Last Updated:
Anant Singh Daugher Wedding : बिहार के मोकामा से जेडीयू विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी की शादी 25 नवंबर को उनके पैतृक गांव लदमा में होगी. शादी में भव्य इंतजाम किए जा रहे हैं और चार लाख लोगों के शामिल होने की चर्चा है. वहीं अनंत सिंह अपने दामाद को डिफेंडर कार देने के सवाल पर खुलकर जवाब दिया है.
शादी में दामाद को डिफेंडर और बेटे को BMW कार देने की चर्चा पर अनंत सिंह ने कहा कि वे पहले भी लोगों को गाड़ियां और इनाम देते रहे हैं.
पटना. बिहार के मोकामा से जेडीयू विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी की शादी को लेकर चर्चाएं लगातार तेज हैं. 25 नवंबर को पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल स्थित उनके पैतृक गांव लदमा में होने वाली इस शादी में भव्य इंतजाम किए जा रहे हैं. शादी में दामाद को डिफेंडर और बेटे को BMW कार देने की चर्चा पर अनंत सिंह ने कहा कि वे पहले भी लोगों को गाड़ियां और इनाम देते रहे हैं. उन्होंने कहा कि उन्हें देशभर के लोग प्यार करते हैं और बड़ी संख्या में लोग शादी में शामिल होंगे.
अनंत सिंह ने कहा, “हमको देशभर के लोग प्यार करते हैं. जहानाबाद से लेकर पटना तक और पूरे देश के लोग प्यार करते हैं. हमने सभी लोगों को निमंत्रण दे दिया है. कार्ड भी सबको चला गया है. बच्चे लोग जाकर कार्ड दे आए हैं. सभी लोग हमारी बेटी की शादी में आएंगे.”
दामाद को डिफेंडर, बेटे को BMW देने पर क्या बोले?
शादी में दामाद को डिफेंडर कार देने और बेटे को BMW देने की चर्चा पर अनंत सिंह ने अपने खास अंदाज में जवाब दिया. उन्होंने कहा कि वे पहले भी गाड़ियां देते रहे हैं. इस बार भी गाड़ी देंगे. उन्होंने कहा, “हम उतना पढ़े-लिखे नहीं हैं, सीधे गाड़ी जानते हैं.” घुड़दौड़ और इनाम को लेकर हो रही चर्चा पर भी उन्होंने कहा कि वे पहले भी घुड़दौड़ कराते थे और जीतने वालों को इनाम देते थे. अब मोबाइल और पत्रकारों की संख्या बढ़ गई है, इसलिए छोटी-छोटी बातें भी ज्यादा चर्चा में आ जाती हैं.
चार लाख लोगों के इंतजाम की चर्चा, कल गांव जाएंगे अनंत सिंह
शादी में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने और करीब चार लाख लोगों के इंतजाम को लेकर भी सवाल पूछा गया. अनंत सिंह ने शादी की तैयारियों की जानकारी देते हुए कहा कि वे खुद कल गांव जाएंगे और वहां पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे. उन्होंने लोगों को शादी में आने का न्योता भी दिया और कहा कि 25 नवंबर को सभी लोग पहुंचें.
25 नवंबर को लदमा में होगी शिवांगी की शादी
दरअसल, अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी की शादी 25 नवंबर को बाढ़ अनुमंडल के लदमा गांव में होनी है. शादी को लेकर परिवार की ओर से भव्य तैयारियां की जा रही हैं. घुड़दौड़, सांस्कृतिक कार्यक्रम और मेहमानों के स्वागत की व्यवस्था को लेकर भी चर्चा है. समारोह में राजनीतिक जगत के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों की कई चर्चित हस्तियों के शामिल होने की संभावना है.