Last Updated:
School Holiday 2026: नवंबर में त्योहारों की छुट्टियों के बीच अब छात्रों के सामने एक और सवाल है- क्या 11 नवंबर बुधवार को स्कूल जाना होगा या भाई दूज की वजह से छुट्टी मिलेगी? इस बार स्कूलों की छुट्टियों का शेड्यूल राज्य के हिसाब से अलग-अलग है. कहीं दिवाली की लंबी छुट्टियां चल रही हैं तो कहीं भाई दूज और छठ पूजा के चलते स्कूल बंद रहेंगे. बिहार में 17 नवंबर तक अवकाश का कार्यक्रम है राजस्थान में 15 नवंबर तक छुट्टियां हैं और महाराष्ट्र में भी 14 नवंबर तक स्कूल बंद रहने का शेड्यूल है.
School Holiday 11 November 2026, Bhai Dooj School Holiday 2026: बिहार में छठ तक स्कूल बंद.
Bhai Dooj, Chhath puja State Wise School Holiday 2026: नवंबर का महीना स्कूली बच्चों के लिए त्योहारों की छुट्टियां लेकर आया है लेकिन इस बार हर राज्य में स्कूल बंद रहने की तारीख एक जैसी नहीं है. दिवाली और गोवर्धन पूजा के बाद अब भाई दूज और छठ पूजा के चलते कई राज्यों में स्कूलों की छुट्टियां जारी रहेंगी. खास बात यह है कि कुछ राज्यों में दिवाली की छुट्टियों को मिलाकर लंबा ब्रेक दिया गया है जबकि कुछ जगहों पर स्कूल अलग-अलग त्योहारों के दिन ही बंद रहेंगे. ऐसे में 10 नवंबर के बाद छात्रों और अभिभावकों के मन में सबसे बड़ा सवाल है कि बुधवार 11 नवंबर को स्कूल खुलेंगे या बंद रहेंगे?
भाई दूज को लेकर भी तारीखों में अंतर देखने को मिल रहा है. कुछ राज्यों के कैलेंडर में यह त्योहार 10 नवंबर को दर्ज है जबकि कई जगहों पर 11 नवंबर को भाई दूज की छुट्टी बताई जा रही है. बिहार सरकार के कैलेंडर में चित्रगुप्त पूजा और भाई दूज का अवकाश 10 नवंबर को है जबकि कई अन्य राज्यों की छुट्टी सूची में 11 नवंबर की तारीख दी गई है. इसलिए केवल त्योहार की तारीख देखकर स्कूल बंद होने का अनुमान लगाना सही नहीं होगा. छात्रों को अपने स्कूल की ओर से जारी छुट्टी की सूची और नोटिस जरूर देखना चाहिए.
11 नवंबर को किन राज्यों में बंद रह सकते हैं स्कूल?
बुधवार 11 नवंबर को भाई दूज के अवसर पर उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर और कुछ अन्य उत्तरी राज्यों के स्कूलों में छुट्टी हो सकती है हालांकि यह छुट्टी सभी जगह एक जैसी लागू नहीं होगी. उत्तर प्रदेश में उपलब्ध छुट्टी कार्यक्रम के अनुसार 8, 9 और 11 नवंबर को स्कूल बंद रहने की जानकारी सामने आई है. पश्चिम बंगाल में भी 11 नवंबर को भाई दूज के अवसर पर छुट्टी बताई गई है. वहीं छत्तीसगढ़ में दिवाली की छुट्टियों का कार्यक्रम 6 से 11 नवंबर तक बताया गया है.दिल्ली में 11 नवंबर को स्कूलों की छुट्टी है लेकिन आप अपने स्कूल की छुट्टी का कैलेंडर जरूर देख लें इसलिए दिल्ली के अभिभावकों को स्कूल की ओर से भेजे गए संदेश या आधिकारिक नोटिस को देखकर ही बच्चों को स्कूल भेजने का फैसला करना चाहिए.
बिहार में 17 नवंबर तक स्कूलों की छुट्टी
बिहार के सरकारी स्कूलों में नवंबर में त्योहारों के चलते लंबा अवकाश रखा गया है. राज्य के शिक्षा विभाग के 2026 के अवकाश कैलेंडर के मुताबिक, दिवाली, चित्रगुप्त पूजा, भाई दूज और छठ पूजा को मिलाकर 7 नवंबर से 17 नवंबर तक छुट्टियों का कार्यक्रम है. इस दौरान सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त, परियोजना और प्राथमिक, माध्यमिक तथा उच्च माध्यमिक विद्यालयों में अवकाश निर्धारित किया गया है.बिहार सरकार के छुट्टी कैलेंडर में 10 नवंबर को चित्रगुप्त पूजा और भाई दूज का राजपत्रित अवकाश दर्ज है. वहीं छठ पूजा के लिए 15 और 16 नवंबर को छुट्टी दी गई है. 14 नवंबर को छठ पूजा के खरना के अवसर पर ऐच्छिक अवकाश भी दर्ज है. इस तरह बिहार के सरकारी स्कूलों में 17 नवंबर तक नियमित कक्षाएं नहीं चलेंगी. उपलब्ध कार्यक्रम के अनुसार स्कूल 18 नवंबर से फिर खुलने हैं.