Last Updated:
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के अभिषेक अवस्थी ऑस्ट्रेलिया के ग्रेटर बेंडिगो शहर के मेयर बन गए हैं. वह इस पद पर पहुंचने वाले पहले भारतीय मूल के व्यक्ति हैं. उनका कार्यकाल एक वर्ष का होगा.
मंडी. हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के रहे वाले अभिषेक अवस्थी ने ऑस्ट्रेलिया में अपनी उपलब्धि से देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है. ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया राज्य में स्थित ग्रेटर बेंडिगो शहर में डिप्टी मेयर की जिम्मेदारी संभालने के बाद छोटी काशी निवासी अभिषेक अवस्थी मेयर की कुर्सी पर काबिज हुए हैं.
इसके साथ ही वह ग्रेटर बेंडिगो शहर के मेयर पद पर पहुंचने वाले पहले मूल भारतीय बन गए हैं. अवस्थी ने 9 नवंबर को ग्रेटर बेंडिगो स्थित द कैपिटल थिएटर में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह के दौरान मेयर पद की शपथ ली. इसके बाद उन्होंने आधिकारिक रूप से अपने पद का कार्यभार भी संभाला. उनका कार्यकाल एक वर्ष का रहेगा.
ऑस्ट्रेलिया के नियमों के तहत मेयर और डिप्टी मेयर का कार्यकाल एक वर्ष का रहता है, जबकि पार्षद 4 साल के लिए चुने जाते हैं. साल 2026-27 के लिए महापौर चुने जाने पर पर अभिषेक अवस्थी ने अपने सहयोगी काउंसलरों का धन्यवाद किया है. इसके साथ ही उन्होंने अपने माता-पिता व रिश्तेदारों का उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाने के लिए आभार भी व्यक्त किया है. इस अवसर पर अभिषेक के ग्रेटर बेडिंगो शहर वासियों की उम्मीदों के अनुरूप कार्य करने की भी बात कही. वहीं डिप्टी मेयर के रूप में एंड्रिया मेटकॉफ को चुना गया है.
2008 में पढ़ाई करने के लिए विदेश गए थे अभिषेक अवस्थीरू
मंडी शहर के लोअर समखेतर के रहने वाले 43 वर्षीय अवस्थी का विदेश तक पहुंचने का सफर वर्ष 2008 में शुरू हुआ था. उस दौरान वह उच्च शिक्षा हासिल करने के उद्देश्य से ऑस्ट्रेलिया गए थे. यहां उन्होंने ला ट्रॉब यूनिवर्सिटी में दाखिला मिला और बायोटेक्नोलॉजी के बाद बायोइनफॉर्मेटिक्स मास्टर की डिग्री पूरी की. इसके साथ ही वह यहां पार्ट टाइम जॉब भी करते थे. यहाँ अभिषेक ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और लगातार आगे बढ़ते रहे. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया राज्य की सरकार में कई महत्वपूर्ण पदों का दायित्व भी संभाला है.
बेटी और पत्नी के साथ रहते हैं अभिषेक
अभिषेक अवस्थी को साल 2015 में ऑस्ट्रेलिया की नागरिकता मिली है. वह वहां अपनी पत्नी अनीमा और बेटी अग्नि के साथ रह रहे हैं. अभिषेक के पिता सुरेंद्र पाल बीबीएमबी से रिटायर हुए हैं जबकि माता चंपा शर्मा गृहणी हैं. इस शपथ ग्रहण समारोह में अभिषेक अवस्थी के साथ उनके माता-पिता सहित अन्य रिश्तेदार भी शामिल रहे.
2024 में जीता था पार्षद का चुनाव, उसके बाद बने थे डिप्टी मेयर
अभिषेक अवस्थी ने ग्रेटर बेडिंगो शहर के 9 वार्डों में से केनिंगटन वार्ड से नवंबर 2024 में पार्षद का चुनाव जीता था. इसके बाद बाद वे 2024-25 के कार्यकाल के लिए ग्रेटर बेंडिगो के पहले भारतीय मूल के डिप्टी मेयर बने. इस दौरान उन्होंने तत्कालीन मेयर एंड्रिया मेटकाफ के साथ मिलकर काम किया. आस्ट्रेलिया के ग्रेटर बेडिंगो शहर में काउंसिल में कदम रखने के दो साल बाद, मेयर के रूप में अभिषेक का सर्वसम्मति से महापौर चुना जाना उनके जीवन सहित मंडी वासियों के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है.