Last Updated:
MBBS Admission: दिल्ली में MBBS और मेडिकल की पढ़ाई करने की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए आने वाले समय में एक नया विकल्प मिल सकता है. पश्चिमी दिल्ली के रघुबीर नगर स्थित गुरु गोबिंद सिंह सरकारी अस्पताल को मेडिकल कॉलेज के रूप में विकसित करने की योजना है. यहां MBBS की 150 और पोस्टग्रेजुएट की 40 सीटें शुरू करने का प्रस्ताव है. खास बात यह है कि इस योजना के तहत सिर्फ मेडिकल कॉलेज ही नहीं बनेगा, बल्कि अस्पताल की सुविधाओं का भी बड़े स्तर पर विस्तार होगा. 850 बेड का नया जनरल अस्पताल तैयार किया जाएगा…
Delhi Medical College 2028: एमबीबीएस की सीटें बढेंगी. (PIC: magnific)
MBBS Admission: दिल्ली में मेडिकल की पढ़ाई करने और बेहतर इलाज की सुविधा पाने की राह में आने वाले वर्षों में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. पश्चिमी दिल्ली के रघुबीर नगर स्थित गुरु गोबिंद सिंह सरकारी अस्पताल को मेडिकल कॉलेज के रूप में विकसित करने की तैयारी चल रही है. इस योजना के तहत यहां MBBS की 150 और पोस्टग्रेजुएट (PG) की 40 सीटें शुरू की जाएंगी यानी मेडिकल की पढ़ाई के लिए कुल 190 सीटें उपलब्ध कराने का प्रस्ताव है. सरकार का लक्ष्य दिसंबर 2028 तक मेडिकल कॉलेज को तैयार करना है.
इस परियोजना की खास बात यह है कि इसे केवल मेडिकल कॉलेज बनाने तक सीमित नहीं रखा गया है. इसके साथ अस्पताल की मौजूदा सुविधाओं का विस्तार और एक नया 850 बेड का जनरल अस्पताल भी बनाया जाना है. पूरी योजना तीन चरणों में पूरी होगी. इसके तहत पहले मौजूदा अस्पताल की स्वीकृत क्षमता को पूरी तरह चालू किया जाएगा फिर नया जनरल अस्पताल शुरू होगा और आखिर में मेडिकल कॉलेज तैयार किया जाएगा. स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह के सामने अधिकारियों ने इस परियोजना का प्रेजेंटेशन दिया है. इसमें मेडिकल कॉलेज के लिए दिसंबर 2028 की समयसीमा तय की गई है. सरकार का कहना है कि इस विस्तार से मेडिकल शिक्षा को बढ़ावा मिलने के साथ आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं भी मिल सकेंगी.
MBBS की 150 और PG की 40 सीटें होंगी
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक गुरु गोबिंद सिंह सरकारी अस्पताल परिसर में बनने वाले मेडिकल कॉलेज में MBBS की 150 सीटें और पोस्टग्रेजुएट कोर्स की 40 सीटें प्रस्तावित हैं. इस तरह यहां हर साल मेडिकल की पढ़ाई के लिए कुल 190 सीटें उपलब्ध कराने की योजना है. मेडिकल कॉलेज को नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) के दिशा-निर्देशों के मुताबिक तैयार किया जाएगा. कॉलेज के संचालन और पढ़ाई के लिए कुल 204 शिक्षण पदों का प्रस्ताव रखा गया है. इनमें 19 प्रोफेसर, 50 एसोसिएट प्रोफेसर और 55 असिस्टेंट प्रोफेसर शामिल होंगे. इसके अलावा 32 ट्यूटर और डेमोंस्ट्रेटर तथा 58 सीनियर रेजिडेंट के पद भी प्रस्तावित हैं. इन पदों के जरिए मेडिकल छात्रों को पढ़ाई के साथ अस्पताल में व्यावहारिक प्रशिक्षण देने की व्यवस्था की जाएगी.मेडिकल कॉलेज का निर्माण मौजूदा अस्पताल के करीब 13 एकड़ में फैले परिसर में किया जाएगा हालांकि इसे शुरू करने से पहले दोनों अस्पतालों में OPD और IPD सेवाओं को पूरी तरह चालू करना जरूरी होगा यानी पहले अस्पतालों की सुविधाओं को व्यवस्थित किया जाएगा. उसके बाद मेडिकल कॉलेज शुरू करने की दिशा में आगे बढ़ा जाएगा.
दिसंबर 2028 तक मेडिकल कॉलेज शुरू करने की तैयारी
इस योजना का तीसरा और अंतिम चरण मेडिकल कॉलेज की स्थापना से जुड़ा है. इसके लिए दिसंबर 2028 की समयसीमा रखी गई है. कॉलेज मौजूदा अस्पताल के करीब 13 एकड़ के परिसर में बनाया जाएगा.मेडिकल कॉलेज को शुरू करने के लिए एक जरूरी शर्त भी रखी गई है. दोनों अस्पतालों में OPD और IPD सेवाएं पूरी तरह चालू होने के बाद ही कॉलेज को शुरू किया जा सकेगा. मेडिकल कॉलेज शुरू होने से यहां MBBS और PG की पढ़ाई के साथ अस्पताल में मरीजों को इलाज की सुविधा भी मिलेगी. प्रस्तावित 204 शिक्षण पदों के जरिए पढ़ाई और प्रशिक्षण की जरूरतों को पूरा करने की योजना है.
दिसंबर 2026 तक सभी 572 बेड होंगे चालू
इस पूरी परियोजना का पहला चरण दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है. इसके तहत गुरु गोबिंद सिंह सरकारी अस्पताल की स्वीकृत 572 बेड की क्षमता को पूरी तरह चालू किया जाएगा. इसमें पुराने अस्पताल के 100 बेड और नए एक्सटेंशन ब्लॉक के 472 बेड शामिल हैं.472 बेड वाले एक्सटेंशन ब्लॉक का उद्घाटन सितंबर 2025 में किया गया था. हालांकि, फिलहाल इस ब्लॉक में करीब 300 बेड ही चालू हैं. बाकी बेड को भी मरीजों के लिए उपलब्ध कराने की तैयारी है. अधिकारियों के प्रेजेंटेशन के मुताबिक, इसके लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की भर्ती की जरूरत होगी. कर्मचारियों की नियुक्ति के बाद बाकी बेड भी चालू किए जाने की उम्मीद है.
दिसंबर 2027 तक 850 बेड का नया जनरल अस्पताल
परियोजना के दूसरे चरण में मौजूदा अस्पताल के सामने करीब आठ एकड़ जमीन पर 850 बेड का नया जनरल अस्पताल बनाया जाएगा. इसे दिसंबर 2027 तक चालू करने का लक्ष्य रखा गया है. अधिकारियों की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक इस अस्पताल का करीब 40 फीसदी निर्माण कार्य पूरा हो चुका है.नया भवन लोक निर्माण विभाग (PWD) की ओर से अस्पताल को सौंपे जाने के बाद यहां इलाज से जुड़ी सुविधाएं शिफ्ट की जाएंगी. योजना के मुताबिक, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़ी विशेष सेवाओं को छोड़कर बाकी सभी विभाग नए 850 बेड वाले अस्पताल में स्थानांतरित कर दिए जाएंगे.इसके बाद मौजूदा 472 बेड वाला एक्सटेंशन ब्लॉक एक विशेष मातृ एवं शिशु अस्पताल के रूप में काम करेगा. यानी इस ब्लॉक में गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं और बच्चों के इलाज पर खास ध्यान दिया जाएगा.