बिलासपुर. हिमाचल प्रदेश में शादी के नाम पर लोगों के साथ स्कैम हो रहे हैं. शादी करवाने के नाम पर बाद में लोगों को ठगी का शिकार होना पड़ रहा है. ताजा मामला बिलासपुर का है, जहां पर शादी से दो दिन पहले एक युवती पैसे और गहने लेकर फरार हो गई. पुलिस ने युवती को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है.
जानकारी के अनुसार, बिलासपुर जिले के भराड़ी थाने के तहत आने वाले एक गांव का यह मामला है. आरोप है कि युवती घर से करीब 16 लाख रुपये के सोने के गहने और 1.80 लाख रुपये नकदी समेटकर फरार हो गई. परिजनों की शिकायत पर हरकत में आई भराड़ी पुलिस ने उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में दबिश देकर युवती को हिरासत में लिया और उसके कब्जे से पूरा सामान बरामद कर लिया. जानकारी के अनुसार भराड़ी थाना क्षेत्र के एक युवक का विवाह
बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश के गोरखपुर की युवती से भराड़ी के युवक की शादी तय हुई थी. शादी की तैयारियों के बीच युवती को युवक की बहन के घर हटवाड़ में ठहराया गया था. छह नवंबर को शादी होनी थी. इससे पहले चार नवंबर को युवती घर से गायब हो गई और घर में रखे सोने के आभूषण और नकदी भी ले गई.
करीब 16 लाख रुपये के सोने के आभूषण और 1.80 लाख रुपये नकदी घर से गायब थे. पीड़ित परिवार ने भराड़ी थाने में शिकायत दर्ज करवाई. युवती को गाजियाबाद से पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे हिरासत में ले लिया. पुलिस ने सोने के आभूषण और 1.80 लाख रुपये की नकदी बरामद कर ली.
हिमाचल में पहले भी सामने आए हैं ऐसे मामले
गौर रहे कि हमीरपुर में शादी के कुछ घंटे बाद फरवरी 2025 में दुल्हन फरार हो गई थी. दुल्हन नकदी और गहने लेकर फरार हो गई. युवक ने शादी करवाने वाले बिचौलिए पर भी पैसे लेने और धोखाधड़ी का आरोप लगाया था.
कांगड़ा में 20 दिन ससुराल में रही, फिर गहने लेकर फरार
2025 में ही कांगड़ा के पटियालकड़ में युवक की शादी पंजाब की युवती से करवाई गई और फिर नई दुल्हन करीब 20 दिन ससुराल में रहने के बाद गहने, नकदी और अन्य कीमती सामान लेकर भाग गई. पुलिस की जांच में शादी के नाम पर ठग गिरोह का खुलासा हुआ था और पुलिस ने तीन महिलाओं और दो पुरुषों समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया.
ऊना में शादी के 14 दिन बाद 50 हजार और गहने लेकर फरार
नवंबर 2025 में ऊना जिले के बंगाणा उपमंडल के थानाकलां निवासी विनय कुमार ने पुलिस को शिकायत दी कि उसकी शादी 9 नवंबर 2025 को उत्तर प्रदेश के बरेली की युवती कशिश से हुई थी. शादी करवाने वाले बिचौलिए को 1.60 लाख रुपये दिए गए. 22 नवंबर को युवती 50 हजार रुपये और सोने-चांदी के आभूषण लेकर घर से चली गई.
हमीरपुर में एक महिला पर तीन युवकों से शादी करने का आरोप
जून 2026 में हमीरपुर के गलोड़ क्षेत्र में शीतल नाम की महिला ने शादी के नाम ठगी की. महिला ने बिलासपुर के जेजवीं, फरवरी में गलोड़ और मई में बिलासपुर के बल्हसीना में तीन शादियां की और लोगों को ठगा. युवक को शादी के बाद पत्नी के दस्तावेज फर्जी होने का पता चला. बाद में उसके जम्मू जाने के बहाने घर से निकलने और वापस नहीं लौटने का मामला सामने आया. पुलिस ने दुल्हन और बिचौलिया महिला को गिरफ्तार किया था. अब बिलासपुर में फिर मामला सामने आया है. सूबे के हमीरपुर, कांगड़ा, ऊना और बिलासपुर में शादी के नाम पर स्कैम के मामले अधिक आ रहे हैं.