अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के ईरान क्षेत्रीय उपस्थिति कार्यालय में उप निदेशक की जिम्मेदारी भी संभाली. कुवैत स्थित अमेरिकी दूतावास में वह आर्थिक सलाहकार रही हैं. इसके अलावा अमेरिकी विदेश विभाग के निकट पूर्व मामलों के ब्यूरो में उत्तर अफ्रीकी मामलों के कार्यालय की निदेशक के रूप में भी काम कर चुकी हैं.
लीबिया में उनकी तैनाती खास तौर पर अहम रही. वहां उन्होंने ऐसे समय काम किया, जब अमेरिका और लीबिया के बीच लंबे अंतराल के बाद राजनयिक संबंध सामान्य करने की कोशिशें चल रही थीं. 2011 में लीबिया में गृहयुद्ध जैसे हालात बनने के बाद अमेरिकी दूतावास को वहां से अपना कामकाज समेटना पड़ा था.