शाओमी अपनी नई फ्लैगशिप स्मार्टफोन सीरीज को ग्लोबल मार्केट में लॉन्च करने की तैयारी कर रही है. कंपनी ने शाओमी 18 Pro Series की ग्लोबल लॉन्च डेट का ऐलान कर दिया है. इस सीरीज में शाओमी 18 Pro और शाओमी 18 Pro Max शामिल होंगे. दोनों फोन अलग-अलग स्क्रीन साइज के साथ आएंगे और इनमें पीछे की तरफ सेकेंडरी डिस्प्ले मिलने की बात कही गई है.
सीरीज का एक और बड़ा हाईलाइट Leica ब्रांडेड कैमरा सेटअप होगा, जिसमें दो 200MP सेंसर दिए जाएंगे. ये स्मार्टफोन सितंबर में चीन में लॉन्च हो चुके हैं. अब कंपनी इन्हें ग्लोबल मार्केट में पेश करने जा रही है.
शाओमी 18 Pro Series की ग्लोबल लॉन्च डेट
शाओमी ने पुष्टि की है कि शाओमी 18 Pro Series को 17 नवंबर को पेरिस, फ्रांस में आयोजित एक इवेंट के दौरान ग्लोबल मार्केट में पेश किया जाएगा. लॉन्च इवेंट भारतीय समय के मुताबिक शाम 6:30 बजे शुरू होगा.
कंपनी के टीजर में सीरीज के दो मॉडल्स की जानकारी दी गई है. इसमें पीछे की तरफ सेकेंडरी डिस्प्ले और दो 200MP Leica कैमरों को भी हाइलाइट किया गया है.
शाओमी 18 Pro और Pro Max के फीचर्स
चीन में लॉन्च हुए शाओमी 18 Pro और शाओमी 18 Pro Max में पीछे की तरफ सेकेंडरी AMOLED डिस्प्ले दी गई है. शाओमी 18 Pro में यह स्क्रीन 2.7 इंच की है, जबकि Pro Max में 2.9 इंच का सेकेंडरी डिस्प्ले मिलता है.
दोनों फोन की मेन स्क्रीन का साइज भी अलग है. स्टैंडर्ड Pro मॉडल में 6.4 इंच की AMOLED डिस्प्ले दी गई है, जबकि Pro Max में 6.9 इंच का बड़ा पैनल मिलता है. दोनों स्क्रीन 120Hz रिफ्रेश रेट और 4,000 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस सपोर्ट करती हैं. इनमें Privacy Display फीचर भी दिया गया है, जो साइड एंगल से स्क्रीन की जानकारी देखने को सीमित करने के लिए डिजाइन किया गया है.
परफॉर्मेंस के लिए शाओमी 18 Pro में Snapdragon 8 Elite Gen 6 चिपसेट और Pro Max में Snapdragon 8 Elite Extreme Gen 6 SoC दिया गया है. दोनों प्रोसेसर 2nm प्रोसेस पर बने हैं. चीन में इन फोन में 16GB तक LPDDR5X RAM और 1TB तक UFS 4.1 स्टोरेज मिलती है. ये Android 17 पर आधारित HyperOS 4 पर चलते हैं.
200MP के दो कैमरे और बड़ी बैटरी
दोनों फोन में ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है. इसमें OIS के साथ 200MP का मेन कैमरा, OIS वाला 200MP पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरा और 50MP का अल्ट्रावाइड कैमरा शामिल है. सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए 50MP का फ्रंट कैमरा मिलता है.
बैटरी के मामले में भी दोनों मॉडल अलग हैं. शाओमी 18 Pro में 7,000mAh की बैटरी दी गई है, जबकि Pro Max में 8,500mAh की बैटरी मिलती है. दोनों फोन 100W वायर्ड और 50W वायरलेस चार्जिंग सपोर्ट करते हैं. इसके अलावा, इनमें 27W वायर्ड रिवर्स चार्जिंग का सपोर्ट भी दिया गया है. ग्लोबल लॉन्च के दौरान कंपनी इन फोन की कीमत और बाजार में उपलब्धता से जुड़ी जानकारी साझा कर सकती है.