दाल-चावल से लेकर दवाओं तक, अब चुटकियों में जांचें किसमें कितना है आयरन, IIT दिल्ली ने बनाई 1.5 रुपये की किट

दाल-चावल से लेकर दवाओं तक, अब चुटकियों में जांचें किसमें कितना है आयरन, IIT दिल्ली ने बनाई 1.5 रुपये की किट


दिल्ली. खाने-पीने की चीजों में आयरन की कितनी मात्रा मौजूद है, इसका पता लगाने के लिए अब महंगे लैब टेस्ट पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं पड़ेगी. आईआईटी दिल्ली के शोधार्थी ने एक ऐसी खास टेस्टिंग किट तैयार की है, जिसकी मदद से दाल, चावल, गेहूं, नमक, जूस और यहां तक कि बच्चों के आयरन सिरप और आयरन की गोलियों में भी आयरन की मौजूदगी और उसकी मात्रा का पता लगाया जा सकता है. खास बात यह है कि इस किट की कीमत महज 1.5 रुपये बताई जा रही है. यानी बेहद कम खर्च में खाद्य पदार्थों की शुरुआती जांच की जा सकेगी.

आईआईटी दिल्ली में तैयार हुई खास किट
आईआईटी दिल्ली के सेंटर फॉर रूरल डेवलपमेंट टेक्नोलॉजी में प्रोफेसर हरि प्रसाद के मार्गदर्शन में पीएचडी कर रहे शोधार्थी अंकुर राणा और उनकी रिसर्च टीम ने इस टेस्टिंग किट को तैयार किया है. टीम का मकसद ऐसी तकनीक विकसित करना है, जिससे आम लोगों के साथ-साथ खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने वाले संस्थानों को भी कम खर्च में आयरन की जांच करने की सुविधा मिल सके.

रंग बदलते ही पता चलेगा खाने में आयरन है या नहीं
इस किट की मदद से सबसे पहले यह पता लगाया जा सकता है कि किसी खाद्य पदार्थ में आयरन मौजूद है या नहीं. इसके लिए सैंपल में गुड़ और नमक मिलाकर टेस्ट किया जाता है. अगर मिश्रण का रंग बदलता है, तो यह आयरन की मौजूदगी का संकेत देता है. वहीं, अगर रंग में कोई बदलाव नहीं आता, तो सैंपल में आयरन की पहचान नहीं हो पाती.

कलर चार्ट बताएगा कितनी मात्रा में है आयरन
सिर्फ आयरन की मौजूदगी ही नहीं, बल्कि इसकी मात्रा का भी अंदाजा लगाया जा सकता है. इसके लिए रिसर्च टीम ने एक खास कलर चार्ट तैयार किया है. टेस्ट के बाद सैंपल का रंग इस चार्ट से मिलाया जाता है. चार्ट में अलग-अलग मात्रा के हिसाब से रंग दिए गए हैं. उदाहरण के लिए, अगर सैंपल का रंग 40 mg/kg वाले हिस्से से मेल खाता है, तो उसमें आयरन की मात्रा करीब 40 mg/kg मानी जाएगी. इससे यह जांचने में मदद मिलेगी कि किसी खाद्य पदार्थ में आयरन की मात्रा कितनी है और उसमें मिलाए जाने वाले आयरन की गुणवत्ता कैसी है.

अच्छा और खराब आयरन भी पहचानने में मिलेगी मदद
इस किट की एक और खासियत आयरन के अलग-अलग सोर्स की जांच करना है. दरअसल, हर तरह का आयरन शरीर में एक समान तरीके से एब्जॉर्ब नहीं होता. कुछ तरह का आयरन शरीर आसानी से सोख लेता है, जबकि कुछ पूरी तरह एब्जॉर्ब नहीं हो पाता. इसे बायोअवेलेबिलिटी कहा जाता है. अंकुर राणा के मुताबिक, किट में दिए गए टेम्पलेट में 9 अलग-अलग सेगमेंट होते हैं. टेस्ट के दौरान मिलने वाले रंग के आधार पर आयरन के सोर्स की पहचान करने में मदद मिलती है. इससे यह समझा जा सकता है कि इस्तेमाल किया गया आयरन शरीर के लिए कितना उपयोगी हो सकता है.

2500 रुपये के लैब टेस्ट का ऑप्शन बन सकती है किट
अभी किसी खाद्य पदार्थ में आयरन की जांच कराने के लिए लैब की मदद लेनी पड़ती है. एक सैंपल की जांच पर करीब 2500 से 2600 रुपये तक खर्च हो सकते हैं. वहीं, इस नई किट की कीमत करीब 1.5 रुपये बताई गई है. ऐसे में कम लागत में शुरुआती जांच करना आसान हो सकता है. खासकर उन कंपनियों और संस्थानों के लिए यह तकनीक उपयोगी हो सकती है, जो खाद्य पदार्थों में आयरन मिलाने यानी फोर्टिफिकेशन की प्रक्रिया पर काम करते हैं. इससे यह भी जांचने में मदद मिलेगी कि खाद्य पदार्थों में तय मात्रा के अनुसार आयरन मिलाया गया है या नहीं.

पानी में मिलाकर पांच मिनट में कर सकते हैं टेस्ट
इस किट का इस्तेमाल करने का तरीका भी आसान बताया गया है. उदाहरण के लिए, अगर किसी आयरन सिरप की जांच करनी है, तो सबसे पहले 100 ml पानी एक गिलास में लेना होगा. इसके बाद उसमें सिरप की दो बूंदें डालनी होंगी. फिर किट में दी गई टैबलेट को मिलाना होगा. करीब पांच मिनट बाद मिश्रण का रंग बदलने लगेगा. रंग में बदलाव होने पर आयरन की मौजूदगी का संकेत मिलेगा. अगर मिश्रण का रंग पहले जैसा ही रहता है, तो इसका मतलब है कि टेस्ट के दौरान आयरन की पहचान नहीं हो पाई.

सोडियम, पोटैशियम और आयोडीन की भी जांच
रिसर्च टीम के मुताबिक, इस तकनीक को आगे बढ़ाकर आयरन के अलावा सोडियम, पोटैशियम, सल्फर और आयोडीन जैसे जरूरी तत्वों की जांच के लिए भी इस्तेमाल किया जा सकता है. इससे भविष्य में खाद्य पदार्थों और अन्य उत्पादों में मौजूद जरूरी पोषक तत्वों की जांच करना आसान हो सकता है.

पेटेंट मिलने के बाद कमर्शियलाइजेशन की तैयारी
अंकुर राणा के मुताबिक, इस प्रोजेक्ट पर उनकी टीम करीब ढाई साल से काम कर रहे हैं. अब इस तकनीक को पेटेंट मिल चुका है और टीम इसे कमर्शियलाइजेशन यानी बाजार में लाने की दिशा में काम कर रही है. यह प्रोजेक्ट बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन से भी जुड़ा है. रिसर्च टीम में प्रोफेसर हरि प्रसाद, सीनियर रिसर्चर और अन्य शोधार्थी शामिल हैं. अंकुर राणा को इस शोध के लिए UGC से फंडिंग मिल रही है.



Source link