बारिश की भेंट चढ़ा तीसरा अनौपचारिक मैच, एक भी गेंद नहीं डाल पाए बुमराह
Last Updated:
इंडिया ए बनाम न्यूजीलैंड ए के बीच तीसरा और आखिरी अनौपचारिक टेस्ट मैच बारिश के कारण धुल गया. मैच में के चौथे दिन भी लगातार बारिश होने के कारण एक भी गेंद नहीं डाला जा सका. मैच में इंडिया ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 464 रन बनाकर पारी को घोषित किया था. इसके जवाब में न्यूजीलैंड ए की टीम 2 विकेट पर 36 रन ही बना पाई.
भारत बनाम न्यूजीलैंड
नई दिल्ली: न्यूजीलैंड ए और इंडिया ए के बीच तीसरा अनौपचारिक टेस्ट मैच बारिश के कारण ड्रॉ हो गया है. पिछले दो दिनों से लगातार बारिश होने के कारण दोनों टीमों के खिलाड़ी मैदान पर नहीं उतर पाए. मुकाबले में इंडिया ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 464 रन बनाकर पारी घोषित कर दी थी. इसके जवाब में न्यूजीलैंड ए की टीम 2 विकेट पर 36 रन ही बना पाई थी, लेकिन बारिश के कारण आगे उसका खेल नहीं हो सका.
न्यूजीलैंड के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज से पहले टीम इंडिया के लिए यह अनौपचारिक मुकाबला काफी अहम था. खास तौर पर तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा और जसप्रीत बुमराह के लिए यह अच्छी प्रैक्टिस साबित होती, लेकिन बारिश ने उस पर पानी फेर दिया. जसप्रीत बुमराह इस मैच में एक भी गेंद नहीं डाल पाए. वहीं, प्रसिद्ध कृष्णा की बात करें तो उन्होंने इंडिया ‘ए’ के लिए नई गेंद से शुरुआती ओवर फेंके, जिसमें उन्हें दो सफलताएं मिलीं.
बल्लेबाजी में टीम इंडिया की तैयारी पूरी
बारिश के कारण बेशक गेंदबाजों को अच्छी प्रैक्टिस का मौका नहीं मिला, लेकिन बल्लेबाजी के मोर्चे पर सभी तैयारियां पूरी नजर आईं. तीसरे अनौपचारिक मुकाबले में इंडिया ‘ए’ के लिए ओपनर बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने दमदार 102 रनों की शतकीय पारी खेली. इंडिया ‘ए’ के लिए यशस्वी का यह लगातार दूसरा शतक था. यशस्वी जायसवाल के अलावा ओपनर बल्लेबाज साई सुदर्शन ने भी तीसरे अनौपचारिक टेस्ट में शानदार खेल का प्रदर्शन किया.
सुदर्शन ने मैच में 255 गेंदें खेलकर 88 रन बनाए. हालांकि, देवदत्त पडिक्कल इस मैच में ज्यादा रन नहीं बना पाए और 15 रन बनाकर आउट हो गए. इसके अलावा कप्तान ध्रुव जुरेल ने भी कमाल किया. ध्रुव जुरेल ने 95 गेंदों का सामना कर 71 रनों की पारी खेली. वहीं, मिडिल ऑर्डर की बात करें तो तिलक वर्मा 81 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि वाशिंगटन सुंदर ने 50 रन बनाए. इसके अलावा, रवींद्र जडेजा ने 71 गेंदों में 25 रनों की पारी खेली.