कानपुर में कहां बसेगा ग्रेटर कानपुर? 9 गांवों की जमीन पर नजर, 1800 एकड़ जमीन चिह्नित, रहेंगे 5 लाख लोग

कानपुर में कहां बसेगा ग्रेटर कानपुर? 9 गांवों की जमीन पर नजर, 1800 एकड़ जमीन चिह्नित, रहेंगे 5 लाख लोग


Last Updated:

Greater Kanpur : कानपुर के भविष्य को नई दिशा देने के लिए 5000 एकड़ में ग्रेटर कानपुर विकसित किया जाएगा. आधुनिक सुविधाओं, चौड़ी सड़कों, हरित क्षेत्रों और रोजगार के अवसरों से यह परियोजना शहर पर दबाव घटाएगी और विकास, निवेश व इंफ्रास्ट्रक्चर को नई मजबूती देगी. अबतक 1800 एकड़ जमीन की पहचान पूरी हो चुकी है. 

Zoom

कानपुर में बसेगा नया शहर.

कानपुर: कानपुर आने वाले कुछ सालों में बिल्कुल नए रूप में नजर आ सकता है. शहर की बढ़ती आबादी और लोगों की जरूरतों को देखते हुए अब यहां भी ग्रेटर नोएडा की तर्ज पर एक नया शहर बसाने की तैयारी चल रही है. इसका नाम ‘ग्रेटर कानपुर’ रखा गया है. करीब 5000 एकड़ में बनने वाली इस नई सिटी में लगभग 5 लाख लोगों को बसाने की योजना है. यानी आने वाले समय में कानपुर को एक नया और आधुनिक शहर मिलने जा रहा है. कानपुर विकास प्राधिकरण (KDA) ने इस योजना पर काम तेज कर दिया है. खास बात यह है कि इसके लिए करीब 1800 एकड़ जमीन चिह्नित भी की जा चुकी है. बाकी जमीन जुटाने के लिए किसानों से बातचीत की जा रही है. योजना पूरी होने पर यहां लोगों को घर, नौकरी, कारोबार और जरूरत की दूसरी सुविधाएं एक ही जगह मिल सकेंगी.

5000 एकड़ में बसाया जाएगा ग्रेटर कानपुर
ग्रेटर कानपुर को भीमसेन और आउटर रिंग रोड के बीच विकसित करने की योजना है. इसके लिए सेन पश्चिम पारा, सेन पूरब पारा, पतेहुरी, गोपालपुर, गंभीरपुर, कैथा, सरनेतपुर, दुर्जनपुर और इटारा समेत आसपास के गांवों की जमीन चिह्नित की जा रही है. इसमें ग्राम समाज की जमीन के साथ खाली पड़ी निजी जमीन को भी शामिल करने की तैयारी है. इस पूरे प्रोजेक्ट को तीन चरणों में पूरा करने की योजना बनाई गई है. यानी शहर को एक साथ नहीं, बल्कि जरूरत और उपलब्ध जमीन के हिसाब से धीरे-धीरे विकसित किया जाएगा.

छोटे घर से लेकर बड़े फ्लैट तक का होगा इंतजाम
इस नए शहर में हर तरह के लोगों की जरूरत का ध्यान रखने की योजना है. यहां करीब 3500 भूखंड विकसित किए जाएंगे. इनमें आवासीय, व्यावसायिक और औद्योगिक भूखंड शामिल होंगे. इसके अलावा ग्रुप हाउसिंग के तहत बहुमंजिला इमारतें भी बनाई जाएंगी. इसका फायदा यह होगा कि कम आमदनी वाले परिवारों से लेकर बड़े घर की चाह रखने वाले लोगों तक के लिए आवास के विकल्प तैयार किए जा सकेंगे. साथ ही कारोबार और उद्योग लगाने के लिए भी जगह मिलेगी.

अस्पताल, होटल और पार्क भी बनेंगे
किसी शहर को रहने लायक बनाने के लिए सिर्फ घर होना काफी नहीं है. वहां इलाज, पढ़ाई, सुरक्षा और दूसरी जरूरी सुविधाएं भी होनी चाहिए. इसी को ध्यान में रखते हुए ग्रेटर कानपुर में अस्पताल, नर्सिंग होम, होटल, पुलिस थाना और कन्वेंशन सेंटर बनाने की योजना है. इसके अलावा पेयजल, सीवर, ड्रेनेज और कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था भी की जाएगी. लोगों को खुली जगह मिल सके, इसके लिए पार्क और ग्रीन बेल्ट विकसित करने पर भी जोर रहेगा.

किसानों से बातचीत कर रहा KDA
इस योजना को जमीन पर उतारने के लिए कानपुर विकास प्राधिकरण ने जमीन जुटाने का काम शुरू कर दिया है. अब तक करीब 1800 एकड़ जमीन चिह्नित की गई है. बाकी जमीन के लिए किसानों से बातचीत चल रही है. KDA सचिव अभय पांडेय के मुताबिक, ग्रेटर कानपुर योजना के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है और किसानों से बातचीत जारी है.



Source link