झुंझुनूं: किसी गांव की पहचान उसकी आबादी या भौगोलिक सीमा से नहीं, बल्कि वहां की परंपराओं, उपलब्धियों और लोगों के योगदान से बनती है. झुंझुनूं जिले का टीटनवाड़ गांव भी ऐसी ही कई विशेषताओं को अपने में समेटे हुए है. यहां की मिट्टी में देशभक्ति का जज्बा है तो व्यापार में अपनी मेहनत और ईमानदारी से पहचान बनाने का जुनून भी. देश की रक्षा करते हुए गांव के छह वीर सपूतों ने अपने प्राण न्योछावर किए हैं. वहीं, इसी गांव से निकले कई सेठों ने हैदराबाद, महाराष्ट्र, आंध्रप्रदेश और कोलकाता तक चावल, सरसों तेल और सोयाबीन के कारोबार में अपनी पहचान स्थापित की है. गांव की एक और खास पहचान करीब 750 साल पुराना बद्रीनाथ मंदिर है, जिसका निर्माण उत्तरकाशी के राजा सूर्यमल ने उत्तराखंड के बद्रीनाथ धाम की तर्ज पर करवाया था.
ग्रामीणों के अनुसार वर्ष 1750 ईस्वी में टीटाराम नाम के व्यक्ति ने इस गांव को बसाया था. उन्हीं के नाम पर गांव का नाम टीटनवाड़ पड़ा. समय के साथ गांव ने शिक्षा, सेना, व्यापार और सामाजिक सहयोग के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई. करीब 5500 की आबादी वाले इस गांव में साक्षरता दर लगभग 90 प्रतिशत बताई जाती है. जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर स्थित गांव की अर्थव्यवस्था का प्रमुख आधार खेती और नौकरी है. गांव तक आवागमन का मुख्य साधन सड़क मार्ग है.
छह वीर सपूतों ने देश के लिए दी शहादत
टीटनवाड़ को सैनिक बहुल गांव के रूप में भी जाना जाता है. यहां के युवाओं में सेना और देशसेवा के प्रति विशेष लगाव रहा है. देश की सुरक्षा करते हुए गांव के छह वीर सपूतों ने अपने प्राणों की आहुति दी. वर्ष 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में मामराज शहीद हुए. कारगिल युद्ध में सूबेदार श्रीपाल सिंह ने सर्वोच्च बलिदान दिया. नक्सली हमले में संपत लाल शहीद हुए. अरुणाचल प्रदेश में आतंकवादी हमले के दौरान बलवीर सिंह ने वीरगति प्राप्त की. श्रीलंका में कमांडो महासिंह और पवन शहीद हुए, जबकि सिक्किम में नायब सूबेदार धर्मपाल सिंह ने देश की रक्षा करते हुए प्राण न्योछावर किए.
इन वीर सपूतों की शहादत गांव के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है. यहां की नई पीढ़ी के सामने ये नाम देशसेवा, साहस और समर्पण की मिसाल हैं.
हैदराबाद से कोलकाता तक कारोबार में बनाई पहचान
टीटनवाड़ के लोगों ने देश के अलग-अलग हिस्सों में जाकर कारोबार के क्षेत्र में भी अपनी मेहनत का लोहा मनवाया है. गांव के कई परिवारों के सेठों ने हैदराबाद, महाराष्ट्र, आंध्रप्रदेश और कोलकाता जैसे बड़े व्यापारिक केंद्रों में अपना कारोबार स्थापित किया है. चावल, सरसों तेल और सोयाबीन के कारोबार में उनकी अच्छी पहचान बनी है. गांव से निकलकर दूसरे राज्यों में व्यवसाय खड़ा करने वाले इन लोगों ने अपनी मेहनत से आर्थिक सफलता हासिल की और गांव का नाम भी रोशन किया.
उत्तरकाशी के राजा ने बनवाया था 750 साल पुराना बद्रीनाथ मंदिर
टीटनवाड़ की अनोखला की ढाणी में स्थित बद्रीनाथ मंदिर गांव की धार्मिक और ऐतिहासिक पहचान है. ग्रामीणों के अनुसार करीब 750 साल पहले उत्तरकाशी के राजा सूर्यमल ने उत्तराखंड स्थित बद्रीनाथ धाम की तर्ज पर यहां भगवान बद्रीनाथ का मंदिर बनवाया था. यह मंदिर अनोखला जोहड़ में स्थित है. हर साल अक्षय तृतीया के अवसर पर यहां विशेष पूजा-अर्चना की जाती है. मंदिर से जुड़ी मान्यताएं और परंपराएं पीढ़ियों से चली आ रही हैं. दूर-दराज से श्रद्धालु भी यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं.
भामाशाहों ने विकास कार्यों में निभाई भागीदारी
टीटनवाड़ में गांव के विकास और सामाजिक कार्यों में भामाशाहों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है. पूर्व अध्यापक दुर्गादत्त शर्मा और पूर्व सरपंच ओमप्रकाश महला के अनुसार गांव के गोयनका परिवार ने गोपीनाथ मंदिर, गेस्ट हाउस, स्कूल भवन की मरम्मत, शौचालय निर्माण, खेल मैदान की चारदीवारी सहित विभिन्न कार्यों पर करीब 30 लाख रुपए खर्च किए हैं. वहीं भामाशाह सांवरमल और महेश राज ने पीएचसी भवन, भूमि, धर्मशाला और कुएं जैसे निर्माण कार्यों में सहयोग दिया है.
गांव में सामाजिक सहयोग की परंपरा भी देखने को मिलती है. जरूरतमंद परिवारों को शादी-विवाह के आयोजन के लिए गेस्ट हाउस निशुल्क उपलब्ध करवाया जाता है. आर्थिक रूप से कमजोर लोगों की जरूरत के समय मदद भी की जाती है. गांव के भामाशाहों का मानना है कि समाज से मिली पहचान और समृद्धि का लाभ गांव के विकास और जरूरतमंदों तक भी पहुंचना चाहिए.
नई पंचायत बनने से विकास की उम्मीदें
टीटनवाड़ के राजस्व क्षेत्र में महला टीटनवाड़ की ढाणी को नई ग्राम पंचायत बनाया गया है. इसमें नीम की ढाणी को भी शामिल किया गया है. नई पंचायत बनने से स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक कामकाज और विकास योजनाओं को गति मिलने की उम्मीद है. ग्रामीणों को आशा है कि इससे गांव और आसपास की ढाणियों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा.