फर्रुखाबाद: हाईकोर्ट की सख्ती के बाद पूर्व SO राकेश सिंह पर FIR, युवती सुसाइड केस में आरोपी की गिरफ्तारी पर गढ़े थे झूठे साक्ष्य

फर्रुखाबाद: हाईकोर्ट की सख्ती के बाद पूर्व SO राकेश सिंह पर FIR, युवती सुसाइड केस में आरोपी की गिरफ्तारी पर गढ़े थे झूठे साक्ष्य


Last Updated:

Farrukhabad News: युवती आत्महत्या मामले में आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर फर्जी साक्ष्य गढ़ना जहानगंज थाने के तत्कालीन थानाध्यक्ष राकेश सिंह को भारी पड़ गया. हाईकोर्ट की कड़ी फटकार और सख्त रुख के बाद न सिर्फ दारोगा जी की कुर्सी गई, बल्कि अब उनके खिलाफ थाने में ही आपराधिक धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दिया गया है. पुलिस महकमे के भीतर से ही अपने पूर्व थानेदार पर हुई इस कार्रवाई ने पूरे विभाग में खलबली मचा दी है.

Zoom

Farrukhabad News: फर्रुखाबाद के जहानगंज थाने के तत्कालीन थानाध्यक्ष राकेश सिंह की मुश्किलें बढ़ गई हैं. हाईकोर्ट के आदेश के बाद उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. उन पर यासीन की गिरफ्तारी के मामले में झूठे साक्ष्य गढ़ने और गिरफ्तारी से जुड़े तथ्यों में विरोधाभास होने का आरोप है. इससे पहले पुलिस अधीक्षक आरती सिंह उन्हें निलंबित कर चुकी हैं.

जानिए क्या है पूरा मामला?
पूरा मामला एक युवती की आत्महत्या से जुड़ा है. जहानगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती ने 8 सितंबर को फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी. युवती के पिता ने यासीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी. पिता का आरोप था कि यासीन का उनकी बेटी से करीब दो साल से प्रेम प्रसंग था. वह धर्म परिवर्तन कर शादी करने का दबाव बनाता था और फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देता था. इसी से परेशान होकर बेटी ने आत्महत्या की.

कोर्ट में खुला फर्जीवाड़ा
मामले में यासीन 13 सितंबर को अपने वकील के साथ जहानगंज थाने पहुंचा था, जहां पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया. अगले दिन उसकी गिरफ्तारी दिखाई गई. इस कार्रवाई को लेकर यासीन ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी. मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति अतुल श्रीधर और न्यायमूर्ति अचल सचदेव की खंडपीठ ने की.

कोर्ट ने दोनों पक्षों के दस्तावेजों और दलीलों का परीक्षण किया. सुनवाई के दौरान गिरफ्तारी से संबंधित पुलिस के दस्तावेजों और अदालत में पेश किए गए अभिलेखों में अंतर सामने आया. अदालत ने तत्कालीन जांच अधिकारी राकेश कुमार पर गिरफ्तारी के संबंध में झूठे साक्ष्य गढ़ने की बात कही.

निलंबन के बाद रविवार को दर्ज हुई प्राथमिकी
हाईकोर्ट के आदेश के बाद एसपी आरती सिंह ने दो दिन पहले राकेश सिंह को निलंबित कर दिया था. अब रविवार को वर्तमान थाना प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन पाल की ओर से उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. प्राथमिकी में गिरफ्तारी की तारीख और समय को लेकर भी विरोधाभास का उल्लेख किया गया है.

पुलिस विभाग में हड़कंप, विवेचना पर टिकी नजरें
मामले की विवेचना कौन करेगा, इसके लिए वर्तमान थाना प्रभारी ने पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखा है. हाईकोर्ट की टिप्पणी के बाद पूर्व थानाध्यक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने से पुलिस विभाग में मामला चर्चा का विषय बना हुआ है. अब आगे की जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं, इस पर सबकी नजर रहेगी.



Source link