नई दिल्ली. रामानंद सागर की ‘रामायण’ में भगवान राम का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाले अरुण गोविल एक बार फिर इसी महाकाव्य का हिस्सा बने हैं. लेकिन इस बार वह राम नहीं, बल्कि उनके पिता राजा दशरथ के किरदार में नजर आ रहे हैं. नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ में उनकी मौजूदगी को दर्शक काफी पसंद कर रहे हैं. लेकिन कम ही लोग जानते हैं कि अरुण गोविल शुरुआत में इस रोल को निभाने के लिए तैयार नहीं थे. उन्होंने खुद इस बात का खुलासा किया है. एक्टर ने बताया कि निर्देशक नितेश तिवारी के बार-बार गुजारिश करने के बाद ही उन्होंने इस किरदार के लिए हामी भरी थी. यहां तक कि उन्हें फैसला लेने में करीब तीन महीने लग गए थे.
अरुण गोविल ने हाल ही में वैरायटी इंडिया को दिए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में बताया कि जब उन्हें फिल्म में राजा दशरथ का किरदार निभाने का प्रस्ताव मिला तो वह इसे लेकर बहुत एक्साइटेड नहीं थे. उन्हें शुरुआत में इस रोल को करने की जरूरत महसूस नहीं हुई. लेकिन निर्देशक नितेश तिवारी चाहते थे कि वह किसी भी तरह इस फिल्म का हिस्सा बनें.
तीन महीने बाद माने अरुण गोविल
एक्टर ने बताया कि नितेश तिवारी अपनी बात पर अड़े हुए थे. वह लगातार उन्हें फिल्म करने के लिए मनाते रहे. अरुण के मुताबिक, मेकर्स चाहते थे कि उनकी पुरानी टीवी सीरीज ‘रामायण’ और नई फिल्म के बीच एक खास जुड़ाव बना रहे. आखिरकार करीब तीन महीने तक सोचने के बाद उन्होंने इस रोल के लिए हां कर दी. ‘रामायण’ में दशरथ ने इंटरव्यू में बताया कि मेकर्स उनके लिए काफी कोशिश कर रहे थे. उन्होंने यह भी कहा कि फिल्म की टीम के लिए रणबीर कपूर और यश को साइन करना आसान था, लेकिन दशरथ के किरदार के लिए उन्हें मनाना काफी मुश्किल साबित हुआ.
अलग रहा एक्सपीरियंस
अरुण गोविल के लिए राजा दशरथ का किरदार निभाना एक अलग तरह का एक्सपीरियंस रहा. इसकी वजह यह भी थी कि करीब चार दशक पहले वह रामानंद सागर की ‘रामायण’ में भगवान राम बने थे. उस समय दीपिका चिखलिया ने सीता, अरविंद त्रिवेदी ने रावण और सुनील लहरी ने लक्ष्मण का रोल निभाया था. 1987 में दूरदर्शन पर शुरू हुआ यह शो आज भी दर्शकों के बीच खास जगह रखता है.
मुश्किल नहीं था रोल
अरुण ने बताया कि जब उन्होंने राम का किरदार निभाया था. तभी से दशरथ के भाव और उनके चरित्र को समझने लगे थे. इसलिए नई फिल्म में इस रोल को निभाना उनके लिए बहुत मुश्किल नहीं था. उन्होंने कहा कि दशरथ सिर्फ एक पिता नहीं, बल्कि अयोध्या के राजा भी हैं. ऐसे में बेटे को वनवास भेजने जैसे कठिन फैसले के दौरान भी उन्हें अपने पद की मर्यादा बनाए रखनी होती है.
लोग तुलना करते हैं, जो सही नहीं: अरुण गोविल
फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम का रोल निभा रहे हैं. उनके लुक और एक्टिंग की तुलना अकसर अरुण गोविल के राम वाले किरदार से की जा रही है. इस पर भी एक्टर ने अपनी राय रखी. उन्होंने कहा कि उनके निभाए राम का किरदार आज भी लोगों के दिलों में बसा हुआ है. यही वजह है कि दर्शक किसी दूसरे एक्टर को उसी रोल में देखकर तुलना करने लगते हैं. उनका मानना है कि हर कलाकार का अपना अलग अंदाज होता है और किसी की तुलना दूसरे से नहीं करनी चाहिए. उन्होंने रणबीर को अच्छा एक्टर और अच्छा इंसान बताया. साथ ही कहा कि उन्हें लगता है कि रणबीर ने अपने तरीके से इस किरदार को समझा और निभाया होगा.
आज भी लोग कहते हैं रामजी
एक्टर ने यह भी बताया कि उत्तर और मध्य भारत में आज भी मेलों और आयोजनों में भगवान राम की जो तस्वीरें बिकती हैं, उनमें कई बार उनका चेहरा नजर आता है. लोग आज भी उन्हें अरुण गोविल के बजाय रामजी कहकर बुलाते हैं.
5 नवंबर को रिलीज हुई है फिल्म
आपको बता दें कि नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ‘रामायण: पार्ट 1’ में रणबीर कपूर के अलावा साई पल्लवी, यश, रवि दुबे, सनी देओल, लारा दत्ता और इंदिरा कृष्णन जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं. फिल्म में साई पल्लवी सीता, यश रावण, रवि दुबे लक्ष्मण और सनी देओल हनुमान बने हैं. इसका निर्माण नमित मल्होत्रा ने किया है. फिल्म का पहला हिस्सा 5 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुआ है, जबकि दूसरा पार्ट दिवाली 2028 में रिलीज होने वाला है.