Last Updated:
Bhai Dooj 2026 Date: भाई दूज भाई-बहन के अटूट स्नेह और विश्वास का पर्व है. इस दिन बहनें भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी आरती करती हैं और मिठाई खिलाती हैं. इस त्योहार का धार्मिक संबंध यमराज और उनकी बहन यमुना से भी जुड़ा है.
Bhai Dooj 2026 Date: दीपावली के पांच दिवसीय महापर्व का समापन भाई-बहन के प्रेम और स्नेह के प्रतीक भैया दूज के साथ होता है. कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को मनाया जाने वाला यह त्योहार यम द्वितीया के नाम से भी प्रसिद्ध है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन बहनें अपने भाई के माथे पर तिलक लगाकर उनकी सुख-समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना करती हैं.
पौराणिक कथा के मुताबिक, इस दिन यमराज अपनी बहन यमुना के घर भोजन करने पहुंचे थे. तभी से भाई दूज मनाने की परंपरा शुरू हुई. मान्यता है कि इस दिन बहन से तिलक करवाने वाले भाई को यमराज का आशीर्वाद मिलता है. आइए जानते हैं उज्जैन के ज्योतिषाचार्य आनंद भारद्वाज से भाई दूज की सही तिथि, शुभ मुहूर्त और धार्मिक महत्व.
भाई दूज 2026 कब है?
हिंदू पंचांग के अनुसार, इस साल द्वितीया तिथि 10 नवंबर को दोपहर 2 बजे शुरू होगी और इसका समापन 11 नवंबर को दोपहर 3 बजकर 53 मिनट पर होगा. 10 नवंबर को उदया तिथि नहीं मिल रही है. इसलिए भाई दूज का पर्व 11 नवंबर दिन बुधवार को मनाया जाएगा.
भाई दूज पर तिलक करने का शुभ मुहूर्त
इस साल भाई दूज पर भाई के माथे पर तिलक करने का सर्वश्रेष्ठ मुहूर्त दोपहर में रहने वाला है. हिंदू पंचांग के अनुसार, 11 नवंबर को तिलक का शुभ मुहूर्त दोपहर 1 बजकर 10 मिनट से 3 बजकर 20 मिनट तक रहेगा.
इसलिए मनाया जाता है भाई दूज पर्व
भाई दोज का त्योहार भाई और बहन के मजबूत रिश्ते का प्रतीक है. इस दिन बहनें भाई के माथे पर तिलक लगाकर लंबी उम्र की कामना करती हैं. वहीं भाई अपनी बहन को प्रेम स्वरूप उपहार देता है. भाई दूज पर तिलक करने के बाद बहनें भाई को नारियल का गोला उपहार में देती हैं. पौराणिक मान्यता है कि जब यमराज पहली बार यमुना के घर भाई दूज पर पहुंचे थे तो बहन यमुना अपने भाई यमराज का बहुत सत्कार किया था और यमराज को नारियल उपहार में दिया था. तभी से यह परंपरा चली आ रही है..
जिन बहनों के भाई नहीं हैं, वे क्या करें?
ऐसी बहनें अपने घर या आस-पड़ोस के किसी करीबी पुरुष सदस्य को अपना भाई मानकर भाई दूज मनाती हैं. यह पिता, चाचा, भाई समान मित्र या अन्य रिश्तेदार हो सकते हैं. इससे बहन अपने स्नेह, प्रेम और सेवा भाव को व्यक्त कर सकती है और भाई का संरक्षण और आशीर्वाद भी महसूस कर सकती है. भाई दूज केवल रक्त संबंध तक सीमित नहीं रह जाता, बल्कि भावनात्मक और सांस्कृतिक जुड़ाव को भी प्रकट करता है.