दामाद को डिफेंडर, बेटे को BMW…अनंत सिंह के पास कितनी दौलत? संपत्ति का पूरा हिसाब जानकर चौंक जाएंगे

दामाद को डिफेंडर, बेटे को BMW…अनंत सिंह के पास कितनी दौलत? संपत्ति का पूरा हिसाब जानकर चौंक जाएंगे


Last Updated:

Anant Singh Assets: मोकामा विधायक अनंत सिंह अपनी बेटी शिवांगी की शादी में दामाद को करीब 3 करोड़ रुपये की लैंड रोवर डिफेंडर, बेटे के जनेऊ संस्कार पर करीब 1 करोड़ की बीएमडब्ल्यू देंगे. शादी के दिन होने वाले घुड़दौड़ के विजेताओं को इनाम में थार, मोटरसाइकिल और स्कूटी देंगे. ऐसे में अनंत सिंह के खर्च करने के शाही अंदाज की चर्चा खूब हो रही है. बेटी शिवांगी की शादी की तैयारियों के बीच एक सवाल भी उठ रहा है- आखिर अनंत सिंह के पास कितनी संपत्ति है कि वे इतने महंगे उपहार दे रहे हैं? इसका जवाब उनके 2025 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने खुद दिया है. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िए.

Zoom

अनंत सिंह की संपत्ति का पूरा हिसाब जानकर चौंक जाएंगे

पटना. बिहार के मोकामा से पूर्व विधायक और बाहुबली नेता अनंत कुमार सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह की आगामी 25 नवंबर को होने वाली शादी इस वक्त कौतूहल का विषय बनी हुई है. पटना जिले के बाढ़ स्थित उनके पैतृक गांव नदवां में होने वाले इस विवाह समारोह की भव्यता और उपहारों की फेहरिस्त ने हर किसी का ध्यान खींचा है. इस शादी में अनंत सिंह अपने होने वाले एनआरआई दामाद ऋषिकेश कुमार को लगभग 3 करोड़ रुपये की ‘लैंड रोवर डिफेंडर’ (Land Rover Defender) गाड़ी दे रहे हैं, वहीं बेटे अभिनव के उपनयन (जनेऊ) संस्कार में 1 करोड़ रुपये की लग्जरी ‘बीएमडब्ल्यू’ (BMW) कार गिफ्ट कर रहे हैं. शादी के दिन नदवां में घुड़दौड़ प्रतियोगिता रखी गई है, जीतने वालों को अनंत सिंह थार, मोटरसाइकिल और स्कूटी इनाम में देंगे.इन करोड़ों के उपहारों के बीच अब सोशल मीडिया से लेकर सियासी गलियारों तक यह चर्चा तेज हो गई है कि आखिर अनंत सिंह के पास कुल कितनी अकूत संपत्ति है.

100 करोड़ से अधिक की दौलत के मालिक हैं पति-पत्नी

चुनावी हलफनामों और अन्य विवरणों के अनुसार, अनंत सिंह और उनके परिवार के पास कुल 100 करोड़ रुपये से भी अधिक की चल-अचल संपत्ति है. पिछले साल 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान दाखिल किए गए आधिकारिक शपथ पत्र के मुताबिक, अनंत सिंह की अपनी सालाना कमाई करीब 39 लाख रुपये है, जबकि उनकी पत्नी और मोकामा की पूर्व विधायक नीलम देवी की सालाना आय करीब 88 लाख रुपये है. नेटवर्थ की बात करें तो अनंत सिंह के पास खुद कुल 37 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्ति है, जबकि उनकी पत्नी नीलम देवी उनसे भी अधिक अमीर हैं और कुल 63 करोड़ रुपये की प्रॉपर्टी की अकेली मालकिन हैं.

गाड़ियों के शौकीन अनंत सिंह का कार और शेयर कलेक्शन

अनंत सिंह को गाड़ियों और मवेशियों का कितना शौक है, यह पूरा बिहार जानता है. उनके अपने कार कलेक्शन में सबसे महंगी गाड़ी 2.70 करोड़ रुपये की ‘टोयोटा लैंड क्रूजर’ (Toyota Land Cruiser) है, जिससे वे खुद सफर करते हैं। इसके अलावा उनके पास 48 लाख रुपये की फॉर्च्यूनर और एक महिंद्रा एक्सयूवी 500 कार भी है. वहीं, उनकी पत्नी नीलम देवी के नाम पर भी इनोवा, फॉर्च्यूनर और महिंद्रा थार जैसी गाड़ियां दर्ज हैं. गाड़ियों के अलावा उन्होंने शेयर बाजार में भी बड़ा दांव खेला है. अनंत सिंह ने ‘जेवी कैपिटल’ नाम की एक निवेश फर्म के जरिए शेयर मार्केट में 10 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश कर रखा है, जिससे उनकी कुल चल संपत्ति 26 करोड़ रुपये के पार पहुंच जाती है.

पटना से लेकर दिल्ली और गुरुग्राम तक फैला है रियल एस्टेट साम्राज्य

रियल एस्टेट और जमीनों के मामले में भी इस परिवार का बड़ा दबदबा है. मोकामा विधायक ने अकेले जमीनों में 11 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया हुआ है. उनके पास पटना के बेढ़ना में 15 लाख की कृषि भूमि, पैतृक गांव नदवां में 1 करोड़ की जमीन, 4.5 लाख का एक पैतृक मकान और पटना शहर में 10 करोड़ रुपये की बेहद कीमती कमर्शियल प्रॉपर्टी है. दूसरी तरफ, उनकी पत्नी नीलम देवी के नाम पर करीब 50 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है, जिसमें देश की राजधानी दिल्ली के पॉश इलाके ग्रेटर कैलाश-2 में 2.17 करोड़ रुपये का एक आलीशान फ्लैट, पटना में 50 लाख का फ्लैट और पटना, बाढ़ और हरियाणा के गुरुग्राम (Gurugram) में फैली 13.90 करोड़ रुपये की भारी-भरकम कमर्शियल प्रॉपर्टी शामिल है.

शादी के दिन नदवां में होगी भव्य घुड़दौड़, विजेताओं को थार और बाइक

करोड़ों की गाड़ियों के काफिले और शाही संपत्तियों के अलावा अनंत सिंह के पास नदवां वाले घर में गाय, भैंसों के साथ-साथ हाथी और बेहद रेयर ब्रीड (नस्ल) के कई महंगे घोड़े भी मौजूद हैं. घोड़ों के प्रति उनके इसी बेपनाह प्यार की झलक बेटी की शादी में भी देखने को मिलेगी. आगामी 25 नवंबर को विवाह के शुभ दिन उनके पैतृक गांव नदवां में एक भव्य और विशाल घुड़दौड़ प्रतियोगिता (Horse Racing) का आयोजन किया जा रहा है. इस प्रतियोगिता में अव्वल आने वाले और जीतने वाले घुड़सवारों को अनंत सिंह की तरफ से ब्रांड न्यू महिंद्रा थार गाड़ी, चमचमाती मोटरसाइकिल और स्कूटी जैसे शानदार इनाम दिए जाएंगे, जिसे देखने के लिए लाखों लोगों की भीड़ जुटने की उम्मीद है.



Source link