Nvidia CEO Jensen Huang News: सौ बात की एक बात ये कि चीन का कौन-सा हमज़ा अली मज़ारी पकड़ा गया अमेरिका में पता चला? पकड़ा गया नहीं, कह रहे हैं कि पकड़ी गई. और ये बन गई दुनिया की सबसे बड़ी ख़बर. लेकिन दुनिया की सबसे बड़ी ख़बर जो बनी हुई वो ऐसी ख़बर है जिसके बारे में यहां ज़्यादातर पब्लिक को अंदाज़ा नहीं लग पा रहा है कि वो दुनिया की सबसे बड़ी ख़बर क्यों है? लेकिन वो समझना ज़रूरी है. इसलिए ज़रूरी है क्योंकि पूरी दुनिया ही अब बदल रही है, पूरी दुनिया में ताक़त का पलड़ा किस तरफ़ झुकेगा वो आधार ही बदल रहा है. तो सबसे पहले तो हुआ क्या है? ख़बर ये आई कि अमेरिका की कंपनी एनविडिया के CEO ने अपने सभी कर्मचारियों को संदेश लिखा कि उन्होंने अपनी पत्नी के साथ धोखा किया और वो शर्मसार हैं कि उन्होंने किसी और महिला के साथ संबंध बनाए. ख़बर ये आई थी कि जिस महिला से उनके संबंध थे वो चीन की जासूस थी, तो अपनी कंपनी के लोगों को संदेश लिख कर उन्होंने इस बात की एक तरह से पुष्टि कर दी कि उनके उस महिला के साथ संबंध तो थे.
तो ये इतनी बड़ी ख़बर क्यों थी कि पूरी दुनिया में हड़कंप मच गया? उनकी कंपनी के शेयर गिर गए वहां तक तो बात समझ में आती है लेकिन चीन पर जो ये इस तरह से जासूसी करवाने का आरोप लगा वो चीन अगर करवा रहा था तो क्यों करवा रहा था? वो कोई अमेरिका की सेना के अधिकारी तो हैं नहीं, कोई सरकारी अफ़सर तो हैं नहीं. तो ऐसे कौन-से राज़ थे जो वो दे सकते थे और वो चीन को चाहिए होंगे? एक टेक कंपनी के CEO ही तो हैं. तो ये समझने वाली बात है कि दुनिया में ताक़त की लड़ाई अब कैसे लड़ी जा रही है. तो क्या है कि पहले देशों की ताक़त इससे तय होती थी कि किसके पास कितने ख़तरनाक हथियार हैं, या किसके पास कितने परमाणु बम हैं, या किसके पास कितना तेल है, या सोना है या कोई और ऐसी चीज़ है. अब जो दुनिया बनती जा रही है वो बनती जा रही है AI की, आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस की. AI का मतलब ऐसा कंप्यूटर सिस्टम समझ लीजिये जो इंसान की तरह सीख सकता है, इंसान की तरह सोच सकता है और उसी हिसाब से फिर इंसान की तरह काम कर सकता है.
एआई से ही तय होगा भविष्य
तो अब तक कंप्यूटर क्या होते थे कि वो बहुत तेज़ी से गुणा भाग कर के काम को आसान बना देते थे. लेकिन वो करते वही थे जो इंसान ऑर्डर करता था. कंप्यूटर सोचते नहीं थे. इंटेलिजेंट नहीं होते थे. लेकिन अब आ चुका है AI, आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस. हैं तो दोनों ही मशीनें हीं. अब तक के कंप्यूटर भी मशीन ही थे, और AI वाले भी मशीन ही हैं. लेकिन अब तक किसी इंसान को कंप्यूटर का पूरा प्रोग्राम लिख कर बनाना होता था, हर क़दम का निर्देश तय करना होता है. जैसे कि अगर ये बटन दबाओ तो ये करना होगा, ये नंबर जोड़ो तो ये रिज़ल्ट निकलेगा वगैरह. कंप्यूटर ठीक वही करता है जो उसे बताया गया है. उसको फॉर्मुला बता दिया गया है वो हिसाब लगा लेता है, जैसे कि बैंक में पैसा ट्रांसफर कैसे करना है उसके क़दम उसके अंदर फ़ीड कर दिये गए हैं वो उस हिसाब से कर देता है. कोई कंप्यूटर गेम है अगर तो उसमें उसको पता है कि खिलाड़ी ने अगर ये क़दम उठाया तो गेम में ये हो जाएगा, वो क़दम उठाया तो वो हो जाएगा. अगर कुछ ऐसा हो जाए जिसके नियम उसके प्रोग्राम में लिखे नहीं हैं तो वो वहीं रुक जाता है, या ग़लत जवाब देता है.
लेकिन AI वाला कंप्यूटर सिस्टम अलग तरीक़े से काम करता है. उसको किसी इंसान की तरह से ही काम करना सिखाया जाता है. उसे कोई इंसान हर नियम नहीं बताता, बल्कि हजारों-लाखों उदाहरण दिखाए जाते हैं कि देखो ये काम पहले कैसे किए हैं लोगों ने और अब ख़ुद ही सीख जाओ कि ये कैसे होते हैं. जैसे किसी छोटे बच्चे को सैकड़ों कुत्तों और बिल्लियों की तस्वीरें दिखाकर सिखाओ और फिर एक नई तस्वीर दिखाओ तो वो समझ जाता है कि ये एक कुत्ते की तस्वीर है. ऐसे ही AI को बहुत सारा डेटा यानी जानकारी दे कर सिखाया जाता है कि फ़लां काम करने का पैटर्न क्या है. और फिर वो पैटर्न पहचानकर वो वाला काम करना सीख जाता है. एक-एक क़दम उठाने का फ़ॉर्मुला नहीं दिया जाता. उसको इंटेलिजेंट बनाया जाता है जैसे किसी इंसान की ट्रेनिंग की जाती है. इसी वजह से वो नई-नई चीजें भी कर लेता है. जैसे किसी की आवाज़ सुनकर समझ जाना, ये किसी फ़ोटो देख कर ही कोई बीमारी पकड़ लेना, इंसान जैसी बातचीत करना या अपने-आप लिखना-पढ़ना सब सीख जाता है वो. मतलब अब तक कंप्यूटर सिर्फ आदेश मानता था, जबकि AI अनुभव से खुद बेहतर होता जाता है.
एआई इंसानी दिमाग से भी आगे
इंसान भी एक्सपीरियेंस से ही सीखता है. लेकिन एक इंसान कितनी चीज़ों का एक्सपीरियेंस ले लेगा? एक इंसान कितनी किताबें पढ़ कर समझ लेगा? आख़िर इंसान के दिमाग़ की एक लिमिट है, उसकी याददाश्त की भी एक लिमिट है. जबकि AI कंप्यूटर सिस्टम की जानकारी पचाने की कोई लिमिट ही नहीं. उसको पूरी लाइब्रेरी की किताबें पढ़ा दो चाहे तो. उसको कितने ही तरह के काम करने के तरीक़े सिखा दो. बस बिजली से भी तेज़ चलने वाला सर्किट चाहए उसको जो सब कुछ अपने अंदर समेट सके. और ये ताक़त देते हैं बहुत ही एडवांस्ड क़िस्म के सर्किट जो बने होते हैं बहुत ही एडवांस्ड क़िस्म की सेमिकंडक्टर चिप्स पर. ये जो AI सिस्टम की चिप्स होती हैं वही उसका दिमाग़ होती हैं. यानी जिसके पास जितनी ऐडवांस्ट AI चिप्स होंगी उसके AI का दिमाग़ उतना तेज़ होगा, उसका AI उतना ही ताक़तवर होगा. जैसे चैटजीपीटी का AI तो कई लोग इस्तेमाल कर रहे हैं आजकल, वो आपसे बात करता है, या कोई AI ऐप आपकी फ़ोटो से ही आपकी बीमारी तक पकड़ लेता है, या आजकल कारें बन रही हैं कुछ देशों में खुद चलती हैं कोई ड्राइवर ही नहीं होता, या फैक्टरी में मशीनें बिना इंसान के काम करती हैं, रोबॉट काम करते हैं, ये सब AI की वजह से हो पा रहा है.
एनविडिया क्यों है मशहूर
तो जितना AI का एक्सपीरियेंस होता जाएगा वो उतने काम करने लगेगा. पूरी सेना खड़ी की जा सकती है रोबॉट की जो ख़ुद ही फ़ैसले ले लेंगे किसी युद्ध में. ख़ुद ही सैटेलाइट चली जाएंगी अंतरिक्ष में. AI अपने आप उड़ने वाले ड्रोन चला लेगा, दुश्मन की मिसाइलों को बीच रास्ते में रोक लेगा, साइबर हमले कर देगा दुश्मन पर. सैटेलाइट की तस्वीरें, फोन कॉल, इंटरनेट का डेटा देख कर ख़ुफ़िया जानकारी ख़ुद ही पकड़ लेगा और बता देगा कि ख़तरा कहां है. नई दवाएं खोज लेगा, फैक्ट्रियों में रोबॉट से काम करवा लेगा, सालों की रिसर्च हफ़्तों में कर लेगा. तो जिस देश के पास ये ताक़त होगी वो देश दुनिया पर राज करेगा. लेकिन इस सब को करने की लिए चाहिएं वो ऐडवांस्ड चिप्स जिनसे AI के कंप्यूटर सिस्टम चलते हैं. और ऐसी चिप्स को बनाने में जो कंपनी सबसे आगे मानी जाती है वो है एनविडिया.
एनवीडिया के सीएओ ने खुद चीनी जासूस संग अफेयर की बात को कबूला है.
क्या है एनविडिया?
एनविडिया वो अमेरिकी कंपनी है जो दुनिया की सबसे ताक़तवर कंप्यूटर चिप्स बनाती है. ये चिप्स आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI के दिमाग की तरह काम करती हैं. चैटजीपीटी जैसे स्मार्ट प्रोग्रैम, या AI के वीडियो बनाने वाले टूल, गाड़ियां खुद चलाने वाले सिस्टम और कई दूसरे AI वाले काम इन्हीं चिप्स की मदद से होते हैं. इस कंपनी के मालिक और मुख्य अधिकारी हैं जेन्सेन हुआंग. वो ख़ुद ताइवान मूल के हैं लेकिन अमेरिकी नागरिक है. AI की दुनिया में बहुत बड़ा नाम है उनका. अमेरिका उनकी कंपनी की चिप्स बनाने की तकनीक चीन के हाथ में नहीं लगने देना चाहता. इसलिए अमेरिका ने 2022 से ही एनविडिया की सबसे ताक़तवर चिप्स सीधे चीन को बेचने पर रोक लगा रखी है. लेकिन आरोप ये है कि चीन इस रोक का तोड़ निकालने के लिए कई हथकंडे अपनाता है. कहते हैं कि सिंगापुर, मलेशिया, इंडोनेशिया जैसे देशों में चीन ने दूसरे नामों से कई कंपनियां खोल ली हैं जो एनविडिया की चिप्स खरीदती हैं, वहां AI के डेटा सेंटर बनाती हैं और फिर या तो चिप्स को चीन भेज देती हैं या उन डेटा सेंटरों को ही चीन की कंपनियों को किराए पर दे देती हैं.
चीन क्या जासूसी कर रहा था
- मतलब फ़र्ज़ी काग़ज़ात और बिचौलियों का जाल बिछाकर तकनीक चीन तक पहुंचाई जाती है. तो इसी की खोजबीन में अमेरिका की ख़ुफ़िया ऐजेंसियों ने नोट किया कि सिंगापुर की एक कंपनी थी मेगास्पीड नाम की.
- वो भी AI डेटा सेंटर चलाती थी और एनविडिया की बड़ी ग्राहक बन गई. और इस कंपनी ने कुछ सालों में अरबों डॉलर के एनविडिया के उपकरण खरीदे तो अमेरिकी एजेंसियों का शक हुआ. मेगास्पीड की एक उच्च अधिकारी थीं ऐलिस हुआंग. वो चीनी नागरिक थीं और कंपनी से जुड़ी थीं.
- अमेरिकी खुफिया एजेंसियों का मानना है कि चीन की जासूसी एजेंसी, मिनिस्ट्री ऑफ स्टेट सिक्योरिटी, ने ऐलिस हुआंग को भर्ती किया था. और उनका काम था एनविडिया और जेन्सेन हुआंग को अपने जाल में फंसा कर चीन के लिए एनविडिया की चिप्स और तकनीक जुटाना.
- यानी चीन ने अपनी धुरंधर हमज़ा भेज दी एनविडिया में. ऐलिस और जेन्सन में नज़दीकी रिश्ता बन गया. और अब तो जेन्सन ने मान ही लिया है कि उन्होंने अपनी पत्नी से बवफ़ाई की.
- यानी हनीट्रैप के आरोप झूठे तो थे नहीं. कितनी संवेनशील जानकारियां चीन तक पहुंचाई गईं ये तो आगे जांच में ही पता चलेगा.
आरोपों पर चीन क्या बोल रहा?
हालांकि चीन सारे आरोपों को बेबुनियाद बता रहा है. लेकिन दुनिया में ताक़त की लड़ाई अब किस लेवल पर चल रही है वो तो इस ख़बर ने साफ़ कर ही दिया है. इसलिए इसको समझना ज़रूरी है कि ये दुनिया की सबसे बड़ी ख़बर कैसे बन गई. अब लड़ाई परमाणु बम से भी कहीं आगे निकल गई है. लेकिन आज के हमज़ा भले ही अब AI वाला खेल खेल रहे हों, लेकिन जासूसी का पैंतरा वही चला गया जो सदियों से चला रहा है. मौहब्बत के जाल में फंसाकर राज़ निकलवाना. हनीट्रैप. सौ बात की एक बात.