महिलाओं की पसंद बना कवीट फल, इसकी चटनी की भी है डिमांड, जानिए कैसे बदली सरस्वती बाई की किस्मत

महिलाओं की पसंद बना कवीट फल, इसकी चटनी की भी है डिमांड, जानिए कैसे बदली सरस्वती बाई की किस्मत


Last Updated:

Saraswati Bai Fruit Business: कभी दूसरों के घरों में झाड़ू-पोंछे का काम करने वाली बुरहानपुर की सरस्वती बाई ने 2 हजार रुपए से फलों का कारोबार शुरू किया था. आज वे इस व्यवसाय से अच्छी कमाई कर आत्मनिर्भर बन चुकी हैं.

Saraswati Bai Fruit Business: कहते हैं कि अगर मन में कुछ कर गुजरने का जज्बा हो तो छोटी शुरुआत भी बड़ी सफलता का रास्ता खोल सकती है. शहर की सरस्वती बाई ने इस बात को सच साबित कर दिखाया है. कभी दूसरों के घरों में बर्तन मांजने और झाड़ू-पोंछे का काम करने वाली सरस्वती बाई आज खुद का फल कारोबार संचालित कर रही हैं. उन्होंने महज 2 हजार रुपए की छोटी सी पूंजी से पांच साल पहले फल बेचने का काम शुरू किया था. आज वे इस व्यवसाय से अच्छी कमाई कर रही हैं और आत्मनिर्भर बन चुकी हैं.

महिला ने दी जानकारी
लोकल 18 की टीम को दुकान संचालक सरस्वती बाई बताती हैं कि पहले वे दूसरों के घरों में घरेलू काम करके परिवार की आर्थिक मदद करती थीं. इसी दौरान उनके भाई से उन्हें फल बेचने के व्यवसाय की जानकारी मिली. भाई से प्रेरणा मिलने के बाद उनके मन में भी खुद का कारोबार शुरू करने का विचार आया. उन्होंने तय किया कि अब दूसरों के घरों में काम करने के बजाय अपना व्यवसाय करेंगी. इसके बाद उन्होंने अपनी बचत के 2 हजार रुपए लगाकर फलों की बिक्री शुरू कर दी. शुरुआत में उनके सामने कई तरह की परेशानियां आईं. कम पूंजी होने के कारण फल खरीदने और उन्हें बेचने में भी चुनौतियों का सामना करना पड़ा. इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और लगातार मेहनत करती रहीं. धीरे-धीरे उन्हें बाजार की समझ आने लगी. कौन सा फल किस मौसम में अधिक बिकता है और ग्राहकों की पसंद क्या है, इसका अनुभव भी उन्हें होने लगा.

मौसम के अनुसार बेचती हैं फल
आज सरस्वती बाई मौसम के अनुसार अलग-अलग प्रकार के फलों की बिक्री करती हैं. बाजार में जिस मौसम में जो फल उपलब्ध होता है, वे उसी के अनुसार अपना कारोबार चलाती हैं. वे बताती हैं कि उनके यहां महिलाओं की पसंद का कविट फल सबसे अधिक बिकता है. इस फल से स्वादिष्ट चटनी भी बनाई जाती है, जिसके कारण इसकी मांग बनी रहती है.

सरस्वती बाई का कहना है कि मेहनत और लगन से कोई भी काम छोटा नहीं होता. यदि इंसान खुद पर भरोसा रखे और लगातार प्रयास करे तो सफलता जरूर मिलती है. उनकी यह कहानी उन महिलाओं के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद अपना व्यवसाय शुरू कर आत्मनिर्भर बनना चाहती हैं.



Source link