Last Updated:
Chhath Puja Special Train: छठ पूजा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने कई स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया है. स्टेशनों पर जो व्यवस्थाएं की जा रही हैं, उन स्टेशनों पर ज्यादा फोकस किया गया है, जहां पर बड़ी संख्या में यात्री आते हैं. इसमें UP के 3 स्टेशन क्राउड मैनेजमेंट प्लान में शामिल किए गए हैं.
गोरखपुर: छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे ने रिकॉर्ड संख्या में स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है. रेलवे प्रशासन यात्रियों की सुविधा के लिए कुल 214 विशेष ट्रेनें 2044 फेरों में चला रहा है. त्योहारों के दौरान लाखों यात्रियों की आवाजाही रहती है. पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि त्योहारों में यात्रियों की बढ़ती संख्या के अनुरूप विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं.
छठ पूजा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने सारी व्यवस्था की हुई है. सबसे पहले स्पेशल ट्रेनों की बात करें तो अभी 214 स्पेशल ट्रेनें नोटिफाई की गई हैं, जिनमें से 43 ट्रेन ऐसी हैं, जो कि पूर्वोत्तर रेलवे के स्टेशनों से शुरू हो रही हैं और बाकी जो ट्रेन हैं, वे पासिंग ट्रेन हैं, जो अलग-अलग महानगरों को जोड़ रही हैं. इन ट्रेनों के माध्यम से सभी प्रमुख डेस्टिनेशंस को कवर किया जा रहा है.
UP के ये 3 स्टेशन क्राउड मैनेजमेंट प्लान में शामिल
उन्होंने बताया कि स्टेशनों पर जो व्यवस्थाएं की जा रही हैं, उन स्टेशनों पर ज्यादा फोकस किया गया है, जहां पर बड़ी संख्या में यात्री आते हैं. अपने घरों को जाने के लिए ऐसे चार रेलवे स्टेशन आईडेंटिफाई किए गए हैं. पूर्वोत्तर रेलवे में जहां पर क्राउड मैनेजमेंट प्लान लागू किया जा रहा है, जिसमें UP के गोरखपुर, बनारस और लखनऊ जंक्शन स्टेशन शामिल हैं. इन स्टेशनों पर एडिशनल यात्री होल्डिंग एरिया बनाए जा रहे हैं. इन यात्री होल्डिंग एरिया में यात्रियों के लिए ट्रेन डिस्प्ले बोर्ड, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, टॉयलेट की व्यवस्था ड्रिंकिंग वॉटर की व्यवस्थाएं की जाएगी.
हर गतिविधि पर रेलवे प्रशासन की नजर
सुमित कुमार ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर रेलवे स्टेशनों पर आरपीएफ के जवानों की संख्या को बढ़ाया जा रहा है और एडिशनल सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जा रहे हैं, जिससे हर गतिविधि पर नजर रखा जा सके. उन्होंने दीपावली पर्व पर लोगों से अपील करते हुए कहा कि ट्रेनों में पटाखे लेकर यात्रा न करें, इससे कोई भी दुर्घटना घट सकती है और पकड़े जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी.