Ramayana: ‘रामायण’ के लिए 3.5 साल तक गुपचुप चला काम, असम के 15 कारीगरों ने बनाया रणबीर का कवच, मेकर्स ने नहीं लगने दी भनक

Ramayana: ‘रामायण’ के लिए 3.5 साल तक गुपचुप चला काम, असम के 15 कारीगरों ने बनाया रणबीर का कवच, मेकर्स ने नहीं लगने दी भनक


Last Updated:

Ramayana: फिल्मों में दिखने वाली छोटी-छोटी चीजों के पीछे भी लंबी मेहनत और कई लोगों का हुनर छिपा होता है. ‘रामायण’ के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ. रणबीर कपूर के किरदार के लिए तैयार किया गया खास कवच असम के एक गांव में बुना जा रहा था. इसे बनाने वाले 15 कारीगरों को भी अंदाजा नहीं था कि उनका काम किस फिल्म का हिस्सा बनने वाला है. फिल्म रिलीज हुई तो उनके सामने यह राज खुला.

नई दिल्ली. बड़े पर्दे पर जब कोई शानदार फिल्म दिखाई जाती है तो दर्शकों का ध्यान उसके सितारों और शानदार सेट पर जाता है. कलाकारों के कपड़े और उनके लुक भी खूब चर्चा बटोरते हैं. लेकिन इन सबके पीछे कई ऐसे लोगों की मेहनत होती है, जिनके नाम दर्शकों तक नहीं पहुंच पाते. नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण: राइज ऑफ ए लीजेंड’ से जुड़ी एक ऐसी ही दिलचस्प कहानी है. फिल्म में भगवान राम बने रणबीर कपूर के कवच को तैयार करने में असम के एक छोटे से गांव के कारीगरों ने अहम भूमिका निभाई है. खास बात यह है कि इस काम को पूरा करने में करीब साढ़े तीन साल लग गए. गांव के 15 कारीगरों ने मिलकर इस खास कवच को अपने हाथों से तैयार किया. खास बात ये हैं कि ये किसके लिए तैयार हो रहा है, इसकी भनक कारीगरों भी नहीं थी. फाइल फोटो. 

नितेश तिवारी के ‘रामायण’ में एक करोड़ का सिंहासन, 1.5 करोड़ का रथ और 24 कैरेट सोने का रावण दरबार सहित कई मजेदार किस्से आपने सुने होंगे. लेकिन क्या आप जानते हैं कि रणबीर कपूर का कवच कैसे और किसने तैयार किया था. फाइल फोटो. 

ये कहानी असम के बरपेटा जिले के जेनिया बांगलीपारा गांव की है. यहां के रहने वाले मास्टर कारीगर जयनल अब्दिन ( Jaynal Abdin) ने अपनी टीम के साथ फिल्म के लिए खास कवच बनाए. उनकी टीम में कुल 15 कारीगर शामिल थे. इन सभी ने बांस की खपच्चियों यानी केन और रबर की मदद से कवच तैयार किए. जयनल अब्दिन ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में बताया कि यह काम सीधे फिल्म की प्रोडक्शन टीम से उनके पास नहीं आया था. सबसे पहले यह प्रोजेक्ट स्थानीय संस्था ग्राम उन्नयन के अब्दुल मलिक के पास पहुंचा. उन्होंने जयनल को बुलाया और काम के बारे में बताया. फोटो साभार- एएनआई

Add News18 as
Preferred Source on Google

शुरुआत में उन्हें कवच के डिजाइन और ड्रॉइंग वाली एक फाइल दी गई थी. जयनल ने डिजाइन देखने के बाद अपनी टीम से चर्चा की. उन्हें लगा कि यह काम किया जा सकता है. इसके बाद फिल्म की टीम के 5-6 लोग गांव पहुंचे. सागर नाम का एक सदस्य वहीं रुक गया. उसने कवच की नाप और डिजाइन में जरूरी बदलावों को लेकर कारीगरों की मदद की. इस प्रोजेक्ट में सबसे बड़ी चुनौती ऐसा कवच बनाना था, जिसे पहनकर कलाकार आसानी से एक्शन सीन कर सकें. शुरुआत में कारीगरों ने सिर्फ केन यानी बेंत से कवच का नमूना तैयार किया. लेकिन इसमें गर्दन और कंधों के पास फिटिंग की कुछ दिक्कतें आईं. फिल्म की टीम ने उस पर निशान लगाकर दोबारा बदलाव के लिए भेज दिया. फोटो साभार- एएनआई

कारीगरों ने जरूरी सुधार किए और फिर इसे रणबीर कपूर को पहनाकर देखा गया. लेकिन इस बार एक नई परेशानी सामने आई. शुद्ध केन से बना कवच काफी सख्त था. उसे पहनकर आसानी से हाथ-पैर हिलाना मुश्किल हो रहा था. गर्दन और कंधों पर भी दबाव पड़ रहा था. जयनल ने बताया, एक्टर को कवच काफी टाइट और सख्त लगा. इसके बाद फिल्म की टीम ने उनसे दूसरे मटेरियल का सुझाव मांगा. उन्होंने कहा कि उन्हें जो सामग्री दी जाएगी, उससे वे कवच तैयार कर सकते हैं. फाइल साभार- रेडिट

इसके बाद टीम ने उन्हें काले और हरे रंग का रबर भेजा. लेकिन केवल रबर से बुनाई करना आसान नहीं था. ऐसे में जयनल ने कॉस्ट्यूम डिजाइनर अजय से बात की. उन्होंने आधा केन और आधा रबर इस्तेमाल करने का सुझाव दिया. कॉस्ट्यूम डिजाइनर को यह आइडिया पसंद आया. इसके बाद इस डिजाइन का एक नया सैंपल तैयार किया गया. मंजूरी मिलने के बाद इसी तरीके से कवच बनाने का काम आगे बढ़ा.

जयनल ने बताया कि कभी उनसे आठ कवच मांगे जाते, तो कभी दस. शूटिंग की जरूरत के हिसाब से उन्हें जल्द से जल्द काम पूरा करना पड़ता था. करीब साढ़े तीन साल के दौरान उनकी टीम ने 30 से 35 कवच तैयार किए. कई बार मुंबई में शूटिंग के लिए कवच की तुरंत जरूरत होती थी. ऐसे में तैयार जैकेट को बरपेटा से गुवाहाटी एयरपोर्ट तक पहुंचाया जाता था. जयनल को एयरपोर्ट पर एक व्यक्ति का नंबर दिया गया था. उन्हें बस तैयार कवच उस व्यक्ति को सौंपने होते थे. इसके दो-तीन घंटे के भीतर फिल्म की टीम सामान मिलने की पुष्टि कर देती थी. फाइल फोटो. 

इस पूरे काम के दौरान कारीगरों को यह जानकारी नहीं थी कि वे किस फिल्म के लिए कवच बना रहे हैं. फिल्म की टीम ने उन्हें सिर्फ इतना बताया था कि ये एक फिल्म की शूटिंग के लिए तैयार किए जा रहे हैं. उन्हें प्रोजेक्ट की पहचान गोपनीय रखने के लिए कहा गया था. जयनल ने बताया कि फिल्म रिलीज होने के बाद ही उन्हें पता चला कि उनके बनाए कवच ‘रामायण’ का हिस्सा हैं. फाइल फोटो. 

उन्होंने अब तक फिल्म नहीं देखी है, लेकिन इसे देखने के लिए काफी उत्साहित हैं. उनका कहना है कि पर्दे पर अपने हाथों से बनाई चीज को देखकर उन्हें खुशी होगी. इस काम से जयनल अकेले खुश नहीं हैं. उन्हें अपनी पूरी टीम और गांव पर गर्व है. उनका मानना है कि यह पहचान सिर्फ 15 कारीगरों की नहीं, बल्कि पूरे इलाके की है. एक छोटे से गांव में तैयार हुई पारंपरिक कला अब बड़े पर्दे के जरिए दुनिया तक पहुंची है. फाइल फोटो. 

लेटेस्ट कॉमर्स डील्स, खास डिस्काउंट और बेहतरीन शॉपिंग ऑफर देखने के लिए कंपेयर इंड‍ियादेखें.



Source link