इंडिया-A के खिलाड़ियों का रिपोर्ट कार्ड, 3 मैचों में किसको मिले कितने नंबर, टेस्ट की प्लेइंग XI में किसकी जगह हुई पक्की?

इंडिया-A के खिलाड़ियों का रिपोर्ट कार्ड, 3 मैचों में किसको मिले कितने नंबर, टेस्ट की प्लेइंग XI में किसकी जगह हुई पक्की?


नई दिल्ली. न्यूजीलैंड के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए चुनी गई भारतीय टीम के 12 खिलाड़ी न्यूजीलैंड ए के खिलाफ तीन मैचों की अनौपचारिक टेस्ट सीरीज में इंडिया ए की ओर से खेले. मंगलवार ( को इस सीरीज का समापन हुआ. इस दौरान कई भारतीय खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया और न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट की प्लेइंग इलेवन में जगह बनाने के लिए मजबूत दावेदारी पेश की.

तीन मैचों की यह सीरीज 0-0 से ड्रॉ रही. तीनों मुकाबले ड्रॉ पर समाप्त हुए, लेकिन इंडिया ए के लिए इस सीरीज में कई सकारात्मक पहलू रहे. खासकर पहले अनौपचारिक टेस्ट की पहली पारी में बर्ट सटक्लिफ ओवल, लिंकन में टीम के महज 113 रन पर सिमटने के बाद खिलाड़ियों ने शानदार वापसी की.

बल्लेबाजों को अच्छे नंबर

यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल, ध्रुव जुरेल और वाशिंगटन सुंदर तीनों अनौपचारिक टेस्ट में खेले. वहीं, रवींद्र जडेजा, जसप्रीत बुमराह और प्रसिद्ध कृष्णा ने 7 से 10 नवंबर तक खेले गए बारिश से प्रभावित तीसरे मैच में हिस्सा लिया. मोहम्मद सिराज दूसरे अनौपचारिक टेस्ट में खेले.दूसरी ओर, केएल राहुल और अंशुल कंबोज ने लिंकन में पहला अनौपचारिक टेस्ट खेलने के बाद भारतीय वनडे टीम के साथ जुड़ गए. आकाश दीप ने पहले दो मुकाबलों में हिस्सा लिया.

यशस्वी जायसवाल

बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने इंडिया ए के लिए तीनों अनौपचारिक टेस्ट खेले. उन्होंने पांच पारियों में दो शतक जड़े. सीरीज के पहले मुकाबले में यशस्वी 17 और 5 रन ही बना सके. इसके बाद क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में खेले गए दूसरे मैच की पहली पारी में भी वह खाता नहीं खोल सके. हालांकि, दूसरी पारी में उन्होंने नाबाद 155 रन की शानदार पारी खेलकर वापसी की. इसके बाद बारिश से प्रभावित तीसरे टेस्ट में उन्होंने 138 गेंदों पर 102 रन बनाए.

केएल राहुल

भारतीय टेस्ट टीम के उपकप्तान केएल राहुल ने पहले अनौपचारिक टेस्ट में पारी की शुरुआत की, लेकिन पहली पारी में आठ गेंद खेलने के बावजूद खाता नहीं खोल सके. दूसरी पारी में भी उनका बल्ला नहीं चला और वह 15 गेंदों पर सिर्फ 4 रन बना सके.

साई सुदर्शन

साई सुदर्शन ने पहले अनौपचारिक टेस्ट में इंडिया ए के लिए चौथे नंबर पर बल्लेबाजी की, जबकि अगले दो मुकाबलों में उन्होंने पारी का आगाज किया. राहुल की तरह वह भी पहले टेस्ट की पहली पारी में खाता नहीं खोल सके, लेकिन दूसरी पारी में उन्होंने शानदार वापसी करते हुए 91 रन बनाए. दूसरे अनौपचारिक टेस्ट में तमिलनाडु के इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने दोनों पारियों में क्रमशः 41 और 11 रन बनाए. वहीं, तीसरे मुकाबले की पहली पारी में बतौर ओपनर उन्होंने 88 रन की शानदार पारी खेली.

देवदत्त पडिक्कल

कर्नाटक के बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल न्यूजीलैंड के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज में भारत के लिए तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते नजर आ सकते हैं. उन्होंने इंडिया ए की ओर से भी तीनों अनौपचारिक टेस्ट में इसी स्थान पर बल्लेबाजी की. पडिक्कल पहले मुकाबले में इंडिया ए के सबसे सफल बल्लेबाज रहे. उन्होंने पहली पारी में 32 और दूसरी पारी में 199 रन बनाए. इसके बाद दूसरे अनौपचारिक टेस्ट की पहली पारी में उन्होंने 80 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन दूसरी पारी में वह पहली ही गेंद पर आउट हो गए. तीसरे टेस्ट में भी उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा और वह 53 गेंदों पर 15 रन ही बना सके.

ध्रुव जुरेल

विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने तीनों मुकाबलों में इंडिया ए की कप्तानी की. उन्होंने सीरीज में 1 (13 गेंद), 2 (12 गेंद), 105 (171 गेंद) और 71 (95 गेंद) रन बनाए. दूसरे और तीसरे अनौपचारिक टेस्ट की दूसरी पारी में उन्हें बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला. अगर ऋषभ पंत अपनी चोट से उबरने में नाकाम रहते हैं और वेलिंगटन में सीरीज के पहले टेस्ट से बाहर होते हैं, तो जुरेल भारतीय टीम के लिए विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं.

वाशिंगटन सुंदर

तमिलनाडु के स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर ने इंडिया ए के लिए दो अर्धशतक लगाए. इसके अलावा उन्होंने तीन पारियों में तीन विकेट भी हासिल किए. सुंदर ने पहले अनौपचारिक टेस्ट में 0 और 52 रन बनाए. गेंदबाजी में उन्होंने दोनों पारियों में क्रमशः 1/29 और 1/26 के आंकड़े दर्ज किए. इसके बाद दूसरे अनौपचारिक टेस्ट की पहली पारी में उन्होंने 8 रन बनाए, जबकि तीसरे मुकाबले की पहली पारी में उनके बल्ले से 50 रन निकले.

अंशुल कंबोज

हरियाणा के तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज ने पिछले साल मैनचेस्टर में इंग्लैंड के खिलाफ भारत के लिए टेस्ट डेब्यू किया था. उन्होंने इंडिया ए की ओर से सिर्फ पहला अनौपचारिक टेस्ट खेला. इस मुकाबले की पहली पारी में उन्होंने तीन विकेट हासिल किए, जबकि दूसरी पारी में उनके खाते में एक विकेट आया. बल्लेबाजी में भी कंबोज ने योगदान दिया और पहली पारी में 10 जबकि दूसरी पारी में 23 रन बनाए.

आकाश दीप

बंगाल के तेज गेंदबाज आकाश दीप पहले दो अनौपचारिक टेस्ट में इंडिया ए की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा रहे. उन्होंने गेंदबाजी में 2/57, 1/25 और 0/59 के आंकड़े दर्ज किए. पहले अनौपचारिक टेस्ट की पहली पारी में वह खाता नहीं खोल सके, लेकिन दूसरी पारी में 25 रन बनाकर नाबाद रहे. हेगले ओवल में खेले गए दूसरे अनौपचारिक टेस्ट में आकाश दीप ने बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने नौवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 116 गेंदों पर 68 रन की अहम पारी खेली.

मोहम्मद सिराज

हैदराबाद के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने 31 अक्टूबर से 3 नवंबर तक हेगले ओवल में खेले गए दूसरे अनौपचारिक टेस्ट में इंडिया ए के तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई की. उन्होंने पहली पारी में 35 ओवर गेंदबाजी करते हुए 118 रन देकर चार विकेट हासिल किए. सिराज ने पहली पारी में दसवें नंबर पर बल्लेबाजी भी की, लेकिन जारोड मैके ने उन्हें 12 गेंदों पर बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया.

रवींद्र जडेजा

रवींद्र जडेजा ने इंडिया ए के लिए सिर्फ तीसरा अनौपचारिक टेस्ट खेला. लिंकन के बर्ट सटक्लिफ ओवल में उन्होंने पहली पारी में छठे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 25 रन बनाए. हालांकि, इस मुकाबले में उन्हें गेंदबाजी करने का मौका नहीं मिला. लिंकन में बारिश के कारण मैच के आखिरी दिन का खेल पूरी तरह धुल गया.

जसप्रीत बुमराह

तेज गेंदबाजी के अगुआ जसप्रीत बुमराह को तीसरे अनौपचारिक टेस्ट के लिए इंडिया ए की टीम में शामिल किया गया था. साल 2026 में यह उनका पहला रेड बॉल मुकाबला था. बुमराह ने मैच के दूसरे दिन के तीसरे सत्र में गेंदबाजी की. उन्होंने अपने 11 ओवर के स्पेल में सिर्फ 11 रन खर्च किए, लेकिन उन्हें कोई विकेट नहीं मिला.

प्रसिद्ध कृष्णा

वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज और न्यूजीलैंड के खिलाफ दोनों व्हाइट बॉल सीरीज से चोट के कारण बाहर रहने वाले प्रसिद्ध कृष्णा ने तीसरे अनौपचारिक टेस्ट से प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी की.उन्होंने मैच के दूसरे दिन शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच ओवर में सिर्फ 12 रन देकर दो विकेट हासिल किए.



Source link