Telegram Job Scam in Russia: अब रूस में फंसा रायपुर का लड़का, जबरन सेना में भर्ती का दवाब, जेल में कैद

Telegram Job Scam in Russia: अब रूस में फंसा रायपुर का लड़का, जबरन सेना में भर्ती का दवाब, जेल में कैद


रायपुर. पिछले महीने बिलासपुर की रहने वाली एक लड़की आशी ने बिलासपुर कलेक्ट्रेट में अपने भाई के लापता होने की शिकायत दर्ज करवाई थी. इसमें आशी ने दावा किया था कि उसके 21 साल के भाई विनीत कुमार दुबे को टेलीग्राम के जरिए रूस में नौकरी का ऑफर मिला था. वह रूस गया और 7 अक्टूबर के बाद से लापता था. आशी ने यह शिकायत 25 अक्टूबर को की थी. अब रायपुर के 38 साल के एक शख्स के साथ भी कुछ इस तरह की घटना घटी है. टीकेश्वर साहू नाम के इस शख्स को टेलीग्राम के जरिए नौकरी का ऑफर मिला था. अपने परिवार के बेहतर भविष्य की उम्मीद में टीकेश्वर सितंबर में रूस गए थे, लेकिन वहां वे झूठे आरोपों के एक मामले में फंस गए.

‘द इंडियन एक्सप्रेस’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, टिकेश्वर साहू को कथित तौर पर झूठे आरोपों में हिरासत में लिया गया है और उन पर यूक्रेन के खिलाफ युद्ध में रूसी सेना में शामिल होने के लिए दबाव डाला जा रहा है. उनके परिवार ने अब सरकार से मदद मांगी है ताकि उन्हें सुरक्षित भारत वापस लाया जा सके. टीकेश्वर बेहतर रोजगार की तलाश में भारत से गए थे, ताकि बाद में वे अपनी पत्नी, दो बच्चों और माता-पिता को भी रूस बुला सकें. लेकिन, वहां पहुंचने के कुछ ही दिनों बाद उन्होंने अपने परिवार को बताया कि वे जेल में हैं और उन्हें जबरन सेना में भर्ती होने के लिए मजबूर किया जा रहा है.

टीकेश्वर प्रसाद साहू की पत्नी मनोरमा ने 4 नवंबर को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला को पत्र लिखकर सरकारी हस्तक्षेप, कानूनी मदद, चिकित्सा सुविधा और अपने पति की सुरक्षित भारत वापसी की मांग की. यह मामला बिलासपुर के विनीत कुमार दुबे जैसा ही है. दोनों परिवारों का आरोप है कि भारत से रवाना होने से पहले इन लोगों को काम की प्रकृति के बारे में ठीक से नहीं बताया गया था.

टीकेश्वर प्रसाद साहू के रिश्तेदारों के अनुसार, 16 सितंबर को उनकी आखिरी बार सामान्य बातचीत हुई थी. कुछ दिनों बाद, उन्हें एक रूसी नंबर से हाथ से लिखा हुआ पत्र मिला, जिसमें साहू ने बताया कि उन्हें अवैध पदार्थों से जुड़े एक मामले में झूठा फंसाया गया है. इसके बाद हुई पांच मिनट की वीडियो कॉल ने परिवार को बहुत परेशान कर दिया. परिवार के एक सदस्य ने बताया, “वे फोन पर बहुत रो रहे थे. उन्होंने बताया कि वे जेल में हैं और उन पर रूसी सेना में शामिल होने के लिए दबाव डाला जा रहा है.”

टीकेश्वर प्रसाद रायपुर में स्टोर मैनेजर के तौर पर काम करते थे, उन्हें कथित तौर पर डिलीवरी एजेंट की नौकरी का वादा किया गया था. साथ ही, यह भरोसा भी दिया गया था कि बाद में उनके टूरिस्ट वीजा को वर्क वीजा में बदल दिया जाएगा. परिवार ने उसकी रिहाई के लिए 1.5 लाख रुपये खर्च किए परिवार ने उसकी सेहत को लेकर भी चिंता जताई है. बताया जा रहा है कि साहू को थायराइड की समस्या है और हिरासत में रहने के दौरान उसे अपनी नियमित दवाएं नहीं मिल पाई हैं. परिजनों का यह भी आरोप है कि उसके साथ मारपीट की गई है.

टीकेश्वर प्रसाद की फैमिली ने हायर किया रूसी वकील

परिवार ने एक रूसी वकील को काम पर रखा है और कानूनी फीस के तौर पर लगभग 1.5 लाख रुपये खर्च किए हैं. 22 अक्टूबर को वकील ने उन्हें बताया कि ब्लड प्रेशर बढ़ने के कारण साहू को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है. परिजनों ने भारतीय और रूसी दूतावासों, राज्य पुलिस मुख्यालय और राजनीतिक नेताओं से संपर्क किया है. इसके अलावा, उन्होंने प्रधानमंत्री के शिकायत पोर्टल के जरिए भी शिकायत दर्ज कराई है.

टीकेश्वकर प्रसाद साहू की मामले पर कार्रवाई

द इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया “हमें (साहू के मामले में) शिकायत मिली है. प्रक्रिया के अनुसार, हम इसे राज्य के गृह विभाग को भेजेंगे, जो आगे की कार्रवाई के लिए इसे विदेश मंत्रालय को भेज देगा.” परिवार अभी भी उसकी हालत और रिहाई के बारे में जानकारी मिलने का इंतजार कर रहा है.



Source link