Bhai Dooj 2026: च्यूड़े पूजकर बहनें मांगती हैं भाई की लंबी उम्र, कुमाऊं में कुछ इस तरह मनाया जाता है भैया दूज

Bhai Dooj 2026: च्यूड़े पूजकर बहनें मांगती हैं भाई की लंबी उम्र, कुमाऊं में कुछ इस तरह मनाया जाता है भैया दूज


होमताजा खबरधर्म

कुमाऊं की अनोखी परंपरा, च्यूड़े पूजकर बहनें मांगती हैं भाई की लंबी उम्र

Last Updated:

Bhai Dooj 2026: देशभर में भाई दूज का त्योहार बहनें अपने भाइयों को तिलक लगाकर मनाती हैं, लेकिन उत्तराखंड के कुमाऊं में इस पर्व की एक खास परंपरा है. यहां भाई दूज को ‘दुतिया त्यार’ कहा जाता है. इस दिन बहनें भाइयों के सिर पर नए धान से तैयार च्यूड़े रखकर उनकी लंबी उम्र और खुशहाल जीवन की कामना करती हैं. खास बात यह है कि इन च्यूड़ों को घर पर पारंपरिक तरीके से धान भूनकर और ओखली में कूटकर तैयार किया जाता है. इस दौरान ‘जी रया-जागि रया’ कहकर आशीर्वाद भी दिया जाता है.

नैनीताल: देवभूमि उत्तराखंड अपनी समृद्ध लोक संस्कृति, रीति-रिवाजों और अनूठी परंपराओं के लिए देशभर में विशेष पहचान रखता है. यहां मनाए जाने वाले हर त्योहार में धार्मिक आस्था के साथ प्रकृति और स्थानीय जीवनशैली की झलक भी देखने को मिलती है. दीपावली के दो दिन बाद मनाया जाने वाला भाई दूज का पर्व भी कुमाऊं में कुछ इसी तरह खास अंदाज में मनाया जाता है. यहां भाई दूज को ‘दुतिया त्यार’ के नाम से जाना जाता है. इस दिन बहनें अपने भाइयों के सिर पर च्यूड़े पूजकर उनकी लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और खुशहाल जीवन की कामना करती हैं. च्यूड़े पूजने की यह परंपरा सदियों से कुमाऊं की लोक संस्कृति का अभिन्न हिस्सा बनी हुई है.

कुमाऊं में भाई दूज की तैयारियां दीपावली से कई दिन पहले ही शुरू हो जाती हैं. इस पर्व के लिए विशेष रूप से नए धान से च्यूड़े तैयार किए जाते हैं. च्यूड़े बनाने की प्रक्रिया भी अपने आप में पारंपरिक और खास होती है. इसके लिए दिवाली से तीन से पांच दिन पहले धान को पानी में भिगोकर रखा जाता है. इसके बाद गोवर्धन पूजा के दिन भीगे हुए धान को आग पर भूना जाता है और फिर पारंपरिक ओखली में कूटकर च्यूड़े तैयार किए जाते हैं. इस दौरान ओखली की भी पूजा की जाती है. इस पूरी प्रक्रिया में परिवार के सदस्य उत्साह के साथ शामिल होते हैं. इस तरह च्यूड़े केवल खाने की सामग्री नहीं, बल्कि नई फसल, प्रकृति और पहाड़ की कृषि संस्कृति से जुड़े प्रतीक भी बन जाते हैं.

‘जी रया-जागि रया’ का दिया जाता है आशीर्वाद

भाई दूज की सुबह घरों में पूजा-पाठ के साथ इस परंपरा की शुरुआत होती है. सबसे पहले तैयार किए गए च्यूड़ों को घर के कुलदेवता और इष्ट देवताओं को अर्पित किया जाता है. इसके बाद बहनें भाइयों को तिलक लगाकर उनकी पूजा करती हैं. भाई को आसन पर बैठाकर उनके सिर पर च्यूड़े, दूब घास और फूल चढ़ाए जाते हैं. कई स्थानों पर सरसों के तेल से दूब के तिनकों के माध्यम से तिलक लगाने की भी परंपरा है. इस दौरान बहनें अपने भाइयों की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और जीवन में सुख-समृद्धि की कामना करती हैं. घर के बड़े-बुजुर्ग भी बच्चों के सिर पर च्यूड़े रखकर उन्हें ‘जी रया, जागि रया’ का आशीर्वाद देते हैं. इस आशीर्वाद का अर्थ है कि तुम लंबी उम्र तक जीवित रहो, स्वस्थ रहो और जीवन में खूब तरक्की करो.

यमराज और यमुना की कथा से जुड़ी है परंपरा

नैनीताल निवासी प्रोफेसर ललित तिवारी बताते हैं कि कुमाऊं में च्यूड़े पूजने की परंपरा के पीछे यमराज और उनकी बहन यमुना से जुड़ी धार्मिक मान्यता प्रचलित है. पौराणिक कथा के अनुसार, यमराज अपनी बहन यमुना के घर पहुंचे थे. इस दौरान यमुना ने उनका आदर-सत्कार किया और उनके माथे पर तिलक लगाकर उनकी मंगलकामना की. प्रसन्न होकर यमराज ने अपनी बहन से वरदान मांगने को कहा, इस पर यमुना ने वरदान मांगा कि जो भी बहन इस दिन अपने भाई को तिलक लगाए और उसकी मंगलकामना करे, उसे यम का भय न रहे. मान्यता है कि यमराज ने अपनी बहन को यह वरदान दिया, इसी धार्मिक विश्वास के चलते भाई दूज पर बहनें भाइयों की लंबी उम्र और सुरक्षा के लिए पूजा करती हैं. कुमाऊं में इसी परंपरा के साथ च्यूड़े पूजने की प्रथा भी विशेष रूप से प्रचलित है.

नई फसल से जुड़ी है पहाड़ की लोक संस्कृति

कुमाऊं की यह परंपरा केवल भाई-बहन के रिश्ते तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें पहाड़ की कृषि संस्कृति और प्रकृति के प्रति आभार भी छिपा है. नए धान से तैयार च्यूड़ों को देवताओं को अर्पित करना नई फसल के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का प्रतीक माना जाता है. वहीं दूब घास का इस्तेमाल लंबी उम्र और निरंतर जीवन का प्रतीक माना जाता है. यही वजह है कि च्यूड़े पूजने की रस्म में प्रकृति से जुड़ी चीजों को विशेष महत्व दिया जाता है. समय के साथ रहन-सहन और जीवनशैली में भले ही बदलाव आया हो, लेकिन कुमाऊं के कई परिवारों में आज भी च्यूड़े तैयार करने से लेकर भाई-बहन के इस पारंपरिक अनुष्ठान तक सभी रीति-रिवाजों का पूरी श्रद्धा से पालन किया जाता है. पहाड़ों में बसे गांवों से लेकर नैनीताल जैसे शहरों तक यह परंपरा नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का काम कर रही है. यही कारण है कि कुमाऊं का भाई दूज पर्व भाई-बहन के प्रेम के साथ-साथ लोक आस्था, पारिवारिक एकता और पहाड़ी संस्कृति की अनूठी पहचान भी बन चुका है.



Source link