Last Updated:
Nagaur News: नागौर में शराब ठेकेदार सुभाष की लक्ष्मी पूजा का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में सुभाष 500-500 रुपये के नोटों के करोड़ों रुपये के बंडलों से दीवार बनाकर पूजा करते नजर आ रहे हैं. इस दौरान उनकी पत्नी और बच्चे भी साथ बैठे दिखाई दे रहे हैं. नोटों की गाड़ियों के साथ की गई इस अनोखी पूजा को लेकर सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है.
नागौर के ठेकेदार ने नोटों की गड्डियों से बनाई दीवार
नागौर: नागौर जिले में दीपोत्सव के पावन पर्व पर की गई एक अनूठी लक्ष्मी पूजा में जबरदस्त चर्चा का विषय बन गई है. जिले के प्रमुख शराब ठेकेदार सुभाष द्वारा दीपावली की रात की गई महालक्ष्मी पूजा का एक वीडियो वायरल हो रही हैं. वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि ठेकेदार सुभाष ने लक्ष्मी पूजन के दौरान अपने पास करोड़ों रुपये मूल्य के 500-500 रुपये के नोटों के बंडलों की एक ऊंची दीवार खड़ी कर रखी है.
नोटों की गड्डियों की इस दीवार को पास में रखकर पूजा-अर्चना करने और उनका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के बाद से ही यह मामला हर तरफ सुर्खियां बटोर रहा है. इस दौरान ठेकेदार सुभाष के साथ उनकी पत्नी और दो बच्चे भी पूजा स्थल पर बैठे हुए नजर आ रहे हैं, जिससे यह तस्वीर इंटरनेट पर तेजी से ट्रेंड करने लगी है.
प्रशासनिक गलियारों तक तरह-तरह की चर्चाएं शुरू
जानकारी के अनुसार, सुभाष नागौर जिले के बड़े शराब कारोबारियों में गिने जाते हैं और उन्हें राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के सुप्रीमो व सांसद हनुमान बेनीवाल का भी करीबी माना जाता है. नोटों के इस अभूतपूर्व प्रदर्शन और पूजा के तरीके को लेकर सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक व प्रशासनिक गलियारों तक तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. सोशल मीडिया पर लगातार वायरल हो रहे इस वीडियो में पूजा स्थल का नजारा हर किसी को हैरान कर रहा है. लक्ष्मी माता और भगवान गणेश की प्रतिमाओं के ठीक बगल में 500 रुपये के नए नोटों के गड्डियों की बाकायदा एक दीवार बनाई है.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लगातार ट्रेंड कर रहे
सुभाष अपने पूरे परिवार के साथ इस गड्डियों की दीवार के सामने बैठकर पूरे विधि-विधान से लक्ष्मी पूजन कर रहे हैं. पूजा संपन्न होने के बाद इसका वीडियो बनाकर जैसे ही प्लेटफॉर्म्स पर साझा किया, देखते ही देखते यह अलग-अलग ग्रुप्स और चैनल्स पर वायरल हो गया और लोग इस पर अपनी तीखी व विविध प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. नागौर के ठेकेदार सुभाष का यह वीडियो सामने आने के बाद से ही वे विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लगातार ट्रेंड कर रहे हैं. इलाके में उनकी पहचान एक रसूखदार शराब कारोबारी के रूप में है.
दीये जलाकर और साधारण तरीके से मां लक्ष्मी की आराधना
इसके साथ ही राजनीतिक हलकों में उन्हें नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल का करीबी सहयोगी माना जाता है. इस बड़े पैमाने पर नकदी के खुले प्रदर्शन के सामने आने के बाद अब प्रशासनिक और आयकर विभागों की नजर भी इस वायरल वीडियो पर टिक गई है, जिससे आने वाले दिनों में कारोबारी की मुश्किलें बढ़ने की आशंका जताई जा रही है. दीपावली पर जहां लोग पारंपरिक रूप से दीये जलाकर और साधारण तरीके से मां लक्ष्मी की आराधना करते हैं, वहीं इस प्रकार करोड़ों रुपये की नकदी प्रदर्शित कर पूजा करने को लेकर आम जनता में कौतूहल और बहस का माहौल बन गया है.
लक्ष्मी पूजा की चर्चा अब पूरे राजस्थान में
कई लोग इसे ठेकेदार का निजी उल्लास और समृद्धि का प्रदर्शन बता रहे हैं, तो वहीं कई नेटिजंस इसे धन का अनुचित प्रदर्शन और पब्लिसिटी स्टंट करार दे रहे हैं. बहरहाल, नागौर से शुरू हुई नोटों की इस दीवार वाली लक्ष्मी पूजा की चर्चा अब पूरे राजस्थान में जोरों पर है.