नैनीताल: उत्तराखंड की सरोवर नगरी नैनीताल में पर्यटन का अंदाज तेजी से बदल रहा है. कभी यहां 15 से 25 सदस्यों वाले बड़े संयुक्त परिवार बुजुर्गों की अगुवाई में छुट्टियां बिताने पहुंचते थे, लेकिन अब पर्यटन की तस्वीर काफी बदल गई है. नैनीझील, मालरोड और शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर अब Gen-Z (18 से 25 वर्ष) और मिलेनियल्स (Millennials 26 से 40 वर्ष) के युवा पर्यटकों की मौजूदगी अधिक दिखाई दे रही है. बदलती जीवनशैली, काम का बढ़ता दबाव, ट्रैफिक जाम और पार्किंग की समस्या ने नैनीताल में घूमने से लेकर होटल बुकिंग तक का पूरा पैटर्न बदल दिया है. अब बड़े परिवारों की जगह छोटे ग्रुप, वीकेंड ट्रिप और लास्ट मिनट बुकिंग का चलन बढ़ रहा है.
दरअसल, पहले नैनीताल घूमने आने वाले बड़े परिवार कई दिन पहले यात्रा की योजना बनाते थे. परिवार के बुजुर्ग यात्रा की तारीख, होटल और घूमने के स्थान तय करते थे। 15 से 25 लोगों के समूह के लिए कई कमरे बुक कराए जाते थे और यात्रा में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी शामिल होते थे. वहीं अब युवा पर्यटक अपनी सुविधा और समय के हिसाब से यात्रा करना पसंद कर रहे हैं. एक या दो कमरों की बुकिंग, दो से पांच दोस्तों के साथ घूमना और मौसम अनुकूल होने पर अचानक वीकेंड ट्रिप प्लान करना नया ट्रेंड बन रहा है.
जाम और पार्किंग की परेशानी से वरिष्ठ पर्यटकों ने बदला ठिकाना
नैनीताल में बढ़ते वाहनों का दबाव, पार्किंग की सीमित व्यवस्था और शहर के भीतर यातायात प्रतिबंधों का असर भी पर्यटन के बदलते स्वरूप पर दिखाई दे रहा है. खासकर वरिष्ठ नागरिकों के लिए शहर में लंबे समय तक जाम में फंसे रहना और एक स्थान से दूसरे स्थान तक पैदल पहुंचना परेशानी का कारण बन रहा है. ऐसे में कई परिवार अब मुख्य नैनीताल के बजाय भीमताल, भवाली और मुक्तेश्वर जैसे शांत पर्यटन स्थलों का रुख कर रहे हैं. यहां होमस्टे और रिजॉर्ट में ठहरकर पर्यटक प्राकृतिक खूबसूरती के बीच सुकून के पल बिताना पसंद कर रहे हैं.
छोटी ट्रिप, छोटी गाड़ियां और कमरों की सीमित बुकिंग
युवा पर्यटकों की यात्रा का तरीका भी पहले से अलग हो गया है. जहां पहले बड़े परिवार बसों और टेम्पो ट्रैवलर से नैनीताल पहुंचते थे, वहीं अब युवा निजी कारों और दोपहिया वाहनों को प्राथमिकता दे रहे हैं. कम समय में अधिक घूमने और ट्रैफिक से बचने के लिए छोटे वाहन उनके लिए सुविधाजनक विकल्प बन रहे हैं. इसके अलावा कॉर्पोरेट क्षेत्र में काम करने वाले युवा सप्ताहभर की व्यस्तता के बाद वीकेंड पर नैनीताल पहुंचकर कुछ समय प्रकृति के बीच बिताना चाहते हैं. यही वजह है कि शुक्रवार से रविवार तक युवा पर्यटकों की आवाजाही बढ़ती दिखाई देती है.
युवाओं को पसंद आ रहा नैनीताल का माहौल
प्रयागराज से नैनीताल घूमने पहुंचीं युवा पर्यटक पौरवी पाठक बताती हैं कि बड़े शहरों की भागदौड़ से दूर नैनीताल युवाओं के लिए बेहतरीन जगह है. यहां खाने-पीने के कई अच्छे विकल्प हैं और ट्रैकिंग के लिए भी शानदार रास्ते मौजूद हैं. पहाड़ों से दिखाई देने वाले खूबसूरत नजारे और यहां की ठंडी आबोहवा युवाओं को आकर्षित करती है. उनके अनुसार, यहां आकर युवा ट्रैकिंग समेत कई गतिविधियों का आनंद ले सकते हैं और कुछ समय सुकून से बिता सकते हैं. वहीं मुंबई से पहुंचे युवा पर्यटक धैर्य पटेल का कहना है कि नैनीताल घूमने-फिरने और दोस्तों के साथ समय बिताने के लिए शानदार जगह है. यहां अच्छे Airbnb, बेकरी और खाने-पीने के कई विकल्प मौजूद हैं. शहर का माहौल और यहां की खूबसूरती युवाओं को खासा आकर्षित करती है. उनका कहना है कि नैनीताल में सुकून के साथ घूमने का अलग ही अनुभव मिलता है.
युवा पर्यटकों से बढ़ रही पर्यटन कारोबार की रफ्तार
नैनीताल होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह बिष्ट के मुताबिक, शहर में पर्यटन का ट्रेंड बदला है, वीकेंड पर बड़ी संख्या में Gen-Z और Millennials नैनीताल पहुंच रहे हैं. खासकर कॉर्पोरेट क्षेत्र में काम करने वाले युवा सप्ताहांत में घूमने के लिए नैनीताल को पसंद कर रहे हैं. उनका कहना है कि युवा पर्यटक अपनी पसंद के होटल, रेस्टोरेंट और अन्य गतिविधियों पर खर्च करने से भी पीछे नहीं हटते. इससे स्थानीय पर्यटन कारोबार और शहर की अर्थव्यवस्था को गति मिल रही है. वहीं होटल कारोबारी राजेंद्र सिंह नेगी का मानना है कि इस बदलाव को केवल युवाओं की पसंद या गैर-जिम्मेदारी से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए.
यह बदलती जीवनशैली और काम के दबाव का परिणाम है. पहले लोगों के पास परिवार के साथ लंबी छुट्टियां बिताने का समय होता था, जबकि आज युवा कम समय में बिना मानसिक तनाव के घूमना चाहते हैं. यही वजह है कि वे बड़े समूहों के बजाय एक-दो कमरों की बुकिंग कर स्वतंत्र रूप से यात्रा करना पसंद कर रहे हैं. नैनीताल में पर्यटन का पारंपरिक पारिवारिक मॉडल अब नए दौर की यात्रा संस्कृति में बदल रहा है. छोटे ग्रुप, वीकेंड ट्रिप, ऑनलाइन बुकिंग और युवाओं की बढ़ती भागीदारी शहर के पर्यटन की नई पहचान बन रही है.