UP chunav 2027 NDA Seat Sharing formula@यूपी चुनाव 2027 में अब बातें सीट शेयरिंग पर होने लगी है. एनडीए हो या सपा-कांग्रेस हर गठबंधन में सीट शेयरिंग को लेकर घमासान मचा हुआ है. दिवाली खत्म होते ही निषाद पार्टी के डॉ संजय निषाद सोमवार को दिल्ली पहुंचकर बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की है. निषाद ने सीट शेयरिंग पर भी चर्चा होने की बात कबूली. ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि क्या यूपी चुनाव 2022 की तरह सीटों को फॉर्मूला तय होगा या इस बार उसमें जोड़-घटाव संभव है? पिछली बार बीजेपी ने अपने दो सहयोगियों के साथ मिलकर सरकार बनाई थी. बाद में ओपी राजभर की पार्टी सुभासपा भी बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए में शामिल हो गई. ऐसे में 2027 के संभावित गठबंधन का स्वरूप 2022 से अलग होगा या 2022 जैसा ही?
2022 में NDA को मिली थीं 273 सीटें. इस बार गठबंधन में दावेदार बढ़ गए हैं. 2022 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 376 सीटों पर चुनाव लड़ा था और 255 सीटों पर जीत हासिल की थी. उसके सहयोगी अपना दल (सोनेलाल) ने 17 सीटों पर उम्मीदवार उतारे और 12 पर जीत दर्ज की. निषाद पार्टी के खाते में छह सीटें आईं. इस तरह बीजेपी और उसके इन दोनों सहयोगियों का कुल आंकड़ा 273 सीटों तक पहुंचा था.
यूपी चुनाव 2027 को लेकर दिल्ली में संजय निषाद और बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन में मुलाकात.
यूपी चुनाव 2027 में बीजेपी के गुड बुक में कौन-कौन सहयोगी?
लेकिन 2022 में सुभासपा और आरएलडी बीजेपी के साथ नहीं थीं. दोनों दल समाजवादी पार्टी के नेतृत्व वाले गठबंधन में शामिल थे. सुभासपा ने 19 सीटों पर चुनाव लड़कर छह और आरएलडी ने 33 सीटों पर लड़कर आठ सीटें जीती थीं. 2027 में ये दोनों दल एनडीए के साथ हैं. यानी बीजेपी के सामने अब सहयोगियों की संख्या और उनकी सीटों की मांग, दोनों पहले से ज्यादा हैं.
2027 में कौन-कौन सी पार्टियां मांग रही हैं ज्यादा सीटें?
इस बार बीजेपी के सामने चार प्रमुख सहयोगी दलों के दावे हैं. इसके अलावा चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) औऱ नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू भी सीट मांग रही है. इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की पार्टी हम भी कुछ सीट मांग रही है. ऐसे में बीजेपी के सामने दोहरी चुनौती है. निषाद पार्टी के अध्यक्ष और योगी सरकार में मंत्री संजय निषाद लगातार अधिक सीटों की मांग उठा रहे हैं. उनकी दलील है कि निषाद समाज का प्रभाव प्रदेश के कई विधानसभा क्षेत्रों में है और पार्टी को उन सीटों पर मौका मिलना चाहिए, जहां पिछले चुनाव में बीजेपी को हार मिली थी. सितंबर 2026 में संजय निषाद ने यहां तक कहा था कि अगर बीजेपी उनकी पार्टी की मांगों को महत्व नहीं देती तो उन्हें अपने राजनीतिक विकल्पों पर विचार करना पड़ सकता है. हालांकि, उन्होंने गठबंधन छोड़ने का कोई अंतिम ऐलान नहीं किया.
अतरौलिया विधानसभा सीट को लेकर आपस में भिड़े संजय निषाद और ओपी राजभर.
ओम प्रकाश राजभर का पूर्वांचल पर दावा
ओम प्रकाश राजभर की सुभासपा 2022 में सपा के साथ थी, लेकिन अब एनडीए का हिस्सा है. पार्टी की नजर खासकर पूर्वांचल की उन सीटों पर है, जहां राजभर समुदाय का प्रभाव माना जाता है. राजभर ने आजमगढ़ जैसे इलाकों में भी सीटों पर दावा पेश किया है. उनकी पार्टी का तर्क है कि संगठन ने कई विधानसभा क्षेत्रों में लंबे समय से काम किया है और उसे चुनाव लड़ने का पर्याप्त मौका मिलना चाहिए.
अनुप्रिया पटेल के सामने पुराना प्रदर्शन दोहराने की चुनौती
अनुप्रिया पटेल की अपना दल (एस) 2022 में एनडीए की सबसे सफल सहयोगी पार्टी रही थी. उसने 17 सीटों पर चुनाव लड़कर 12 जीती थीं. इसलिए 2027 में पार्टी अपने पिछले प्रदर्शन और कुर्मी सहित पिछड़े वर्गों के बीच संगठनात्मक आधार को सीटों की मांग का आधार बना सकती है. हालांकि, अनुप्रिया पटेल ने अक्टूबर 2026 में कहा था कि सीटों का आवंटन चाहे किसी भी सहयोगी को हो, सभी एनडीए उम्मीदवारों को जिताने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को काम करना चाहिए. उन्होंने सीट बंटवारे को गठबंधन के लिए बाधा नहीं बताया.
पश्चिमी यूपी से आगे विस्तार की कोशिश
जयंत चौधरी की आरएलडी 2022 में सपा के साथ थी और उसने 33 सीटों पर चुनाव लड़कर आठ सीटें जीती थीं. अब बीजेपी के साथ आने के बाद पार्टी पश्चिमी यूपी के अपने प्रभाव वाले क्षेत्रों के अलावा पूर्वी और मध्य यूपी में भी राजनीतिक विस्तार चाहती है. जुलाई 2026 में एनडीए की बैठक में आरएलडी ने पूर्वांचल की कुछ सीटों पर भी अवसर देने की मांग रखी थी. पार्टी का तर्क था कि जहां उसका संगठन और सामाजिक समीकरण मजबूत हैं, वहां उसे चुनाव लड़ने का मौका मिलना चाहिए.
चिराग पासवान भी बढ़ा सकते हैं एनडीए की परेशानी
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) भी उत्तर प्रदेश में अपनी राजनीतिक मौजूदगी बढ़ाना चाहती है. पार्टी की नजर खासकर गैर-जाटव दलित मतदाताओं और अवध क्षेत्र की कुछ सीटों पर बताई जा रही है. पंडित-पासी-पासवान फॉर्मूला के दम पर वह यूपी में अपनी पार्टी की जड़ मजबूत करना चाहते हैं. हालांकि, कितनी सीटें मिलेंगी, इस पर कोई आधिकारिक सहमति सामने नहीं आई है.
बीजेपी का क्या हो सकता है सीट शेयरिंग फॉर्मूला?
पहला- 2022 के प्रदर्शन को आधार बनाना: अपना दल (एस) और निषाद पार्टी अपने पिछले चुनावी प्रदर्शन के आधार पर सीटों की मांग कर सकती हैं. वहीं आरएलडी और सुभासपा 2022 में सपा गठबंधन के साथ रहते हुए जीती सीटों और अपने सामाजिक आधार का हवाला दे सकती हैं.
दूसरा- सीट-दर-सीट सर्वे और स्थानीय समीकरण: बीजेपी यह देख सकती है कि किस विधानसभा क्षेत्र में किस सहयोगी दल का संगठन मजबूत है, किस उम्मीदवार की स्थानीय पकड़ है और किस सामाजिक समीकरण से एनडीए को लाभ मिल सकता है. जुलाई की बैठक में भी नितिन नवीन ने सहयोगियों से अपनी पसंदीदा सीटों पर तत्काल दावा करने के बजाय उन सीटों पर मिलकर काम करने को कहा था, जहां एनडीए 2022 में हार गया था.
तीसरा- बीजेपी के चुनाव चिह्न पर सहयोगी दलों के उम्मीदवार: एक विकल्प यह भी बताया जा रहा है कि कुछ सहयोगियों के मजबूत उम्मीदवारों को बीजेपी के चुनाव चिह्न पर मैदान में उतारा जा सकता है. इससे सहयोगियों की राजनीतिक भागीदारी भी बनी रहेगी और बीजेपी अपने चुनाव चिह्न पर सीटों की संख्या भी ज्यादा रख सकेगी. हालांकि, यह अभी मीडिया रिपोर्टों में सामने आया संभावित विकल्प है, घोषित फॉर्मूला नहीं.