Last Updated:
‘महाभारत’ में भगवान श्रीकृष्ण का किरदार निभाकर घर-घर पहचान बनाने वाले नीतीश भारद्वाज फिल्म ‘रामायण’ देखकर बुरी तरह निराश हैं. हैरानी की बात यह है कि ट्रेलर देखने के बाद उन्होंने फिल्म की तारीफ करते हुए ऑस्कर तक की उम्मीद जताई थी, लेकिन पूरी फिल्म देखने के बाद उनका नजरिया पूरी तरह बदल गया. अब उन्होंने अपनी पुरानी तारीफ वापस लेते हुए फिल्म के मेकर्स पर सवाल उठाए हैं. खास तौर पर रावण के किरदार को दिखाने के तरीके से वह नाराज हैं.
नई दिल्ली. बीआर चोपड़ा के मशहूर टीवी सीरियल ‘महाभारत’ में भगवान श्रीकृष्ण का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाले अभिनेता नीतीश भारद्वाज इन दिनों फिल्म ‘रामायण’ को लेकर चर्चा में हैं. दरअसल, फिल्म देखने के बाद अभिनेता इससे काफी नाराज और निराश हैं. उन्होंने फिल्म को लेकर पहले की गई अपनी तारीफ भी वापस ले ली है. नीतीश का कहना है कि फिल्म में ऐसा कुछ भी नहीं है, जिसकी तारीफ की जा सके.
नीतीश भारद्वाज ने फिल्म को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर करते इंस्टाग्राम पोस्ट में कई बातें लिखी हैं. उनका मानना है कि रामायण सिर्फ एंटरटेनमेंट के लिए बनाई गई कोई आम कहानी नहीं है, बल्कि यह भारत की संस्कृति, आध्यात्मिक सोच और सभ्यता का अहम हिस्सा है. इस महाकाव्य से करोड़ों लोगों की आस्था जुड़ी हुई है. ऐसे में इसके किरदारों, उनके विचारों और उनके महत्व को अपनी मर्जी से बदलकर पेश करना सही नहीं है.मेरे पास उनकी तारीफ में एक शब्द नहीं है. (फोटो साभार:Instagram@nitishbharadwaj.krishna)
एक्टर ने खास तौर पर फिल्म में रावण के किरदार को जिस तरह दिखाया गया है, उस पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि भगवान विष्णु ने श्रीराम के रूप में अवतार धर्म की रक्षा करने, परंपराओं को बनाए रखने और मर्यादा स्थापित करने के लिए लिया था. लेकिन फिल्म में रावण को बेहद उदार, सामाजिक न्याय को मानने वाला और निष्पक्ष शासक दिखाया गया है. नीतीश के मुताबिक, इस तरह का चित्रण रामायण के मूल संदेश और नैतिक आधार को बदल देता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
नीतीश ने अपने बयान में साफ कहा कि वह फिल्म से बेहद दुखी और निराश हैं. उन्होंने लिखा, ‘मैं फिल्म को लेकर अपनी शुरुआती तारीफ वापस लेता हूं. मेरे पास इस फिल्म के बारे में कहने के लिए एक भी अच्छी बात नहीं है. सिर्फ शानदार वीएफएक्स दिखाने से किसी महाकाव्य की असली भावना, उसके विचार और आध्यात्मिक गहराई सामने नहीं आ सकती.’फोटो साभार-@IMDb
उन्होंने आगे कहा कि भारतीय संस्कृति और विरासत को फिल्मों में जिम्मेदारी के साथ दिखाया जाना चाहिए. उनके अनुसार, अगर किसी फिल्म की कहानी भारत के इतिहास, संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों को गलत तरीके से पेश करती है, तो उसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय सिनेमा का प्रतिनिधित्व करने का हक नहीं मिलना चाहिए.फोटो साभार-@IMDb
दिलचस्प बात यह है कि नीतीश भारद्वाज ने फिल्म का ट्रेलर देखने के बाद इसकी जमकर तारीफ की थी. उस समय उन्होंने यहां तक कहा था कि फिल्म में ऑस्कर के बेस्ट फॉरेन फिल्म कैटेगरी में जगह बनाने की अच्छी संभावना है. लेकिन पूरी फिल्म देखने के बाद उनका नजरिया पूरी तरह बदल गया.फोटो साभार-@IMDb
बता दें कि नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ‘रामायण’ 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई है. फिल्म में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण के किरदार में नजर आ रहे हैं. इसके अलावा फिल्म में रवि दुबे, अरुण गोविल और लारा दत्ता समेत कई कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं.